विचार, वचन और कर्म को रखें एक…
- Nirmal Bhatnagar

- Aug 25, 2025
- 3 min read
Aug 25, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, अक्सर माना जाता है कि हमारे वचन या वादे हमारे जीवन मूल्यों का आधार होते हैं और अंततः हमारी पहचान बन जाते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि सिर्फ़ वादे व्यक्ति को महान नहीं बनाते हैं, बल्कि उन वादों को निभाने की प्रतिबद्धता ही हमारे व्यक्तित्व की पहचान बनती है। जी हाँ दोस्तों, जीवन में परिवर्तन तभी आता है जब हमारे विचार, वचन और कर्म एक समानता में बहते हैं। आइए इन तीन स्तंभों को गहराई से समझने का प्रयास करते हैं-
1. वादे नहीं, प्रतिबद्धता मायने रखती है
अक्सर आपने देखा होगा कि कई लोग बार-बार वादा करने के बाद भी समय आने पर पीछे हट जाते हैं। जानते हैं क्यों? क्योंकि किसी को वचन देना आसान है, लेकिन उसे निभाना कठिन। अगर आपका लक्ष्य महान बनना है, तो हमेशा याद रखिएगा, दुनिया आपके वादों से प्रभावित नहीं होती, बल्कि वो आपका मूल्यांकन आपकी निरंतरता याने कंसिस्टेंसी और कार्य के परिणामों से करती है। इसलिए प्रतिबद्ध रहें और अपने लक्ष्यों, कार्यों और रिश्तों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभायें।
2. वाणी की शक्ति
शब्द केवल आवाज़ नहीं होते, वे हमारे रिश्तों, वातावरण और ऊर्जा को प्रभावित करते हैं, इसलिए हमेशा सोच-समझकर बोलें क्योंकि शब्द आपको किसी के दिल में, तो किसी के दिल से उतार सकते हैं। याने एक कठोर शब्द जहाँ रिश्तों को तोड़ सकता है वहीं एक प्रेरणादायी शब्द किसी का जीवन भी बदल सकता है। हमेशा याद रखें कि बीतते समय के साथ हमारे द्वारा बोला गया हर शब्द हमारी पहचान और हमारे चरित्र का दर्पण बन जाता है।
3. विचारों की शक्ति
हमारे विचार हमारी दिशा तय करते हैं अर्थात् जैसा हम सोचते हैं, वैसा हम बन जाते हैं। नकारात्मक सोच हमें जहाँ असफलता और निराशा की ओर ले जाती है, वहीं, सकारात्मक और रचनात्मक सोच हमें अवसर, आशा और सफलता के मार्ग पर खड़ा करती है। दोस्तों, अगर आप सफल और महान बनना चाहते हैं तो व्यर्थ, अशुद्ध और हानिकारक विचारों से बचें क्योंकि हमारे विचार ही हमारी वास्तविकता गढ़ते हैं।
उपरोक्त तीन बातों याने विचार, वचन और कर्म का संतुलन ही हमारे जीवन का संतुलन सही रखता है। याद रखें, जब आपके विचार शुद्ध होंगे, तो आपके शब्द भी प्रेरक होंगे और जब आपके शब्द सशक्त होंगे, तो आपके कर्म भी प्रतिबद्ध होंगे और जब आपके कर्म प्रतिबद्ध होंगे, तो जीवन की हर दिशा में सफलता, संतुलन और संतोष आपके साथ होगा। मजे की बात तो यह है दोस्तों, यह सब हम अपने दैनिक जीवन में निम्न तीन बातों को अपनाकर पा सकते हैं-
आज से प्रतिदिन ख़ुद से या अपनों से एक छोटा-सा वादा कीजिए और उसे हर हाल में पूरा कीजिए। इससे आपके जीवन में प्रतिबद्धता आ जाएगी।
आज से हमेशा कठिन परिस्थिति में संयमित और सकारात्मक बोलने का अभ्यास करें। इससे समय के साथ आप अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना सीख जाएँगे।
आज से अपने दिन की शुरुआत एक अच्छे विचार या आभार की भावना से करें। इससे आपके विचारों में शुद्धता आने लगेगी।
अंत में इतना ही दोहराऊँगा दोस्तों, कि जीवन का असली सौंदर्य केवल बड़े-बड़े वादों में नहीं, बल्कि निभाई गई प्रतिबद्धता में है और सच्ची महानता इस बात में है कि आपके विचार निर्मल हों, आपके शब्द मर्यादित हों और आपके कर्म अडिग हों। यही तीन गुण मिलकर हमें एक साधारण व्यक्ति से असाधारण व्यक्तित्व की ओर ले जाते हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments