top of page
Search

ज्ञान, सोच और जुनून से बनाएँ अपना कैरियर…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Sep 16
  • 3 min read

Sep 16, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

ree

दोस्तों, अक्सर युवा अपना लक्ष्य एक अच्छी डिग्री, फिर अच्छी नौकरी और फिर अच्छा पैकेज या प्रॉफिट बना कर चलते हैं। लेकिन मेरी नजर में यह लक्ष्य अधूरा ही है क्योंकि इन सभी चीजों के छिने या अनुपयोगी अथवा पुराने होने की संभावना रहती है। इसलिए मैं इन सभी की अपेक्षा ज्ञान और विजडम को ज़्यादा बेहतर लक्ष्य मानता हूँ क्योंकि यह हमें सही दिशा में सोचने और निर्णय लेने की क्षमता देता है। यह ज्ञान हमें वस्तुनिष्ठ दृष्टि या यूँ कहूँ सही जगह पर फोकस करने की क्षमता और स्थिरता याने स्टेबिलिटी प्रदान करता है। दूसरे शब्दों में कहूँ तो, जब जीवन में समस्याएँ आती हैं, तो वही व्यक्ति सफल होता है जो घबराने की बजाय ठंडे दिमाग से सोच कर और सही रास्ता चुन पाता है और यह क्षमता ज्ञान और विजडम से ही पाई जा सकती है।


दोस्तों, ज्ञान का असली उपयोग तब होता है जब हम हर दिन छोटे-छोटे सही चुनाव करना सीखते हैं। अगर आप भी ज्ञान आधारित छोटे चुनावों से जीवन में बड़ा बदलाव लाना चाहते हैं, तो स्वयं से प्रश्न करें। जैसे, इस वक्त मेरे समय का सही उपयोग क्या है? या मेरे लिए सोशल मीडिया पर समय बिताना बेहतर है अथवा मैं अपना समय स्किल सुधारने में लगाऊँ? या फिर मुश्किल परिस्थितियों में हार मानकर पीछे हटना बेहतर है या आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना? याद रखियेगा, कैरियर बनाते वक्त ऐसे छोटे निर्णय या चुनाव बीतते समय के साथ बड़ा फ़र्क़ पैदा करते हैं।


बहुत से छात्र और युवा सोचते हैं कि असफलता के बाद नई शुरुआत करने के लिए “सही समय” का इंतज़ार करना चाहिए। लेकिन सच्चाई यह है कि आपको परिणाम बदलने के लिए किसी नए दिन की नहीं, बल्कि नई सोच और नए नए निर्णय की ज़रूरत होती है। उदाहरण के लिए अगर आप परीक्षा में असफल हुए हैं, नौकरी छूट गई है या व्यापार में नुकसान हुआ है, तो याद रखिए, यह अंत नहीं है। अपना दृष्टिकोण बदलिए, असफलता के कारणों को पहचानिये और नए ज्ञान के साथ आगे बढ़िए, सफलता जल्द ही आपके कदम चूमेगी। याद रखियेगा, जैसे ही आपका मन नया दृष्टिकोण अपनाता है, उसी क्षण से आपकी नई शुरुआत हो जाती है।


एक बात और याद रखियेगा दोस्तों, आज की दुनिया में कौशल याने स्किल्स सीखना आसान हो गया है। इंटरनेट, ऑनलाइन कोर्स और संसाधनों ने इसे सबके लिए सुलभ बना दिया है। लेकिन बेहतर करियर बनाने के लिए केवल कौशल होना काफी नहीं है। उसके लिए तो आपके अंदर जुनून होना चाहिए। याद रखियेगा, कौशल आपको नौकरी दिला सकता है, पर जुनून आपको इनोवेटिव बनाने के साथ-साथ लीडर बनाता है।


उदाहरण के लिए, एक इंजीनियरिंग छात्र कोडिंग तो सीख सकता है, लेकिन अगर उसके अंदर समस्याओं को हल करने का जुनून है तो वो स्टार्टअप भी खड़ा कर सकता है। इसी तरह, एक डॉक्टर मेडिकल किताबें पढ़ सकता है, लेकिन अगर उसके भीतर लोगों की सेवा का जुनून है, तो वह समाज में बदलाव ला सकता है। इसी बात को समझाते हुए स्टीव जॉब्स ने कहा था, “Skills are cheap. Passion is priceless.” याने कौशल आम है, लेकिन जुनूनी होना असाधारण। इसलिए दोस्तों करियर बनाना चाहते हैं तो निम्न सूत्र अपनायें-

1) हर दिन सही चुनाव करें – समय प्रबंधन और प्राथमिकताओं पर ध्यान दें।

2) नई सोच अपनाएँ – असफलताओं को सबक मानें, रुकावट नहीं।

3) जुनून को मार्गदर्शक बनाएँ – ऐसा करियर चुनें जो आपके दिल को छुए, केवल पैसों के लिए नहीं।

4) ज्ञान से स्थिरता पाएं – समस्याओं में शांत रहें, क्योंकि वही आपकी असली ताकत है।


इस आधार पर निष्कर्ष के तौर पर कहा जाए तो युवाओं के लिए सफलता का असली मंत्र, ज्ञान, नई सोच और जुनून में छुपा है। ज्ञान आपको सही दृष्टि और स्टेबिलिटी देगा; नई सोच, हर असफलता को नई शुरुआत में बदलने में मदद करेगी और जुनून आपको साधारण चीजों को असाधारण बनाने में मदद करेगा।

करियर में सफलता के लिए तीन बातें याद रखियेगा दोस्तों, पहला, अच्छे करियर के लिए आपको नए मौके या दिन की नहीं, बल्कि नई सोच की ज़रूरत होती है। दूसरा, कौशल सीखा और खरीदा जा सकता है, लेकिन जुनून नहीं और तीसरा, ज्ञान ही वह शक्ति है जो आपको हर चुनौती में मजबूत बनाए रखता है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page