top of page
Search

मुश्किल वक्त का सबक…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Dec 4, 2025
  • 3 min read

Dec 3, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन की यात्रा हमेशा सरल रास्तों से गुजरते हुए पूरी नहीं होती। इस यात्रा में तो हमें कभी चुभती धूप का सामना करना पड़ता है, तो कभी आँधियाँ हमें डराती है और कई बार तो सब कुछ समाप्त हुआ सा भी लगता है। याने ऐसा लगता है जैसे अब आगे कुछ बचा ही नहीं है। दूसरे शब्दों में कहूँ तो हम सभी का अपने जीवन में सामना ऐसी परिस्थितियों से जरूर होता है, जब जीवन में उम्मीद का दीपक टिमटिमाने लगता है और ऐसा महसूस होता है, जैसे, अब सब कुछ ख़त्म हो गया है। लेकिन दोस्तों, यही वह पल होता है, जो हमें जीवन का सबसे बड़ा सबक सिखाता है। आइए दोस्तों आज हम ऐसे मुश्किल भरे समय को जीवन के सर्वोत्तम समय में बदलने के सूत्र सीखते हैं-


पहला सूत्र - याद रखें, हर सूर्योदय एक वादा है

इस दुनिया में हज़ारों लोग रात्रि को सामान्य-स्वस्थ अवस्था में सोने के बाद भी अगले दिन का सूरज नहीं देख पाते हैं। लेकिन ईश्वर ने आपको एक और सूर्योदय देखने का मौका दिया है। इसका अर्थ केवल यह है कि अभी जीवन में बहुत कुछ किया जाना बाक़ी है। इसलिए हमेशा याद रखें, सुबह का सूरज केवल रोशनी नहीं लाता, वह उम्मीदों से भरा एक संदेश भी लाता है, “बीती रात चाहे कितनी भी अँधेरी रही हो, आपके जीवन में एक नया दिन फिर से उजाला लेकर आया है।”


दूसरा सूत्र - जीवन में कठिनाइयाँ स्थायी नहीं होतीं


दिन के बाद रात और रात के बाद एक सुनहरा दिन आता है। इस दुनिया में ना अँधेरी रात स्थायी है और ना ही सुनहरा दिन। इसलिए याद रखें, हर उगता सूरज हमें यह भरोसा दिलाता है कि फिर से शुरुआत संभव है। जो कल असंभव लग रहा था, वह आज आपकी कोशिश से बदल सकता है। बस जीवन में हमें एक कदम आगे बढ़ाने की हिम्मत चाहिए क्योंकि जो शुरुआत करता है, वही मंज़िल तक पहुँचता है।


तीसरा सूत्र - हार अंत नहीं, एक सबक है

कई लोग असफलता को जीवन का पूर्णविराम मान लेते हैं, जो कतई उचित नहीं है। जिस तरह किसी किताब में पूर्णविराम के बाद एक नया वाक्य या एक नया अध्याय शुरू होता है, ठीक वैसे ही हार को अगर शिक्षक मान लिया जाये, तो जीवन में सफलता का नया अध्याय शुरू होता है। दूसरे सरल शब्दों में कहूँ तो, हर हार में एक छुपा हुआ शिक्षक होता है, जो हमें बताता है कि जीवन में सफल होने के लिए कहाँ सुधार की आवश्यकता और किन कार्यों को नहीं करना चाहिए। याने असफलता या हार हमें सफलता का रास्ता पहचानने में मदद करती है।



इन्हीं सूत्र को थॉमस अल्वा एडिसन बिजली का बल्ब बनाते समय मिली असफलता के समय समझाते हुए कहा था, “मैं असफल नहीं हुआ, मैंने केवल ऐसे हज़ार तरीके खोज लिए हैं जो बिजली का बल्ब बनाने में सहायक नहीं हैं।” हार या असफलता के प्रति इसी सोच ने उन्हें विजेता बनाया था।


दोस्तों, इसलिए ही मेरा मानना है, जीवन में जो लोग अपनी हार से सीखते हैं, वही अंततः जीत की परिभाषा बदल देते हैं। इस आधार पर कहा जाए तो जीवन का असली साहस हर हाल में टिके रहने में है। इसलिए ही कहा जाता है, “मुश्किल वक्त में भाग जाना आसान है, लेकिन डटे रहना ही असली बहादुरी है।” दोस्तों, जैसे तूफ़ान में पेड़ का झुक जाना उसे बचा लेता है, ठीक वैसे ही जो व्यक्ति समय के प्रहार को झेल लेता है, वही अंत में और मजबूत होकर खड़ा होता है।


इसलिए मेरा मानना है, जीवन का हर संघर्ष हमारे अंदर एक आंतरिक शक्ति जगाता है। जीवन की हर चुनौती हमें परिपक्व बनाती है और हर गिरावट के बाद उठना, हमारी आत्मा की जीत होती है। याद रखियेगा, जो बार-बार हारने के बाद भी मैदान नहीं छोड़ता है, वह एक ना एक दिन अपने डर पर विजय जरूर प्राप्त कर लेता है। इसलिए दोस्तों हार को कभी अंतिम ना मानें, बस याद रखें, अभी सब खत्म नहीं हुआ, एक नई शुरुआत तुम्हारा इंतज़ार कर रही है। हार ने तो हमें बस इतना याद दिलाया है कि जीवन का असली अर्थ जीतने में नहीं, बल्कि प्रयास करते रहने में है और धैर्य ही वह दीपक है जो सबसे अँधेरी रात को भी रोशन कर सकता है। इसलिए दोस्तों हालात कितने भी कठिन क्यों ना हों, टीके रहें, चलते रहें और विश्वास रखें कि एक नई सुबह जल्द और जरूर होगी।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page