top of page
  • Writer's pictureNirmal Bhatnagar

अनुशासित रहने के 9 सूत्र - भाग 3

Oct 20, 2023

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, संयम और नियम ही किसी इंसान को अनुशासित बनाते हैं और अनुशासन उसे अपने सपनों को पूरा कर सफल बनाता है। पिछले दो दिनों में हमने ख़ुद को अनुशासित बनाने के लिए आवश्यक 9 सूत्रों में से पहले 7 सूत्र सीखे थे। आइये, आगे बढ़ने से पहले हम उन 7 सूत्रों को संक्षेप में दोहरा लेते हैं-


पहला सूत्र - लक्ष्य बनाएँ

स्पष्ट लक्ष्य आपको दिशाहीनता और कार्य टालने की प्रवृति से बचाकर जल्द सफल बनाते हैं। इसलिए हर पल यह जानने के लिए प्रयासरत रहें कि हक़ीक़त में आप क्या चाहते हैं। इस प्रश्न के जवाब में आने वाले विचारों को कागज पर लिखें और लक्ष्य के अनुरूप सोच विकसित कर योजनाबद्ध तरीक़े से कर्म करें। ऐसा करना आपको वास्तविक योजना बनाने और उस पर अनुशासित रहते हुए कार्य करने में मदद करता है।

दूसरा सूत्र - लक्ष्य पाने की स्पष्ट योजना बनाएँ

योजना के बिना समझ, क्षमता, संसाधन, समय आदि का प्रयोग उचित तरीक़े से करना और तय समय सीमा में लक्ष्यों को पाना संभव नहीं है। सही योजना बनाने के लिए पहले अपने लक्ष्यों को छोटे-छोटे भागों में विभाजित करें और उन्हें पाने के लिए समयबद्ध योजना बनाएँ। ऐसा करना आपको सफलता के लिए आवश्यक छोटे-छोटे कार्य को पहचानने में मदद देगा और आप अनुशासित रहते हुए छोटे-छोटे कदम उठाकर बड़े से बड़े लक्ष्य को पा लेंगे।

तीसरा सूत्र - मज़बूत आत्मविश्वास रखें

आत्मविश्वास का होना आधे लक्ष्य को पाने समान है। इसे बढ़ाने के लिए ख़ुद को बार-बार अपना लक्ष्य याद दिलायें और साथ ही बार-बार दोहरायें कि आप सफल होने के लिए इस दुनिया में आये हैं। इसीलिए आप महान और अच्छे हैं। ऐसा करना आपको मानसिक तौर पर मज़बूत बनाता है और आप ख़ुद की क्षमताओं पर विश्वास करना शुरू कर देते हैं।

चौथा सूत्र - जीतने के लिए आवश्यक आदत विकसित करें

आदतें किसी भी इंसान का भविष्य निर्धारित करती हैं। इसलिए जीवन को अपनी इच्छानुसार, बेहतर तरीक़े से जीने के लिये आदतों का सही होना आवश्यक है। इसलिए आत्मचिंतन और आत्ममंथन की प्रक्रिया को अपनाकर बुरी आदतों को छोड़ें और सफल होने के लिए आवश्यक आदतों को अपनायें। ऐसा करना आपको धारणा बनाने से बचाकर, दस गुना अधिक तेज़ी से लक्ष्य पाने में मदद करेगा।

पाँचवाँ सूत्र - अपने समय का सम्मान करें

‘मेरे पास समय नहीं है…’ एक ऐसा बहाना है जिसे अपने समय का सम्मान ना करने वाले लोग बनाते हैं। अगर आप इन लोगों की दिनचर्या को बारीकी से देखेंगे तो पायेंगे कि यह लोग कई घंटे तो सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते हुए बिता देते हैं। बहाना बनाने के स्थान पर टाइम ट्रैकिंग के द्वारा अपने वेस्ट होने वाले समय को पहचान कर उसे योजनानुसार उपयोग में लाना आपको अनुशासनात्मक जीवन जीने में मदद करता है। इसके साथ ही अपने सबसे मुश्किल कार्य को सबसे पहले पूर्ण करें। ऐसा करना आपको काम के साथ-साथ आनंद के साथ रहने का भी पर्याप्त मौक़ा देगा।

छठा सूत्र - छोटी शुरुआत करें

जब सभी संसाधन होंगे; पहले मैं पूरा सीख लूँ फिर काम करूँगा; जब एक साथ काम निपटाने लायक़ समय होगा तब करूँगा आदि के स्थान पर जितना संभव हो उतना कार्य तत्काल करें। अपने बड़े लक्ष्य को प्रबंधनीय तरीक़े से छोटे लक्ष्यों में बाँटना और उन्हें छोटी शुरुआत कर समय सीमा में पूरा करना आपकी प्रोडक्टिविटी को बढ़ाता है। इससे मिलने वाली आनंददायक सुखद अनुभूति आपको अनुशासनात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है।

सातवाँ सूत्र - स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें

जीवन का आनंद शारीरिक और मानसिक रूप स्व स्वस्थ रहकर ही उठाया जा सकता है। इसलिए सकारात्मक आत्म-चर्चा याने पॉजिटिव सेल्फ टॉक जैसे तरीक़ों से ख़ुद को मानसिक रूप से स्वस्थ रखें और साथ ही अच्छे ख़ान-पान और व्यायाम से शारीरिक रूप से स्वस्थ बनें। ऐसा करना आपको स्वास्थ्य के प्रति अनुशासित बनायेगा।


चलिए, अब हम ख़ुद को अनुशासित बनाये रखने के लिए आवश्यक अंतिम 2 सूत्र सीखते हैं-


आठवाँ सूत्र - जवाबदेह बनें

अपनी असफलता या नाकामियों का दोष दूसरों को देने के स्थान पर, ख़ुद को जवाबदेह मानना, आपको बेहतर बनने का मौक़ा देता है। यह आपको अपने मूड ट्रिगर्स को पहचानने में भी मदद करता है। इतना ही नहीं इससे आप अपने जीवन की कमांड अपने हाथ में लेकर, अपने भाग्य के स्वामी बन पाते हैं।

नवाँ सूत्र - संगत से रंगत बदलें

जिस तरह सभी उँगलियाँ समान नहीं होती उसी तरह हर कार्य का परिणाम समान नहीं होता। कभी आप सफल होंगे तो कभी असफल; कभी आपको मनमाफिक परिणाम मिलेंगे तो कभी आशा के विपरीत। ऐसे में सही लोगों यानी अनुशासित लोगों का साथ होना आपको कमबैक करने और एक बार फिर जीत को गले लगाने में मदद करेगा।


आशा करता हूँ दोस्तों, अनुशासित जीवन जीकर सफल होने के लिए आप उपरोक्त 9 सूत्रों को तत्काल अपनायेंगे।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

nirmalbhatnagar@dreamsachievers.com



4 views0 comments
bottom of page