जिंदगी रोने के लिए नहीं, गाने और हंसने के लिए है…
- Nirmal Bhatnagar

- Jul 23, 2025
- 3 min read
July 23, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, हर इंसान अपने जीवन में ख़ुशी, आनंद और सुकून चाहता है, लेकिन उनमें से ज्यादातर लोग इसे पा नहीं पाते हैं। जानते हैं क्यों? क्योंकि वे इसे बाहरी परिस्थितियों को वश में करके इसे पाना चाहते हैं। जबकि खुश रहना परिस्थितियों पर नहीं बल्कि हमारी सोच और दृष्टिकोण पर निर्भर करता है। जी हाँ दोस्तों, खुश रहना एक चुनाव है और यह चुनाव पूरी तरह से हमारे हाथ में है। इसी बात को समझाते हुए ओशो ने कहा था, “हम इस दुनिया में आनंद के लिए आनंद के साथ आए हैं। दुखी, चिंतित और परेशान रहना हमारी अपनी बनाई हुई आदत है।”
दोस्तों, अक्सर हमें लगता है कि दुख और चिंता हमारे हालात की देन हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि यह हालात की नहीं बल्कि हमारे माइंडसेट की देन है। हम खुद ही जीवन के प्रति हमारा नजरिया तय करते है कि किस परिस्थिति को हमें कैसे देखना है, रोकर या मुस्कुराकर।
इसका अर्थ हुआ दोस्तों कि हर स्थिति-परिस्थिति में हमारे पास दो रास्ते होते हैं। पहला, हम उन स्थिति-परिस्थिति के लिए किसी को दोषी ठहराते हुए शिकायत करें, दुखी रहें और तनाव पालें। दूसरा, हम मुस्कुराकर उसे स्वीकार करें और समाधान खोजें। जो लोग दूसरा रास्ता चुनते हैं, वही जीवन के असली विजेता होते हैं।
दोस्तों, जीवन दो पलों का है। इसमें अगर हम हर समय दुख और तनाव में रहेंगे, तो हम अपनी ही जिंदगी के रंग फीके कर देंगे। इसलिए खुश रहने के लिए कारण खोजने मत बैठिए, बस खुश रहने का निश्चय कीजिए और हमेशा चेहरे पर मुस्कुराहट रखिए क्योंकि जब हम मुस्कुराते हैं, तब हमारा दिमाग पॉज़िटिव सिग्नल्स भेजता है। तनाव कम होता है, रिश्ते बेहतर होते हैं और जीवन में नई ऊर्जा आती है। आप में से कुछ लोगों को लग सकता है कि कहना आसान है लेकिन तमाम कठिनाइयों के बीच में खुश रहना असंभव है। तो दोस्तों, मैं आपको बता दूँ कि दुनिया का हर व्यक्ति कठिनाइयों से गुजरता है। फर्क सिर्फ इतना रहता है कि कोई उन कठिनाइयों को अपनी ताकत बना लेता है, और कोई उन्हें अपने दुख का कारण। दोस्तों, अगर आप वाक़ई हमेशा ख़ुश रहना चाहते हैं तो निम्न 5 सूत्रों को तत्काल अपना लें-
1. अपना पर्सपेक्टिव बदलें हर परिस्थिति में सकारात्मक पहलू खोजने की आदत डालें। समस्याओं को बोझ नहीं, सीखने का अवसर मानें।
2. अपनी प्रतिक्रिया चुनें याद रखें, किसी भी हालात पर आपकी प्रतिक्रिया ही तय करती है कि आप ख़ुश रहेंगे या दुखी। इसलिए प्रतिक्रिया देने से पहले सोचें, और हर बार गुस्से या तनाव की जगह शांत रहना चुनें।
3. कृतज्ञ रहें जो आपके पास है, उसके लिए आभार व्यक्त करें। प्रतिदिन 3 चीजें लिखें जिनके लिए आप आभारी हैं। यह आदत आपको भीतर से संतोष देगी।
4. खुद को प्राथमिकता दें अपने स्वास्थ्य, नींद, और मानसिक शांति का ध्यान रखें। खुद के लिए समय निकालें, चाहे 10 मिनट ही क्यों न हो।
5. मुस्कुराना सीखें
चुनौतियाँ जीवन का हिस्सा हैं। ग़म में भी मुस्कुराना और सकारात्मक बने रहना ही असली ताकत है। याद रखें, मुस्कान तनाव को कम करती है और ऊर्जा को बढ़ाती है।
दोस्तों, अंत में इतना ही कहूँगा कि जीवन में खुश रहना चाहते हैं, तो सबसे पहले यह स्वीकारें कि खुशी कोई बाहर मिलने वाली चीज़ नहीं है। यह हमारे मन का निर्णय है। इसलिए आज ही ख़ुद से वादा करें कि “मैं जीवन को मुस्कुराकर जियूँगा, क्योंकि जिंदगी रोने के लिए नहीं, गाने और हंसने के लिए है।”
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments