top of page
Search

जिएँ जीवन सरलता से…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Mar 16
  • 3 min read

Mar 16, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, यकीन मानियेगा हमारा जीवन उतना जटिल नहीं है, जितना जटिल उसे हमने मान लिया है या यूँ कहूँ अपनी सोच से उसे जटिल बना दिया है। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि अक्सर हम जीवन को कठिन परिस्थितियों, चुनौतियों और समस्याओं का परिणाम मान लेते हैं, जबकि सच्चाई अक्सर इसके उलट होती है याने जीवन में आई चुनौतियां या समस्याएँ उतनी बड़ी नहीं होती हैं जितना बड़ा उन्हें हम अपने मन में बना लेते हैं। चलिए, अपनी बात को मैं आपको सैन फ्रांसिस्को में असाधारण बुद्धिमत्ता याने 140 या उससे अधिक आईक्यू वाले लोगों के अंतराष्ट्रीय संगठन मेनसा के सम्मेलन के दौरान घटी एक घटना से समझाने का प्रयास करता हूँ।


सम्मेलन में लंच के दौरान इसके कुछ सदस्य जब आपस में चर्चा कर रहे थे, तभी एक सदस्य ने नमक की शीशी जिसमें कालीमिर्च थी और कालीमिर्च की शीशी जिसमें नमक था की ओर इशारा करते हुए कहा, “चलिए बिना नमक या कालीमिर्च गिराए केवल अपने हाथों की मदद से दोनों बोतल की सामग्री को सही तरीके से बदल सकता है, जिससे नमक की बोतल में नमक और कालीमिर्च की बोतल में कालीमिर्च हो जायी।”


तेज दिमाग वाले लोगों के लिए यह एक चुनौती बन गई. सभी लोगों ने इस पर चर्चा कर सुझाव देना शुरू कर दिया। किसी ने स्ट्रा का सुझाव दिया तो किसी ने एक प्लेट या काग़ज़ की मदद लेने के लिए कहा। थोड़ी देर में उन सभी असाधारण बुद्धिमत्ता वाले संस्था के सदस्यों द्वारा एक जटिल लेकिन “बौद्धिक” समाधान तैयार हो गया। वे सब बड़े उत्साह के साथ वेट्रेस को बुलाने लगे ताकि उसे अपना समाधान दिखाकर प्रभावित कर सकें।


वेट्रेस के आते ही उनमें से एक सदस्य बोला, “यहाँ आने पर हमने देखा कि नमक और काली मिर्च की बोतलें उलटी भरी हुई हैं। इसे ठीक करने का हम सभी ने एक समाधान निकाला है।” वह सदस्य अपनी बात पूरी कर पाता उसके पहले ही वेट्रेस ने मुस्कुराते हुए पहले माफ़ी माँगी और फिर दोनों बोतलों के नाम लिखे ढक्कनों को आपस में बदल दिया। समस्या अब दूर हो चुकी थी, फिर भी मेनसा के सदस्यों की मेज पर सन्नाटा था।


दोस्तों, यह घटना हमारा परिचय जीवन के एक बहुत बड़े सत्य से करवाती है। अक्सर समस्याएँ जटिल नहीं होतीं, हमारी सोच उन्हें जटिल बना देती है। जी हाँ, अक्सर हम छोटी-छोटी बातों का भी इतना अधिक विश्लेषण कर लेते हैं कि सरल समाधान हमें नजर ही नहीं आता है। याद रखिएगा दोस्तों, सफलता के लिए जटिल रणनीतियों की नहीं, स्पष्ट सोच और धैर्य की जरूरत होती है। लेकिन अक्सर लोग चीजों को जरूरत से ज्यादा जटिल बना लेते हैं।


यकीन मानियेगा, जीवन की अधिकतर समस्याएँ वास्तव में “समस्याएँ” नहीं होतीं। वे केवल हमारी चिंताओं, हमारी धारणाओं और हमारे डर से पैदा हुई उलझनें होती हैं। जब हम थोड़ा रुककर शांत मन से सोचते हैं, तो कई बार समाधान बेहद सरल दिखाई देता है। इसलिए जीवन को समझने का एक छोटा सा सूत्र याद रखिए, हर समस्या को पहले सरल दृष्टि से देखिए क्योंकि अक्सर समाधान “ढक्कन बदलने” जितना आसान होता है।


दोस्तों, जब हम जीवन को सरल बनाना सीख जाते हैं, तो हम पाते हैं कि जिन बातों को हम बहुत बड़ा मुद्दा समझ रहे थे, वे वास्तव में इतने महत्वपूर्ण ही नहीं थे। इसलिए ही कहा गया है, "जीवन उतना ही सरल है, जितनी हमारी सोच।” इसलिए जीवन की सबसे बड़ी बुद्धिमानी यही होती है कि हम चीजों को सरल रहने दें।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page