जीवन का उद्देश्य सिर्फ़ जीना नहीं, सार्थक रूप से जीना है!!!
- Nirmal Bhatnagar

- Jul 21, 2025
- 3 min read
July 21, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, ईश्वर ने हम सभी को किसी ना किसी विशेष योग्यता, कौशल या प्रतिभा से नवाज़ा है। अर्थात् हम सभी लोग किसी ना किसी क्षेत्र में विशेषज्ञता रखते हैं या यूं कहूँ सामान्य लोगों के मुकाबले बेहतर होते हैं। जैसे कोई गणित में अच्छा हो सकता है, कोई कला में, कोई प्रबंधन में तो कोई लोगों को जोड़ने में। लेकिन जीवन में हमारी योग्यता का सच्चा मापदंड यह नहीं है कि हम क्या जानते हैं या क्या कर सकते हैं, बल्कि यह है कि हम अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग कर किस तरह अच्छे सामाजिक कार्य कर सकते हैं।
इसके विपरीत आज की दुनिया में कई लोग अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत लाभ तक सीमित रखते हैं। अर्थात् वे इससे सिर्फ़ अपने जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास करते हैं, जो सही नहीं है। मेरा तो मानना है की अगर हम अपनी योग्यता का उपयोग दूसरों की मदद करने में, समाज के लिए कुछ अच्छा करने में और जीवन को बेहतर बनाने में करते हैं, तभी हमारी क्षमता वास्तव में सार्थक और मूल्यवान बनती है। सहमत ना हों तो एक बार सोच कर देखियेगा, अगर एक डॉक्टर केवल पैसे कमाने के लिए इलाज करे और रोगी की पीड़ा को न समझे, तो क्या आप उसके ज्ञान को पूर्ण मानेंगे? नहीं ना! आप यही कहेंगे की ‘अभी उसका ज्ञान अधूरा है।’ इसके विपरीत अगर वही डॉक्टर मरीज की जिंदगी बचाने के लिए पूरी ईमानदारी और संवेदना से प्रयास करता है, तो उसकी वही योग्यता समाज के लिए वरदान बन जाती है।
अगर आप स्पीकिंग और कम्युनिकेशन स्किल में महारत रखते हैं, तो आपको उसका उपयोग दूसरों को जागरूक बनाने, प्रेरित करने और उन्हें सही दिशा दिखाने के लिए करना चाहिए। इसी तरह जो बच्चे पढ़ने में अच्छे हैं उन्हें किसी जरूरतमंद बच्चे की पढ़ने में मदद करना चाहिए। याने हम सभी को अपनी योग्यता से समाज को बेहतर बनाने की कोशिश करना चाहिए। याद रखियेगा दोस्तों, योग्यता का असली अर्थ केवल व्यक्तिगत सफलता को साधना नहीं है, असलियत में तो यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का नाम है। अर्थात् जब हम अपनी क्षमताओं को परोपकार, सद्भावना और समाज निर्माण में समर्पित करते हैं, तो हम योग्य बनते हैं और इस तरह योग्य बनना न केवल दूसरों के जीवन को बेहतर बनाता है, बल्कि हमें भी अंदर से संतुष्टि प्रदान करता है।
इस आधार पर देखा जाए तो हमारे जीवन का उद्देश्य सिर्फ़ जीना नहीं है, बल्कि सार्थक जीना है। अर्थात् जब हम अपने ज्ञान को दंभ दिखाने का साधन नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन को रोशन करने का दीपक बनाते हैं, तब जीवन में सार्थकता आती है और जब समाज में कई लोग सार्थक रूप से जीवन जीना प्रारंभ करते हैं, तब यह दुनिया और बेहतर बनती है।
दोस्तों, अगर आप वाकई इस दुनिया को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो आज ही एक संकल्प लें और ख़ुद से कहें, “ईश्वर ने मुझे जो भी ज्ञान और प्रतिभा दी है मैं उसका उपयोग अच्छे कार्यों याने इस समाज; इस दुनिया को बेहतर बनाने के लिए करूँगा।” वैसे दोस्तों, यह कार्य हम किसी को मुस्कान देकर, किसी का हाथ थाम कर और किसी के जीवन में रोशनी भर कर भी कर सकते हैं।
आप याद रख पाएँ इसलिए अंत में इतना ही एक बार फिर दोहराऊँगा कि हमारे ज्ञान का मूल्य तभी है, जब वह किसी के जीवन को बेहतर बना सके। इसलिए अपनी क्षमता, योग्यता और कौशल को सही दिशा दें और जीवन को सच्चे अर्थों में सफल और सार्थक बनाएँ।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments