इंसानियत कभी हारती नहीं…

Feb 9, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, पिछले कुछ दिनों में हमने अंतराष्ट्रीय स्तर पर अनेकों बार युद्ध जैसे हालात को बहुत ही क़रीब से देखा है। लेकिन इतिहास इस बात का प्रमाण है कि युद्ध, नफ़रत और क्रूरता के बीच हमेशा इंसानियत की ही जीत होती है। आज मैं आपसे एक ऐसी सच्ची घटना साझा करता हूँ जो हमें इस बात का एहसास कराती है कि युद्ध, नफ़रत और क्रूरता के कारण आई अनिश्चितता और अँधेरे दौर में भी एक सही सवाल, एक निर्णय और एक करुणा का क्षण इतिहास की दिशा बदल सकता है।
बात नवंबर 1944 की है जब नाज़ी सेना ने पोलैंड के विद्रोह को कुचल दिया था और वारसॉ शहर अब खंडहर बन चुका था। अब वहाँ चारों ओर टूटे हुए मकान, सुनसान गलियाँ और मौत की चुप्पी नजर आ रही थी। नाज़ी सेना विद्रोही पोलैंड के बचे हुए लोगों की तलाश कर रही थी। इसी तलाश के दौरान एक जर्मन अधिकारी, कैप्टन विल्म होसेनफेल्ड की नजर इन्हीं खंडहरों में छिपे एक यहूदी व्यक्ति व्लादिस्लाव श्पिलमैन पर पड़ी। श्पिलमैन पोलैंड के एक प्रसिद्ध पियानो वादक थे और वे रेडियो पर शोपां बजाया करते थे। उस वक्त पूरा शहर उनकी बजाई धुनों पर झूमा करता था। लेकिन परिस्थितिवश आज वे एकदम कमजोर, भूखे और हड्डियों के ढाँचे समान नज़र आ रहे थे। जर्मन अधिकारी कैप्टन विल्म होसेनफेल्ड को अपने सामने देख श्पिलमैन को एहसास हो गया था कि अब उनका अंत आ गया है। लेकिन उस अधिकारी ने बंदूक उठाने के स्थान पर उससे केवल एक सवाल पूछा, “तुम यहाँ क्या कर रहे हो?” श्पिलमैन ने कांपती आवाज़ में कहा, “मैं पियानो बजाता था।” उसके जवाब ने जर्मन अधिकारी के नजरिये को बदला और उसने कोने में पड़े धूल भरे पियानो की ओर इशारा करते हुए कहा, “कुछ बजाओ।”
सोच कर देखियेगा दोस्तों, युद्ध की वजह से तबाह इमारत और उसमें जान बचाने के लिए छिपा हुआ एक भूखा इंसान, जिसने वर्षों से पियानो को छुआ तक नहीं था; फिर भी बिना कुछ कहे; बिना कुछ सोचे, उसकी उँगलियाँ अपनी स्मृतियों के आधार पर पियानो पर चलने लगीं और युद्ध के उस भयावह वातावरण में शोपां की ‘नॉक्टर्न’ धुन गूंजने लगी। उसका बजाया हर सुर इतना सटीक था कि उस खंडहर में जीवन की लहर फैल गई।
जब अंतिम स्वर थमा, तब जर्मन अधिकारी काफ़ी देर तक खामोश खड़े रहे और फिर अंत में उन्होंने एक ऐसा निर्णय लिया, जो युद्ध में सबसे बड़ा अपराध माना जाता था। उन्होंने एक यहूदी की मदद करने का निर्णय लिया और फिर अगले कई हफ्तों तक वे चोरी-छिपे पियानो वादक श्पिलमैन के लिए ब्रेड, जैम आदि लाते रहे। इतना ही नहीं उन्होंने उसके लिए कपड़ों और गर्म कोट का भी इंतजाम किया। वे जानते थे कि पकड़े जाने पर उन्हें मौत की सजा दे दी जाएगी, लेकिन उसके बाद भी वे उसकी मदद करते रहे। इतना ही नहीं वापस जाते वक्त वे हमेशा उससे कहते थे, “हिम्मत मत हारो, जल्दी ही युद्ध खत्म होने वाला है।”
कुछ दिनों बाद युद्ध समाप्त हो गया और श्पिलमैन एक बार फिर रेडियो पर लौटा। आजाद पोलैंड में उसका पहला संगीत शोपां की वही नॉक्टर्न धुन थी, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। युद्ध के पश्चात् सोवियत सेना ने जर्मन अधिकारी होसेनफेल्ड के मानवीय कार्यों को अनदेखा कर; उसे गिरफ्तार कर लिया। श्पिलमैन ने वर्षों तक उसे बचाने की असफल कोशिशें की, जैसे - नई सरकार को कई पत्र लिखे, कई अधिकारियों के दरवाज़े खटखटाए और उनके समक्ष गिड़गिड़ाए, लेकिन असफल रहे। 1952 में, होसेनफेल्ड जेल में बिना यह जाने मर गया कि जिसको उसने बचाया था, वह उसे बचाने के लिए जीवन भर लड़ता रहा।
दोस्तों, यह कहानी हमें सिखाती है कि इंसान की पहचान; उसकी वर्दी, उसका धर्म या उसका पक्ष तय नहीं करता, बल्कि उसकी पहचान; उसके चुनाव तय करते हैं। सबसे शक्तिशाली प्रतिरोध हमेशा हथियार नहीं होता। कभी-कभी वह एक सवाल होता है, कभी-कभी एक धुन और कभी-कभी करुणा। जब दुनिया नफ़रत चुनती है, और कोई एक इंसान दया चुन लेता है, तो वही क्षण इतिहास को मानव बना देता है। आज, जब चारों ओर विभाजन और क्रोध है, यह कहानी हमें याद दिलाती है, इंसानियत कभी हारती नहीं, अगर कोई उसे चुनने की हिम्मत कर ले।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments