top of page
Search

छोटी बातें ही बड़ी बातों का आधार होती हैं…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Sep 27, 2025
  • 2 min read

Sep 27, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, जीवन के विषय में एक बात बड़ी विचित्र है, इसमें अक्सर छोटी बातें, बड़ा असर करती हैं। लेकिन फिर भी अक्सर हम सोचते हैं कि ज़िंदगी में बड़ी चीज़ें ही ज़्यादा मायने रखती हैं। जैसे, बड़ी सफलता, बड़े फैसले, बड़े मौके। लेकिन हकीकत में ज़िंदगी बड़ी चीजों या बातों से नहीं बल्कि छोटी-छोटी बातों से जोड़ कर बनती है। यही छोटी बातें हमारे रिश्ते, हमारा व्यक्तित्व और हमारी सफलता तय करती हैं। चलिए जीवन को बड़ा बनाने वाली इन्हीं छोटी बातों को समझने का प्रयास करते हैं-


1) रिश्तों में छोटी बातें

अगर आपका लक्ष्य रिश्तों में शांति और स्थिरता लाना है, तो सबसे पहले छोटी-छोटी नकारात्मक बातें छोड़ें। जैसे, रिश्तों में ताना देना, बार-बार आलोचना करना, या फिर गुस्से में कटु शब्द कहना। सुनने में आपको यह बातें छोटी लग सकती है, लेकिन यकीन मानियेगा समय रहते इन पर ध्यान ना दिया जाये तो ये धीरे-धीरे रिश्तों को खोखला कर देती हैं। इसके ठीक विपरीत छोटी-छोटी सकारात्मक बातें रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए बेहद असरदार होती है। इसलिए सराहना करना, मुस्कान बाँटना, प्यार से थपकी देना और गले लगाना शुरू कीजिए। जल्द ही आप पाएंगे कि इन बातों ने आपके रिश्तों को गर्माहट से भर, और मजबूत बना दिया है।


2) व्यक्तिगत विकास में छोटी बातें

रिश्ते ही नहीं आपका व्यक्तिगत विकास भी ऐसी ही छोटी बातों पर निर्भर करता है। कई बार लोग सोचते हैं कि केवल बड़ी बातें और मेहनत ही सफलता लाती है, लेकिन सच्चाई इसके उलट है। मेरा तो मानना है कि छोटी-छोटी गलतियाँ और लापरवाहियाँ हमें पीछे खींच लेती हैं। उदाहरण के लिए, आदतन समय पर ना पहुंचना, काम को तय सीमा अनुसार पूरा ना करना, साफ़-सुथरा ना रहना और जिम्मेदारियों को टालना। संभव है अभी आपको यह बातें मामूली लग रही हो, लेकिन यकीन मानियेगा यह बातें ही आपकी छवि बनाती हैं। और यही तय करती हैं कि हमें आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे या नहीं।


3) ज़िंदगी में संतुलन बनाने वाली छोटी बातें

अगर आप संतुलित जीवन चाहते हैं तो निम्न दो छोटी बातों पर ध्यान दीजिए-

1) अपनी व्यक्तिगत ज़िंदगी में छोटे-छोटे विवरणों या बातों पर ध्यान देना शुरू कीजिए और

2) दूसरों से जुड़ते समय छोटी-छोटी ग़ैर-ज़रूरी बातों को नज़रअंदाज़ करना शुरू कीजिए।

उपरोक्त दोनों छोटी बातों का संतुलन आपको हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएगा।


4) शब्दों की ताकत

‘हाँ’ और ‘नहीं’ कहने के लिए सिर्फ़ दो छोटे शब्द हैं, लेकिन यकीन मानियेगा इन दो छोटे शब्दों में पूरी ज़िंदगी बदलने की ताक़त है। याद रखियेगा, जल्दी में “नहीं” बोल देने से हम कई अवसर खो देते हैं और देर से “हाँ” बोलने पर भी अच्छे मौके हाथ से निकल जाते हैं। इसलिए हर छोटे शब्द, हर छोटे फैसले से पहले सोचें, क्योंकि यही आपके भविष्य की दिशा तय करेंगे।


अंत में इतना ही कहूँगा दोस्तों कि छोटी बातें वास्तव में छोटी नहीं होतीं। वे रिश्तों की मजबूती, व्यक्तित्व की गहराई और सफलता की ऊँचाई तय करती हैं। इसलिए तत्काल नकारात्मक छोटी बातों को छोड़िये और सकारात्मक छोटी बातों को अपनाइए। इसके साथ ही हर छोटे से छोटे निर्णय को सजगता से लेना शुरू कीजिए क्योंकि छोटी बातें ही बड़ी बातों का आधार होती हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page