हार ही सबसे बड़ी शिक्षक है…
- Nirmal Bhatnagar

- Sep 11
- 2 min read
Sep 11, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन में जीत हर किसी को पसंद होती है, लेकिन असली सीख हमें हार और विपरीत परिस्थितियों से मिलती है। जब हम असफल होने के बावजूद भी हार मानने से इनकार करते हैं, तभी हमें अपने भीतर की कमजोरियों और अपनी सीमाओं को पहचानने और नई दिशा खोजने का अवसर मिलता है। अर्थात् हार और विपरीत परिस्थिति का यही क्षण हमें अपनी नई क्षमताओं को खोजने, नए कौशल को सीखने और अलग ढंग से सोचने को मजबूर करता है। चलिए वास्तविक घटनाओं से इसे समझने का प्रयास करते हैं -
भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जन्म बेहद साधारण परिवार में हुआ था और उनका बचपन चुनौतियों से भरा था। विपरीत परिस्थितियों से गुज़रते वक्त भी वे पायलट बनने का सपना देखते थे और युवा होने पर उन्होंने इस सपने को पूरा करने के लिए इंडियन एयरफोर्स की परीक्षा दी। जिसमें वे अंतिम चरण तक पहुँच गए, लेकिन सिर्फ एक स्थान से पीछे रहने के कारण उनका चयन इंडियन एयरफोर्स में नहीं हो पाया ।
यह उनके जीवन का बहुत बड़ा आघात था। उस समय वे टूट गए थे और खुद को असफल मानने लगे थे। लेकिन यही हार कुछ वर्षों बाद उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई। उन्होंने गहराई के साथ सोचा याने आत्ममंथन किया और समझा कि शायद ईश्वर ने उनके लिए कोई और राह चुनी है। उन्होंने खुद को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में झोंक दिया। जिसकी वजह से वे आगे चलकर भारत के “मिसाइल मैन” बने और देश को अंतरिक्ष और रक्षा तकनीक में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
सोचिए दोस्तों, अगर उस दिन वे हार से टूट जाते, तो क्या होता? शायद भारत को अब्दुल कलाम जैसा महान नेता और प्रेरक व्यक्तित्व कभी नहीं मिलता। याद रखिएगा दोस्तों, जीवन में हर हार आपके समक्ष दो रास्ते खोलती है। पहला, हार को अंतिम परिणाम मान लेना और रुक जाना और दूसरा हार से सीख लेकर आगे बढ़ना और नए कौशल विकसित करना। जो लोग दोस्तों दूसरा रास्ता चुनते हैं, वे ही इतिहास बनाते हैं।
इसीलिए मैं हमेशा कहता हूँ कि असफलता हमें रोकने के लिए नहीं आती, बल्कि हमें नई क्षमताओं को खोजने और नए कौशल सीखने का अवसर देने के लिए आती है। जब भी हम किसी बाधा से टकराते हैं, तो यह ईश्वर का संकेत होता है कि हमें अपनी सोच, अपनी दिशा और अपने तरीकों में बदलाव करना है।
इसलिए मैं हर युवा से यही कहना चाहता हूँ या यूँ कहूँ युवाओं के लिए मेरा सबसे महत्वपूर्ण संदेश यही है कि हार से कभी डरना नहीं चाहिए। हर असफलता दरअसल एक छुपा हुआ अवसर है, जो हमें हमारी असली ताकत से परिचित कराता है। जैसे अब्दुल कलाम ने हार से प्रेरणा लेकर दुनिया को नई दिशा दी, वैसे ही हम भी अपनी असफलताओं को अपना सबसे बड़ा शिक्षक बना सकते हैं और विपरीत परिस्थितियों को अपने पक्ष में मोड़कर सफल हो सकते हैं।
इसलिए दोस्तों, हमेशा याद रखिए, हार अंत नहीं है—यह तो बस एक नया आरंभ है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments