top of page
Search

ज्ञान वही जो आचरण बन जाए !!!

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 4 hours ago
  • 3 min read

Mar 11, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, बचपन से पचपन ही क्या अंत तक सामान्यतः इंसान ज्ञान की तलाश में लगा रहता है क्योंकि बचपन से ही उसके मन में इस बात को अच्छे से बैठा दिया जाता है कि “पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे ख़राब!” बालमन की इस सीख का सीधा सा प्रभाव कुछ इस तरह होता है कि बचपन में किताब पढ़ कर ज्ञान लेने का सिलसिला, महान लोगों की बातें पढ़ते-सुनते, प्रवचन सुनने या सत्संग में जाने तक पहुँच जाता है। लेकिन मजे की बात तो यह है कि इतना सब पढ़ने-सुनने के बाद भी ज्यादातर लोगों के जीवन में कोई बदलाव नहीं आता है। दोस्तों, यह अपने आप में ही एक बहुत बड़ा प्रश्न है कि वर्षों तक ज्ञान की बातें सुनने के बाद भी लोगों के जीवन में बदलाव क्यों नहीं आता? उनका व्यवहार; उनकी सोच क्यों वही की वही रहती है? चलिए, इस प्रश्न का हल खोजने के लिए पहले हम एक कहानी सुनते हैं-


बात कई साल पुरानी है एक युवा अपने गुरु के पास गया और उनसे प्रश्न करते हुए बोला, “गुरुजी, मैं इतने वर्षों से आपके साथ हूँ; आपके हर सत्संग को बड़े ध्यान से सुनता हूँ लेकिन फिर भी मेरे ऊपर सत्संग का असर क्यों नहीं होता? कृपा करके मेरी दुविधा दूर कीजिए।” बात सुन गुरुजी मुस्कुराए और उस युवा शिष्य से बोले, “वत्स, जाओ और एक घड़ा मदिरा ले आओ।”
युवा शिष्य गुरु की बात सुन हैरान था, वह सोच रहा था, “गुरुजी और शराब?” लेकिन करता भी क्या? उसे तो गुरुजी के आदेश का पालन ही करना था। वह चुपचाप उठा और मदिरा का एक घड़ा ले आया। जिसे देख गुरुजी बोले, “वत्स, अब इस घड़े की सारी मदिरा पी लो। बस एक बात का ध्यान रखना, इसे निगलना मत। इसे बस मुँह में लेना और तुरंत थूक देना। गले के नीचे एक बूंद भी नहीं जानी चाहिए।” शिष्य ने वैसा ही किया, वह मदिरा मुँह में लेता और तुरंत थूक देता। देखते ही देखते कुछ मिनिटों में पूरा घड़ा खाली हो गया। जिसे देख गुरुजी ने मुस्कुराकर उससे पूछा, “वत्स, अब बताओ तुम्हें नशा हुआ या नहीं?” शिष्य ने कहा, “गुरुदेव, बिल्कुल नहीं।” गुरुजी ने आश्चर्य जताते हुए कहा, “अरे! पूरा घड़ा मदिरा पी गए और नशा नहीं हुआ?” शिष्य बोला, “गुरुदेव, नशा तो तब आता जब मदिरा गले से नीचे उतरती। मैंने तो एक बूंद भी गले के नीचे नहीं जाने दी, इसलिए नशा कैसे चढ़ता?”


गुरुजी मुस्कुराए और बोले, “वत्स, यही तुम्हारे प्रश्न का उत्तर है। तुम लोग सत्संग सुनते हो, ज्ञान सुनते हो, लेकिन उसे अपने जीवन में उतारते नहीं। जब तक ज्ञान केवल कानों तक रहता है और हृदय तक नहीं पहुँचता, तब तक उसका प्रभाव नहीं होता। जैसे मदिरा गले के नीचे जाए बिना नशा नहीं देती, वैसे ही ज्ञान जीवन में उतरे बिना परिवर्तन नहीं लाता।”


दोस्तों, साधारण सी यह कहानी हमें जीवन की एक बहुत गहरी सीख देती है। केवल सुनना, पढ़ना या जान लेना ही पर्याप्त नहीं है। असली परिवर्तन तब आता है जब ज्ञान हमारे व्यवहार में उतरता है। महान वैज्ञानिक थॉमस एडिसन को ही ले लीजिए, वे बल्ब बनाने के सिद्धांत को पढ़कर संतुष्ट हो घर नहीं बैठे। उन्होंने उस सिद्धांत को हकीकत में बदलने के लिए हजारों प्रयोग किए। अगर वे केवल किताबों में ज्ञान पढ़ते रहते और प्रयोग न करते, तो शायद वे दुनिया को कभी प्रकाश नहीं दे पाते।


दोस्तों, ज्ञान तभी शक्तिशाली बनता है जब वह आचरण में उतरता है। याद रखिएगा, सुनना आसान है, समझना थोड़ा कठिन है, लेकिन जीवन में उतारना सबसे कठिन है। इसलिए आज से एक संकल्प लीजिए, अब आप ज्ञान को केवल सुनेंगे नहीं, उसे जिएँगे। सत्संग को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखेंगे, उसे अपने व्यवहार में उतारेंगे क्योंकि अब आप इस सच्चाई को जानते हैं कि सुनने से जानकारी मिलती है, लेकिन अपनाने से परिवर्तन आता है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page