top of page
Search

ज्ञान वही जो आचरण बन महके…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Nov 11, 2025
  • 3 min read

Nov 11, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

ज्ञान वही जो आचरण बन महके…


दोस्तों, हम सब जानते हैं कि स्वर्ण मूल्यवान होता है और पुष्प सस्ता लेकिन स्वर्ण मूल्यवान होने के बाद भी सुगंध नहीं दे सकता। सुगंध तो केवल पुष्प में होती है, जो अपनी मृदु महक से वातावरण को सुखद और पवित्र बना देता है। जीवन भी कुछ ऐसा ही है, स्वर्ण जैसा ज्ञान कितना भी मूल्यवान क्यों न हो, यदि उसमें आचरण की सुगंध नहीं है, तो वह केवल प्रदर्शन बनकर रह जाता है।


दूसरी बात, मूल्यवान होने के बाद भी सुंदरता बढ़ाने के लिए स्वर्ण को अलग-अलग रूपों में ढालना पड़ता है, जबकि पुष्प स्वाभाविक तौर पर सुंदर होते हैं। ठीक इसी तरह ज्ञान की सुंदरता तब तक अधूरी है, जब तक वह जीवन में उतर न जाए और आचरण स्वाभाविक रूप से इतना सुंदर है कि बिना कोई अतिरिक्त प्रयास के भी वो लोगों के दिलों तक उतर जाता है।


उपरोक्त बात को आधार बनाकर व्यवहारिक तौर पर सोचा जाए तो आज के समय में ज्ञान प्राप्त करना आसान है। इसे हम किताब, इंटरनेट, ज्ञानी गुरुओं और प्रवचनों से जुटा सकते हैं। परंतु जो बात हमारे जीवन को महका सकती है, क्या वह इससे मिल पाएगी? याने, क्या ज्ञान को जुटा लेने भर से वह हमारे जीवन का हिस्सा बन पायेगा? क्या वह हमारे व्यवहार में झलकेगा? मेरी नजर में तो नहीं, क्योंकि ज्ञान सिर्फ़ किसी बात को “जानना” भर नहीं है बल्कि जो आप जानते हैं, उसे जीवन में उतार कर, रोजमर्रा में अमल में लाना ही सच्चा ज्ञान है। याने जो “जानते” हैं, उसे “करना” ही असली ज्ञान है। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति यह कहे कि “क्रोध बुरा है”, और फिर थोड़ी सी बात पर गुस्से से भर जाए, तो उसका ज्ञान केवल शब्दों तक सीमित रह गया। लेकिन जो व्यक्ति गुस्से की स्थिति में भी संयम रखता है, वही उस ज्ञान की सुगंध से अपने जीवन को महकाता है, अपने आसपास के माहौल में उस सुगंध को फैलाता है।


इस आधार पर कहा जाए तो आचरण ही ज्ञान की पहचान है। हम सब चाहते हैं कि लोग हमें “ज्ञानी”, “विचारवान” या “बुद्धिमान” कहें। पर सच तो यह है कि आप कितने जानकार हैं यह आपको ज्ञानी या विचारवान नहीं बनाता है, बल्कि आप उस जानकारी के साथ किस तरह का जीवन जीते हैं, यही आपकी असली बुद्धिमानी दिखाता है।


इसी बात के महत्व को बताते हुए कबीरदास जी ने कहा था, “पोथी पढ़-पढ़ जग मुआ पंडित भया न कोय, ढाई आखर प्रेम का पढ़े सो पंडित होय।” अर्थात् ज्ञान का सार केवल किताबों में नहीं, बल्कि जीवन के आचरण में छिपा है। एक सच्चा ज्ञानी वह नहीं जो शास्त्रों को रट ले, बल्कि वह है जो अपने व्यवहार से संसार को सुख, शांति और प्रेरणा दे सके। इसलिए दोस्तों, ज्ञान की सुगंध से जीवन को महकाइये और याद रखिए, जब किसी के शब्द और कर्म में एकरूपता होती है, तो वह व्यक्ति केवल प्रभावशाली नहीं, बल्कि प्रेरणास्रोत बन जाता है। ऐसे लोगों के पास बैठने मात्र से शांति मिलती है क्योंकि उनका आचरण ही उनकी महक बन जाता है।


दोस्तों, निश्चित तौर पर आपने देखा होगा कि कुछ लोग बोलते तो बहुत अधिक हैं, लेकिन उनकी बातें हमारे हृदय को छूती नहीं हैं। लेकिन इसके विपरीत कुछ लोग बहुत कम बोलते हैं, लेकिन उनकी कहीं बातें, उनके जीवन जीने का तरीका ही जीवन को बेहतर बनाने का संदेश बन जाता है। ऐसे ही लोगों को मैं फूल की तरह मानता हूँ, जो कुछ कहते नहीं, पर अपनी सुगंध से संसार को आनंदित करते हैं।


अंत में इतना ही कहूँगा दोस्तों, ज्ञान प्राप्त करना आसान है, पर उस ज्ञान को आचरण में उतारना ही असली साधना है। स्वर्ण की तरह ज्ञान मूल्यवान है, पर उसकी चमक तभी सार्थक है, जब वह पुष्प की सुगंध की तरह, आचरण की सुंदरता से महके। इसलिए दोस्तों बोलने से नहीं, जीने से प्रेरणा बनें क्योंकि दुनिया को शब्दों की नहीं, सुगंधित आचरण की ज़रूरत है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page