top of page
Search

संयम ही सच्ची सफलता की पहचान है…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Aug 5, 2025
  • 2 min read

Aug 5, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

AI generated image
AI generated image

मनुष्य के जीवन में सफलता केवल उपलब्धियों से नहीं, बल्कि विवेक, संयम और स्वाभाविक प्रतिक्रिया से भी परिभाषित होती है। हम अकसर आलोचना या असहमति की स्थिति में प्रतिक्रिया देने की जल्दी में रहते हैं, जो अक्सर लंबे समय में नुक़सानदायक सिद्ध होता है। लेकिन जो लोग ऐसी विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और आत्ममंथन का मार्ग अपनाते हैं, वे ही जीवन में सच्चे महान बन पाते हैं। चलिए इसी बात को हम कुछ प्रेरणादायी उदाहरणों से समझने का प्रयास करते हैं।


एक बार अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने एक इंटरव्यू में कहा कि "अमिताभ बच्चन का सार्थक सिनेमा में कोई विशेष योगदान नहीं रहा क्योंकि वह विशुद्ध व्यावसायिक अभिनेता हैं।” यह बात सुनकर कोई भी सामान्य व्यक्ति आहत हो सकता था। यह कहना एक सदी के महानायक के लिए निश्चित ही तीखा हो सकता था। लेकिन जब पत्रकार ने अमिताभ बच्चन से प्रतिक्रिया मांगी, तो उनका उत्तर था, “जब नसीरुद्दीन शाह जैसा अंतरराष्ट्रीय अभिनेता कुछ कहता है तो आत्ममंथन करना चाहिए, प्रतिक्रिया नहीं देना चाहिए।”


इस उत्तर में एक गहरी सीख छुपी है। यह उत्तर न केवल उनकी विनम्रता को दर्शाता है, बल्कि यह भी सिखाता है कि प्रतिक्रिया से ज़्यादा ज़रूरी है, आत्मनिरीक्षण। यही वह गुण है जो किसी को महान बनाता है। ठीक इसी प्रकार एक और प्रेरक प्रसंग है — जब गुलज़ार से पूछा गया कि उनके पांच पसंदीदा गीतकार कौन हैं, तो उन्होंने एक सूची दी जिसमें जावेद अख्तर का नाम नहीं था।


जब यह बात जावेद अख्तर से पूछी गई, तो उन्होंने बहुत सहज और सकारात्मक उत्तर दिया, “इस बात पर बस मैं ये कह सकता हूँ कि गुलज़ार साहब की लिस्ट में जगह पाने के लिए मुझे अभी और मेहनत करना होगा।” यह उत्तर किसी भी सामान्य व्यक्ति को कटाक्ष या प्रतिक्रिया देने का अवसर दे सकता था। लेकिन जावेद अख्तर ने जो कहा, उसमें स्वीकृति, विनम्रता और सुधार की इच्छा थी।


इन दोनों उदाहरणों में एक बात सामान्य है — सार्थक प्रतिक्रिया का चयन। आज की दुनिया में, जहाँ सोशल मीडिया और त्वरित संवाद का बोलबाला है, वहाँ हर व्यक्ति हर बात पर अपनी प्रतिक्रिया देना चाहता है — चाहे वह आवश्यक हो या नहीं। परंतु प्रतिक्रिया से ज़्यादा ज़रूरी है स्थिति की गहराई को समझना और सोच-समझकर उत्तर देना।


समाज में ऐसे अनेक लोग हैं जो हमारे प्रयासों, कार्यों या व्यक्तित्व की आलोचना करते हैं। कभी-कभी ये आलोचनाएं हमारे आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा सकती हैं। लेकिन उस क्षण हमें निर्णय लेना होता है — क्या हम प्रतिक्रिया देंगे या आत्ममंथन करेंगे? क्या हम क्रोध करेंगे या विनम्रता से सीखने का प्रयास करेंगे? यह निर्णय ही हमारे व्यक्तित्व की ऊँचाई को दर्शाता है।


संयम वह ताक़त है जो हमें प्रतिक्रियाओं की भीड़ से अलग करती है और हमें सच्चा सम्मान दिलाती है। महानता केवल उपलब्धियों से नहीं आती, बल्कि उस शैली से आती है जिसमें आप आलोचना को आत्ममंथन में बदलते हैं और संयम से जवाब देते हैं।


तो अगली बार जब कोई आपकी आलोचना करे या आपकी काबिलियत को चुनौती दे, तो गहरी सांस लीजिए, मुस्कराइए और स्वयं से पूछिए, “क्या यह प्रतिक्रिया का समय है या आत्मविकास का?” आपका उत्तर ही तय करेगा कि आप कितने महान बन सकते हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page