सार्थक जीवन के सरल सूत्र…
- Nirmal Bhatnagar

- Jun 5, 2025
- 3 min read
May 5, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, इस दुनिया में हर इंसान अपने जीवन में कुछ ना कुछ बनने की चाहत रखता है। कोई बड़ा अधिकारी बनना चाहता है, कोई बहुत सारे पैसे कमा कर अमीर बनना चाहता है, किसी को पॉवर पसंद है, कोई सुंदर दिखना चाहता है और कोई अपने रिश्तों को बेहतर बनाना चाहता है। दूसरे शब्दों में कहूँ तो हर कोई किसी ना किसी क्षेत्र में विशिष्ट बनना चाहता है। लेकिन सोच कर देखियेगा क्या यह ऊपरी या दिखावटी सफलता हमारे जीवन को सार्थक बना सकती है? मेरी नजर में तो नहीं। दोस्तों, सही मायने में जीवन को सार्थक बनाने के लिए हमें भीतर की सुंदरता और सच्चे जीवन मूल्यों की ज़रूरत होती है। आइए इस गहरी बात को हम कुछ सरल से नियमों से समझते हैं-
पहला - विशिष्टता तब तक अधूरी है, जब तक शिष्टता न हो
अगर आपने जीवन में कोई बड़ी उपलब्धि पाई है। याने आपने कोई विशेष डिग्री हासिल करी है या आप किसी बड़े पद पर कार्यरत हैं, या आप कोई बड़ा व्यवसाय कर रहे हैं या फिर समाज में आपका नाम है। लेकिन अगर इन सबके साथ आपमें विनम्रता, नम्र व्यवहार और शिष्टता नहीं है, तो ऐसी विशेषता खोखली हो जाती है। वैसे भी हमारी संस्कृति हमें यही सिखाती है कि ऊँचाई पर जाकर भी सभी को सम्मान देना ही सच्ची महानता है।
दूसरा - सुंदरता तभी मायने रखती है, जब चरित्र शुद्ध हो
सुंदर चहरा समय के साथ ढल जाता है, और लोग उसे भूल जाते हैं। लेकिन अगर आप चारित्रिक रूप से सुंदर हैं तो आप जीवनभर लोगों के दिल में रह सकते हैं। इसलिए कठोर और स्वार्थी व्यवहार से बचें। याद रखियेगा, सच्चा आकर्षण बाहरी नहीं, भीतर से आने वाला तेज होता है; जो चरित्र से बनता है।
तीसरा - रिश्ते तभी मजबूत होते हैं, जब उनमें प्यार और विश्वास हो
आज के युग में लोग जितनी तेज़ी से रिश्ते बनाते हैं, उससे ज्यादा तेज़ी से उससे दूर हो जाते हैं क्योंकि आज रिश्तों में भावनाओं से ज़्यादा स्वार्थ आ गया है, जिसके कारण रिश्ते सिर्फ़ औपचारिक रह गए हैं। लोग भूल गए हैं कि रिश्ता कोई सौदा नहीं है, यह तो दिलों का जुड़ाव है। अगर इसमें प्यार, समर्पण और विश्वास नहीं होगा, तो वह बोझ बन कर रह जाएगा। याद रखियेगा, रिश्ते में अगर सच्चाई होगी तो ही वह जीवनभर चल पायेगा।
इस आधार पर कहा जाए तो जीवन को सार्थक बनाने के निम्न तीन बड़े साधारण से सूत्र हैं-
पहला सूत्र - विशेष बनें, लेकिन विनम्र रहें क्योंकि लोग आपकी पहचान से नहीं, आपके व्यवहार से जुड़ते हैं।
दूसरा सूत्र - सुंदर दिखें, लेकिन चरित्र को और भी सुंदर बनाएं क्योंकि सच्चाई और मानवीय मूल्यों के साथ जीना और दूसरों की मदद करना, आपके चेहरे पर अनोखी चमक लाएगा।
तीसरा सूत्र - रिश्ते निभाएं, लेकिन दिल से क्योंकि ज़िंदगी “मैं हूँ ना” से नहीं बल्कि “मैं तुम्हारे साथ हूँ”, से चलती है।
उपरोक्त आधार पर कहा जाए तो विशिष्टता अगर शिष्टता के साथ मिल जाये तो सम्मान मिलता है। इसी तरह सुंदरता अगर अच्छे चरित्र के साथ हो तो आकर्षण से भरपूर व्यक्तित्व बनाती है और रिश्ता अगर विश्वास के साथ हो तो वह जीवनभर का साथ बन जाता है।
अंत में निष्कर्ष के तौर पर इतना ही कहना चाहूँगा कि जीवन सार्थक तभी हो सकता है जब जीवन में अहंकार की जगह नम्रता, दिखावे की जगह सच्चाई, और औपचारिकता की जगह अपनापन हो। अगर हम इन बातों को अपना लें, तो हम अपने जीवन के साथ-साथ औरों के जीवन में भी खुशियाँ बाँट सकेंगे।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments