top of page
Search

कल्पना, अनुशासन और अवेयरनेस से पाएं सफलता…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Jul 9, 2025
  • 3 min read

Jul 9, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन ने एक बार कहा था, “तर्क आपको ‘ए’ से ‘बी’ तक ले जा सकता है, लेकिन आपकी कल्पनाशक्ति आपको कहीं भी याने हर जगह ले जा सकती है।” सुनने में सामान्य से लगने वाले उनके इस कथन पर गंभीरता पूर्वक सोचा जाये तो यह सफलता के विषय में आपकी पूरी सोच को बदल सकता है। ऐसा मैं सिर्फ़ इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि सफलता के विषय में अक्सर हम सिर्फ़ तर्क और तथ्यों के आधार पर सोचते हैं, जबकि जीवन में उड़ान भरने के लिए; बड़ी सफलता के लिए कल्पनाशक्ति का होना बेहद आवश्यक है।


जी हाँ दोस्तों, कल्पना शक्ति ही हमें अपनी सीमाओं के आगे जाकर कुछ सोचने, कुछ करने की प्रेरणा और शक्ति देती है। अगर मेरी बात से सहमत ना हों तो दुनिया के सभी महान अविष्कारों, रचनाओं और सफलताओं के विषय में याद करके देख लीजिएगा, आप पायेंगे कि उन सभी के पीछे कल्पनाशील मस्तिष्क रहा है। फिर भले ही वो थॉमस एडिसन हों या राइट ब्रदर्स या फिर अब्दुल कलाम अथवा आज के दौर के कोई अन्य वैज्ञानिक या कलाकार। इन सभी का मस्तिष्क कल्पनाशील रहा है अर्थात् इन सभी लोगों ने तर्क से आगे जाकर कल्पना को अपनाया है और इस दुनिया को कुछ नया देकर बेहतर बनाया है।


लेकिन कल्पना का अकेला होना, शेख चिल्ली के हसीन सपने देखने समान हो सकता है। अगर आप उसे साकार करना चाहते हैं तो आपको आत्म-अनुशासन याने सेल्फ़ डिसिप्लिन की शक्ति को समझना होगा। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि जो हम सोचते हैं, वो ही हमारे कर्मों का आधार बनता है। इसलिए अगर हम अपने विचारों को नियंत्रित नहीं रखेंगे तो हमारा व्यवहार भी नियंत्रित नहीं होगा। इसलिए आत्म-अनुशासन याने सेल्फ डिसिप्लिन का पहला नियम, अपने विचारों पर नियंत्रण पाना है।


जब हमारा मन स्पष्ट और नियंत्रित होता है, तो हम अपने लक्ष्य की ओर सतत् प्रयास कर पाते हैं। बिना विचलित हुए, हम कल्पना को व्यवहार में ला सकते हैं और असंभव को संभव बना सकते हैं। आत्म-अनुशासन याने सेल्फ डिसिप्लिन हमें आलस्य, भटकाव और नकारात्मक सोच से दूर रखता है।


दोस्तों, कल्पना और आत्म-अनुशासन के साथ तीसरी सबसे महत्वपूर्ण चीज होती है, ‘जागरूकता’ याने ‘अवेयरनेस’। खुली आँखे केवल हमें सामने का दृश्य दिखा सकती हैं, लेकिन ‘जागृत मन’ हमें उन अवसरों और संभावनाओं को दिखाता है, जो सामान्य रूप से दिखती नहीं हैं। अर्थात् ख़ुद के प्रति, अपने विचारों के प्रति और परिस्थितियों या जीवन के प्रति सजग याने जागरूक रहना आपको नई संभावनाओं को पहचानने में मदद करता है। साथ ही जब हम जागरूक होते हैं, तब हम अपने भीतर छिपी शक्तियों को पहचान पाते हैं।


इस आधार पर कहा जाए तो जो व्यक्ति कल्पना, आत्म-अनुशासन और जागरूकता, तीनों को साध लेता है वह ना केवल अपने जीवन में बड़ा कार्य करता है; बड़ी सफलता पाता है, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन जाता है। इसलिए दोस्तों, जीवन में अगर असाधारण बनना चाहते हैं तो तर्क के दायरे से ऊपर उठकर कल्पना में जियें। अपनी कल्पना को दिशा देने के लिए आत्म-अनुशासन की जीवनशैली अपनाएं और अपने विचारों को नियंत्रित करें। इसके साथ ही हर पल जागरूक रहें क्योंकि एक जागरूक मन वह देख सकता है जो सामान्य आँखे नहीं देख पातीं। इस आधार पर कहूँ दोस्तों, तो कल्पना से उड़ान भरना, अनुशासन से उड़ते रहना और अवेयरनेस याने जागरूकता से सही दिशा में जाना ही सफलता का असली मंत्र है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page