Jan 21, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, ज़िंदगी हमेशा चुनौतियों से भरी होती हैं अर्थात् हमारा जीवन हमारे समक्ष रोज नई-नई चुनौतियां लेकर आता है। समय के साथ हमारी परिस्थिति और हमारी मनःस्थिति बदलती रहती है और उसके साथ ही हमारे जीवन में नई समस्याएँ; नई चुनौतियां भी आती रहती हैं। यह एक शाश्वत सत्य है। लेकिन इन चुनौतियों को देखने का आपका नजरिया आपकी ज़िंदगी को अच्छा या बुरा बनाता है। इसका अर्थ हुआ, चुनौतियों का सामना करने का हमारा तरीका हमारे जीवन की दशा तय करता है।
इसी बात को हम थोड़ा सा विस्तार से समझना शुरू करते हैं। मान लीजिए आप जीवन में चुनौतियों भरे दौर से गुज़र रहे हैं। ऐसी स्थिति में आपके सामने दो रास्ते होते हैं - पहला, डरकर पीछे हट जाना, बहाने बनाना, और खुद को कमजोर महसूस करना और दूसरा, एक कुशल योद्धा की तरह डटकर सामना करना। अब यह आपके ऊपर है कि चुनौती भरे कठोर सवालों के दौर में आप इन दोनों में से कौन सा रास्ता चुनते हैं। अर्थात् आप हार मान कर पलायन का रास्ता चुनते हैं या फिर संकल्प शक्ति के साथ जीवन में आगे बढ़ते हैं।
याद रखियेगा, चुनौती रहित जीवन की परिकल्पना ही ग़लत है। इसके स्थान पर स्वीकारियेगा कि चुनौतियां हमारे जीवन का हिस्सा हैं और यह हमारे धैर्य, साहस और इच्छाशक्ति की परीक्षा लेने के लिए हमारे जीवन में आई है। अगर आप इनसे डरकर पीछे हट जाएँगे तो असफलता का सामना करेंगे और अपनी आत्मा के एक हिस्से को हीन भावना से भर लेंगे। लेकिन इसके विपरीत अगर आप एक योद्धा की तरह अपनी पूरी ताकत और विश्वास के साथ प्रयास करते हैं, तो आप न केवल चुनौतियों को पार करते हैं, बल्कि सफलता के शिखर तक पहुँचते हैं।
अब आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि चुनौतियों को अवसर में बदल कर सफल होने के लिए हमें क्या करना चाहिए? तो मेरा सुझाव है, आप सिर्फ़ निम्न तीन बातों को अपने जीवन का हिस्सा बना लीजिए-
1) संकल्पशक्ति का विकास : जब आप ठान लेते हैं कि आपको हार नहीं माननी, तो आप आधी लड़ाई वहीं जीत जाते हैं।
2) निरंतर प्रयास : यह समझें कि हर बड़ा लक्ष्य छोटे-छोटे कदमों से ही पूरा होता है। हर असफलता से सीखें और आगे बढ़ें।
3) सकारात्मक दृष्टिकोण : जीवन की हर चुनौती को एक अवसर के रूप में देखें। सोचें कि यह समस्या आपको क्या नया सिखा सकती है और कैसे आपकी क्षमता को बढ़ा सकती है।
दोस्तों, यकीन मानियेगा उपरोक्त तीनों साधारण से दिखने वाली यह बातें आपको सफल बना सकती है क्योंकि सफलता केवल मंज़िल पर पहुँचने का नाम नहीं है। यह उस यात्रा का नाम है, जो आपने अपनी पूरी ताकत और आत्मविश्वास के साथ तय की। जब आप चुनौतियों का सामना करते हैं और उन्हें पार करते हैं, तो वह सफलता आपको खुद पर गर्व करने का मौका देती है। इसी तरह सफलता केवल बाहरी उपलब्धियों का भी नाम नहीं है। यह उस संतोष और गौरव का नाम है, जो आपके अंदर तब आता है, जब आप जानते हैं कि आपने हार नहीं मानी।
इसलिए दोस्तों, अगली बार जब ईश्वर परीक्षा ले याने जब जीवन आपको परखने आए, तो डरियेगा मत। एक योद्धा की तरह खड़े होकर उसका सामना कीजियेगा। याद रखिएगा, चुनौतियाँ केवल उन्हीं के पास आती हैं, जिनमें उन्हें पार करने की क्षमता होती है। इसलिए हमेशा संकल्पवान रहें, प्रयास करते रहें और सफलता का स्वाद चखने के लिए तैयार रहें।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर
Comments