अपनी विशेषताओं के साथ चलें टीम के साथ…
- Nirmal Bhatnagar

- May 20
- 2 min read
May 20, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, यह बिल्कुल सही है कि जीवन में सफलता पाने के लिए टीमवर्क बहुत जरूरी है। कोई भी व्यक्ति अकेले बहुत दूर तक नहीं जा सकता। परिवार हो, संस्था हो, व्यवसाय हो या समाज—हर जगह सहयोग की आवश्यकता होती है। लेकिन एक बहुत महत्वपूर्ण बात हमें हमेशा याद रखनी चाहिए, टीम का हिस्सा बनना अच्छी बात है, लेकिन भीड़ में अपनी पहचान खो देना अच्छी बात नहीं है। आज बहुत से लोग पूरी जिंदगी दूसरों के अनुसार जीते रहते हैं। वे वही सोचते हैं जो लोग सोचते हैं, वही करते हैं जो दुनिया कर रही होती है। धीरे-धीरे वे सफल तो दिखने लगते हैं, लेकिन भीतर से संतुष्ट नहीं होते। क्यों? क्योंकि असली संतोष सिर्फ सफलता से नहीं मिलता, वह अपनी विशिष्टता को पहचानने और उसे जीने से मिलता है।
दोस्तों, हर इंसान इस दुनिया में अलग उद्देश्य लेकर आया है। हर व्यक्ति के भीतर कोई न कोई विशेष गुण छिपा होता है। लेकिन उस विशेषता तक पहुँचना आसान नहीं होता। इसके लिए सबसे कठिन लड़ाई लड़नी पड़ती है और वह लड़ाई बाहर की दुनिया से नहीं… स्वयं से होती है। अपने आलस्य से लड़ना पड़ता है, अपने डर से लड़ना पड़ता है, अपनी असफलताओं से लड़ना पड़ता है, और कई बार उन लोगों की सोच से भी लड़ना पड़ता है जो हमें सीमित करना चाहते हैं। याद रखिए, साधारण बनना आसान है, लेकिन अपनी अलग पहचान बनाना साहस माँगता है। जब कोई व्यक्ति अपने भीतर छिपी क्षमता को पहचानकर उस दिशा में मेहनत करना शुरू करता है, तब धीरे-धीरे उसका जीवन बदलने लगता है। लेकिन इस यात्रा में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह नहीं है कि “दुनिया मेरे बारे में क्या सोचती है?” बल्कि यह है कि “क्या मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहा हूँ?”
अगर हर दिन आप स्वयं से ईमानदारी से यह प्रश्न पूछें, “क्या मैं अपनी क्षमता के अनुसार पूरी मेहनत कर रहा हूँ?” तो आपका विकास निश्चित है।
दोस्तों, टीमवर्क का अर्थ यह नहीं कि आप अपनी सोच खो दें। बल्कि इसका अर्थ है कि आप अपनी श्रेष्ठता को टीम की शक्ति बना दें। एक ऑर्केस्ट्रा में सभी वाद्ययंत्र साथ बजते हैं, लेकिन हर वाद्ययंत्र की अपनी अलग ध्वनि होती है। अगर सब एक जैसे हो जाएँ, तो संगीत समाप्त हो जाएगा। इसी तरह जीवन में भी सहयोग और विशिष्टता दोनों आवश्यक हैं। आज दुनिया को सिर्फ भीड़ का हिस्सा बनने वाले लोग नहीं चाहिए… दुनिया को ऐसे लोग चाहिए जो सहयोग भी कर सकें और अपनी मौलिकता भी बचाकर रखें।
दोस्तों, कई लोग सिर्फ इसलिए असंतुष्ट रहते हैं क्योंकि उन्होंने जीवन दूसरों की अपेक्षाओं के अनुसार जिया, अपनी आत्मा की आवाज़ के अनुसार नहीं। इसलिए अपनी तुलना दूसरों से मत कीजिए। अपनी यात्रा को पहचानिए। अपनी गति को स्वीकार कीजिए और अपने भीतर की उस आग को जगाइए जो आपको अलग बनाती है। अंत में बस एक बात, जीवन में टीम के साथ चलिए, लेकिन अपनी पहचान बनाए रखिए क्योंकि सच्ची सफलता वह नहीं जहाँ लोग सिर्फ आपका नाम याद रखें… सच्ची सफलता वह है जहाँ आपका कार्य, आपका चरित्र और आपकी विशिष्टता लोगों के जीवन को प्रेरित करने लगे और याद रखिए, संतोष हमेशा वहाँ मिलता है जहाँ व्यक्ति स्वयं का श्रेष्ठ रूप बनकर जीना शुरू कर देता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments