जीना हो खुलकर तो निर्णय लें और अपने फैसलों का सम्मान करें…
- Nirmal Bhatnagar

- Jul 30
- 3 min read
July 30, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, ईश्वर का दिया हर नया दिन हमारे जीवन में एक नया अवसर लेकर आता है, ठीक वैसे ही जैसे सूरज रोज़ उगता है, और नया प्रकाश लेकर आता है। जिस तरह कल की रोशनी आज अंधकार को दूर नहीं कर सकती; कल चली हवा आज पतंग को ऊँचाई नहीं दे सकती; कल के अवसर आज जीवन को नई ऊंचाइयों पर नहीं ले जा सकते, ठीक वैसे ही बीते कल के निर्णय, आज प्रभावी नहीं हो सकते। इसी बात को दूसरे तरीके से कहूँ तो जिस तरह आप बीते दिन की हवा से नाव को आगे नहीं बढ़ा सकते, उसी प्रकार जीवन को भी बीते हुए फैसलों के सहारे नहीं चला सकते।
यह भी सही है कि निर्णय लेना आसान नहीं होता। जब भी आप कोई महत्वपूर्ण फैसला लेते हैं, उस समय मन में अनिश्चितता होती है। कई बार आपको डर लगता है कि कहीं कुछ गलत न हो जाए। पर सच्चाई यह है कि हर अच्छे परिणाम से पहले कई गलतियाँ होती हैं। जब आप पहली बार निर्णय लेना शुरू करते हैं, तो हो सकता है कि बहुत कुछ उल्टा-पुल्टा हो। लेकिन ध्यान रखिए, ये गलतियाँ आपको मजबूत बनाती हैं, आपको समझदार बनाती हैं। इन्हीं गलतियों से गुजरकर आप एक बेहतर इंसान बनते हैं, और यही गलतियाँ आपकी सफलता की नींव रखती हैं।
याद रखिएगा दोस्तों, निर्णय एक तेज़ धार वाले चाकू की तरह होता है, जो साफ और सटीक कट लगाता है। वहीं, अनिर्णय एक कुंद चाकू की तरह होता है, जो काटता नहीं बल्कि फाड़ देता है। अनिर्णय की वजह से जीवन उलझा हुआ और जटिल हो जाता है। जब आप फैसला नहीं ले पाते, तो आप अपनी ऊर्जा और समय दोनों खो देते हैं। इसलिए हमेशा स्पष्ट और समझदारी भरे निर्णय लें, ताकि आपके जीवन की राह स्पष्ट और सीधी बनी रहे।
निर्णय लेने के बाद एक बात और जो आपके जीवन को सकारात्मक दिशा देती है, वह है, अपने लिए निर्णयों का सम्मान करना। जब आप अपने निर्णयों का सम्मान करना शुरू कर देते हैं, तब आपके जीवन में आश्चर्यजनक परिवर्तन आने लगता है। हाँ यह भी संभव है कि हर निर्णय का अंतिम परिणाम, हमारी अपेक्षा के अनुरूप न हो। लेकिन उसके बाद भी हमें उन्हें खुले मन से स्वीकार करना होगा क्योंकि जहाँ अपेक्षित परिणाम आपको जीवन में आगे बढ़ाते हैं, वहीं अनपेक्षित परिणाम अपने साथ कोई न कोई मूल्यवान सीख लेकर आते हैं।
दोस्तों, जीवन के प्रति यह दृष्टिकोण रखना, आपको अनावश्यक पछतावों याने रिग्रेट्स से बचाता है और आपका लिया हर निर्णय, आपका जीवन बदलने लगता है। इसलिए दोस्तों, निर्णय का सम्मान कर परिणामों को स्वीकारना और उन्हें ईश्वर का वरदान मानना जीवन को एक अमूल्य उपहार बना देता है।
याद रखियेगा दोस्तों, यह ज़िंदगी तभी वरदान लगती है जब आप इसे वरदान समझना शुरू करते हैं। जिस दिन आप ये महसूस करते हैं कि जीवन एक अद्भुत उपहार है, उसी दिन से आपका जीवन वास्तव में एक उपहार की तरह व्यवहार करने लगता है। इतना ही नहीं, आपकी सोच में आया ये बदलाव, आपके आसपास के वातावरण में भी सकारात्मक बदलाव ले आता है।
इसलिए दोस्तों, बीते हुए कल की हवा से अपनी आज की नाव चलाने की कोशिश न करें। जीवन की यात्रा में स्पष्ट निर्णयों की शक्ति पहचानें, उन्हें अपनाएँ, और अपने हर फैसले का सम्मान करें। विश्वास रखें, निर्णय लेने की आपकी यही हिम्मत और स्पष्टता आपको जीवन में सफलता और सच्ची खुशी दिलाएगी।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments