दृढ़ विश्वास से पाएँ मंज़िल अपनी…
- Nirmal Bhatnagar

- Sep 8, 2025
- 2 min read
Sep 8, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन में दो स्तर होते हैं, पहला चेतना याने Consciousness का और दूसरा दृढ़ विश्वास याने Conviction का। चेतना हमें यह बताती है कि कौन-सा काम सही है और कौन-सा गलत। लेकिन सही और ग़लत को केवल जान लेना, पर्याप्त नहीं होता। जीवन में असली बदलाव तो तब ही आता है, जब यह ज्ञान हमारे भीतर गहराई तक उतरकर दृढ़ विश्वास का रूप ले लेता है। उदाहरण के लिए, हम सभी जानते हैं कि ईमानदारी एक अच्छी आदत है। यह केवल चेतना आधारित ज्ञान है। लेकिन जब यह ईमानदारी हमारे व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाती है, और हम किसी भी कीमत पर इससे समझौता नहीं करते, तब यह दृढ़ विश्वास याने कन्विक्शन कहलाता है।
दोस्तों, चेतना आधारित ज्ञान कभी-कभी परिस्थितियों के दबाव में डगमगा सकता है। कई बार हम जानते हुए भी जीवन में गलत कदम उठा लेते हैं। लेकिन जब कोई बात कन्विक्शन याने दृढ़विश्वास का रूप ले लेती है, तो हम किसी भी परिस्थिति में उससे समझौता नहीं करते। यही कारण है कि कन्विक्शन याने दृढ़विश्वास केवल दिमाग में नहीं रहता, बल्कि हमारी अंतरात्मा तक पहुँच जाता है।
वैसे आप सभी जानते हैं लेकिन फिर भी आगे बढ़ने से पहले मैं आपको बतादूँ कि हमारी अंतरात्मा याने Conscious वह आवाज़ है, जो हमें हमारे कर्मों की स्वीकृति या अस्वीकृति देती है। जैसे, जब हम अच्छा करते हैं तो भीतर से संतोष मिलता है और जब हम गलत करते हैं तो भीतर से आवाज़ आती है, “यह सही नहीं था।” लेकिन अपने अंदर से आने वाली इस आवाज़ को कई बार हम अपनी सुविधा के अनुसार ढाल लेते हैं। जो बीतते समय के साथ, धीरे-धीरे, हमारे अंदर ‘इतना तो चलता है’, वाला नजरिया विकसित कर देता है और हम अपने गलत को सही ठहराने लगते हैं। यही कारण है दोस्तों कि एक अच्छा इंसान बनने के लिए केवल अंतरात्मा की आवाज़ ही पर्याप्त नहीं है। जब हम ईश्वर पर विश्वास रखते हुए पूर्ण आस्था के साथ जीवन जीते हैं केवल तब ही हमारी अंतरात्मा को हम सही दिशा दिखा पाते हैं।
इसका सीधा-सीधा अर्थ हुआ हमारे जीवन में आस्था का महत्व बहुत अधिक होता है। जब हमारा विश्वास केवल तर्क पर नहीं, बल्कि ईश्वर और नैतिक मूल्यों पर टिका होता है, तभी अंतरात्मा सही मार्गदर्शन करती है। सरल भाषा में कहूँ तो आस्था हमें सही और गलत का अंतर समझने में मदद करती है। यह हमारे भीतर साहस और स्थिरता पैदा करती है और हमें विपरीत परिस्थितियों के दबाव में टूटने से बचाती है।
दोस्तों, अंत में सीधे तौर पर निष्कर्ष के रूप में कहूँ तो जीवन की सच्ची सफलता केवल चेतना आधारित ज्ञान में नहीं है। चेतना आधारित ज्ञान हमें रास्ता दिखाता है। लेकिन दृढ़ विश्वास हमें उस चेतना आधारित ज्ञान के मार्ग पर चलने में मदद करता है। इसलिए हमें सिर्फ यह जानने का प्रयास नहीं करना चाहिए कि क्या सही है, बल्कि हमें उस सही बात को अपने जीवन का अटूट हिस्सा बना लेना चाहिए और यह तभी संभव होगा, जब हमारी अंतरात्मा ईश्वर पर विश्वास और आस्था से प्रेरित हो।
इसलिए दोस्तों, हमेशा याद रखियेगा, “ज्ञान दिशा देता है, पर दृढ़ विश्वास मंज़िल तक पहुँचाता है।”
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments