top of page
Search

साधारण से असाधारण तक…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Aug 23, 2025
  • 3 min read

Aug 23, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, मेरी नज़र में जीवन का सच्चा अर्थ शांति, संवेदनशीलता और जवाबदेही में निहित है। लेकिन जीवन इस स्थिति तक पहुँचने के पहले कई बार हमें विभिन्न परिस्थितियों में परखता है। कभी हमें किसी की कटुता सहनी पड़ती है, तो कभी रिश्तों की चुप्पी हमें गहराई तक झकझोर देती है, तो कई बार निःस्वार्थ प्रेम की सच्चाई कसौटी पर चढ़ती है और कभी-कभी तो अपनी ही प्रतिबद्धताओं का बोझ हमें सवालों के घेरे में खड़ा कर देता है। इन्हीं परीक्षाओं से वे चार स्तंभ जन्म लेते हैं, जो हमारे व्यक्तित्व को दृढ़ता और ऊँचाई प्रदान करते हैं। आइए आज हम इन चार स्तंभों को समझने का प्रयास करते हैं-


1. अशिष्टता पर संयम

दोस्तों, कभी भी अशिष्टता का उत्तर अशिष्टता से नहीं देना चाहिए। जब कोई व्यक्ति बुरा बोलता है, तो वह अपने चरित्र को उजागर करता है, न कि आपके मूल्य को। इसीलिए ऐसी स्थिति में चुप रहना कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति है। याद रखिएगा, शांति आपके व्यक्तित्व की परिपक्वता का प्रतीक है। शांत रहकर आप अपने मानवीय स्तर को बनाए रखते हैं और स्थिति पर नियंत्रण रखते हैं।


2. ख़ामोशी में भी संवाद

दोस्तों, सच्चा लगाव वही होता है जहाँ आपके शब्दों से ज़्यादा आपकी ख़ामोशी को समझा जाता है। रिश्तों में यह भावनात्मक संवेदनशीलता ही गहराई लाती है। इसलिए अपने रिश्तों को ऐसी भावनात्मक गहराई तक ले जाइए जहाँ आप सामने वाले को एवं सामने वाला आपको बिना शब्दों के भी समझ सके। याद रखियेगा, ऐसे रिश्ते जीवन को सहज और सुरक्षित बनाते हैं।


3. अपेक्षा-रहित प्रेम

दोस्तों, प्रेम तभी शुद्ध और सच्चा होता है जब उसमें किसी बदले की उम्मीद न हो। जब आप बिना किसी प्रत्याशा के देते हैं, तभी प्रेम अपने असली स्वरूप में खिलता है। इसके लिए आपको अपनी सीमाओं और सामने वाले की उम्मीदों के बीच संतुलन बनाना होगा। याद रखियेगा, प्रेम का मतलब यह नहीं कि आप अपनी सीमाओं को भूल जाएँ। प्रेम में त्याग के साथ-साथ आत्म-सम्मान भी आवश्यक है।


4. प्रतिबद्धता और जवाबदेही

दोस्तों, जीवन में सफल वही होता है जो बहानों से ऊपर उठकर जिम्मेदारी स्वीकार करता है। प्रतिबद्धता का अर्थ है—परिस्थितियों को दोष न देकर हर काम को स्वामित्व के साथ करना। याद रखियेगा, जब आप सच्चाई के साथ लगातार प्रतिबद्ध रहते हैं तो बहाने, टालमटोल और दोषारोपण आपके जीवन से गायब हो जाते हैं।


इन चार स्तंभों पर आधारित जीवन आपके अंदर सकारात्मक बदलाव लाता है और आप सम्मानजनक शांति, संवेदनशील रिश्ते, अपेक्षा-रहित प्रेम और जीवंत जवाबदेही के साथ जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ जाते हैं। दूसरे शब्दों में कहूँ तो ये चार आदर्श हमें एक प्रतिक्रियात्मक यानी रिएक्टिव जीवन से उत्तरदायी यानी रेस्पोंसिबल जीवन की ओर ले जाते हैं।


उपरोक्त प्रक्रिया को अपनाने के लिए हम निम्न चार बातों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना सकते हैं-छोटा अभ्यास

1) किसी अशिष्ट व्यवहार पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय गहरी साँस लें।

2) हर क्षण किसी प्रियजन की ख़ामोशी को समझने की कोशिश करें।

3) प्रतिदिन एक छोटा-सा उपकार बिना किसी प्रत्याशा के कीजिए।

4) प्रतिदिन एक छोटी-सी प्रतिबद्धता याने कमिटमेंट को पूरा कीजिए।


यकीन मानियेगा दोस्तों, जीवन का वास्तविक सौंदर्य इसी में है कि हम हर परिस्थिति में शांति, हर रिश्ते में संवेदनशीलता, हर प्रेम में निःस्वार्थता और हर कार्य में जवाबदेही बनाए रखें। यही वे गुण हैं जो हमें साधारण से असाधारण बनाते हैं और जीवन को सच्चे अर्थों में सफल बनाते हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page