कभी-कभी एकला चलो रे…
- Nirmal Bhatnagar

- Nov 26
- 3 min read
Nov 25, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन में अक्सर सिखाया जाता है कि टीमवर्क के बिना बड़ी सफलता पाना असंभव है और कहीं ना कहीं हमें भी यह बात सच नजर आती है। लेकिन अक्सर मैंने देखा है कि विशेष परिस्थितियों में जीवन की पूर्ण ज़िम्मेदारी अपने ऊपर लेकर, “वनमैन आर्मी” के रूप में काम करना श्रेयस्कर होता है। याने अपने सपनों को पूरा करने के लिए बिना किसी सपोर्ट, बिना किसी संसाधन और बिना किसी टीम के, अकेले ही कार्य करना होता है। मतलब आप और आपका लक्ष्य दो ही चीजें अपने जीवन और इस दुनिया को बेहतर बनाने के लिए काफ़ी होती हैं। मेरी बात से सहमत ना हों दोस्तों तो जरा इस कहानी पर गौर फ़रमाइएगा-
1990 के दशक के अंत में, जब इंटरनेट नया-नया आया था और सामान्य लोगों की नजर में इसका उपयोग मनोरंजन तक के लिए सीमित था और लोग ऑनलाइन बिज़नेस को मजाक समझा करते थे, तब एक युवा ने ज़िप2 नाम की कंपनी शुरू करने का निर्णय लिया। चूँकि विचार एकदम नया था और संसाधन सीमित इसलिए इस युवा ने वनमैन आर्मी की तरह काम करना शुरू किया। याने उसने ख़ुद कोड लिखने के साथ प्रोडक्ट बनाना, ग्राहकों से बात करना, निवेशकों को मनाना और कंपनी का फाइनेंस सम्भालना शुरू किया। काम की अधिकता के कारण अक्सर वह कई-कई हफ्तों तक ऑफिस के सोफ़े पर सोता था और YMCA में जाकर स्नान करता था।
अथक प्रयास, मेहनत, ख़ुद और प्रोडक्ट पर विश्वास और जुनून ने उसे जल्द ही सफल बनाया और उसने 1999 में Zip2 को लगभग 300 मिलियन डॉलर में बेच दिया। इस पूंजी और अनुभव के साथ इस युवा ने उपलब्ध संसाधनों के साथ आजकी सफलतम कंपनियों में से एक टेस्ला और स्पेसएक्स को जन्म दिया। जी हाँ दोस्तों, आप सही पहचान रहे हैं मैं एलन मस्क की ही बात कर रहा हूँ, जिन्होंने अपने विचारों और अपनी योग्यता पर विश्वास जताते हुए वनमैन आर्मी के रूप में कार्य किया और दुनिया की सफलतम कंपनी की स्थापना की।
अपने सपनों और विचारों को मरने से बचाने के लिए दोस्तों कई बार हमें “वनमैन आर्मी” बनना पड़ता है और हाँ, यह कमजोरी नहीं, बल्कि एक ऐसी अवस्था है जो हमें मजबूत बनाती है। संभव है कि अब आप सोच रहे हों कि किन परिस्थितियों में हमें “वनमैन आर्मी” बनने का निर्णय लेना चाहिए? तो मेरी नजर में यह निर्णय आपको निम्न परिस्थितियों में लेना चाहिए-
1) तंग समय-सीमाएँ (Tight deadlines) कई बार हमें अकेले ही पूरी ज़िम्मेदारी उठानी पड़ती है ताकि लक्ष्य समय पर पूरा हो सके।
2) सीमित संसाधन (Limited resources) जब टीम या साधन उपलब्ध नहीं होते, आपको कई भूमिकाएँ निभानी पड़ती हैं।
3) व्यक्तिगत प्रोजेक्ट या सपने कुछ लक्ष्य केवल तभी पूरे होते हैं जब आप अकेले आगे बढ़ते हैं।
4) टीम में मतभेद और तनाव कभी समस्या इतनी संवेदनशील होती है कि सिर्फ आप ही उसे सुलझा सकते हैं।
“वनमैन आर्मी” बनने के पश्चात सफलता सुनिश्चित करने के लिए निम्न कार्य करें-
1) प्राथमिकताएँ तय करें टू-डू लिस्ट और स्पष्ट टाइमलाइन बनाना आपकी सबसे बड़ी शक्ति बन सकती है।
2) संसाधनों का रचनात्मक उपयोग करें कम साधन होने का मतलब यह नहीं कि काम नहीं होगा—बल्कि दिमाग ज़्यादा खुलकर काम करेगा।
3) कौशल विकसित करें नई स्किल सीखना आपको किसी भी चुनौती के लिए तैयार करता है।
4) संचार और समाधान कौशल बढ़ाएँ टकराव से भागें नहीं—उसे समझदारी से संभालें।
अंत में इतना ही कहूँगा कि टीमवर्क महत्वपूर्ण है, लेकिन जीवन की असली परीक्षाएँ वे क्षण हैं जब आपको अकेले खड़ा होना पड़ता है और आश्चर्य की बात यह है, यही क्षण हमें सबसे ज्यादा मजबूत, सक्षम और उज्ज्वल बनाते हैं। वैसे भी दोस्तों, जब सपने बड़े हों, तो अकेले चलना भी पड़ता है और ठीक ऐसे ही क्षणों में आपका भीतर छुपा असली योद्धा जागता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments