आपका चरित्र ही आपकी पहचान बनाता है !!!
- Nirmal Bhatnagar

- 2 hours ago
- 2 min read
Apr 29, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, आज का समय ऐसा है जहाँ हर कोई अच्छा, सफल और प्रभावशाली दिखना चाहता है और इस चाहत में अक्सर एक गहरी सच्चाई भूल जाता है कि जो सच में अच्छा होता है, उसे दिखाने की जरूरत नहीं होती। उदाहरण के लिए फूलों को ही देखिए, वे कभी किसी से अपनी सुंदरता को निहारने या अपनी खुशबू को महसूस करने के लिए नहीं कहता। वो तो बस अपनी शैली के अनुसार बस खिलता है और उसके खिलते ही उसकी सुगंध अपने आप फैलने लगती है। ठीक वैसे ही, अच्छे कर्मों को भी किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं होती। वे अपने आप बोलते हैं।
आज हममें से कई लोग सिर्फ़ इस बात से परेशान या चिंतित रहते हैं कि “लोग हमारी तारीफ क्यों नहीं करते? उन्हें हमारी अच्छाई कब दिखेगी? वो हमारी तारीफ़ कब करेंगे? “हमें पहचान कब मिलेगी?”, आदि। लेकिन सच तो यह है कि पहचान माँगने से नहीं मिलती, वह कर्मों से बनती है। जब आप सही काम करते हैं, ईमानदारी से करते हैं, और बिना दिखावे के करते हैं, तो उसका प्रभाव धीरे-धीरे लोगों के दिल तक पहुँचता है। इसीलिए कहा गया है कि इत्र की खुशबू सिर्फ हवा के साथ चलती है, लेकिन चरित्र की खुशबू समय के साथ भी और विपरीत परिस्थितियों में भी हर दिशा में फैलती है,
दोस्तों, जीवन बहुत सरल नियमों पर चलता है। जब हम पानी पीते हैं, तो प्यास अपने आप बुझ जाती है। जब हम भोजन करते हैं, तो भूख खत्म हो जाती है। जब हम दवा लेते हैं, तो शरीर ठीक होने लगता है। उसी तरह, जब हम अच्छे कर्म करते हैं, तो सम्मान अपने आप मिलने लगता है। हमें अलग से उसे माँगने की जरूरत नहीं होती। लेकिन समस्या तब होती है जब हम परिणाम पर ज्यादा ध्यान देने लगते हैं, और कर्म पर कम। हम चाहते हैं कि लोग हमें पहचानें, लेकिन हम यह भूल जाते हैं कि पहचान पाने से पहले हमें खुद को बनाना होता है।
दोस्तों, चरित्र कोई एक दिन में नहीं बनता। यह हर दिन के छोटे-छोटे निर्णयों से बनता है। जब आप सच बोलते हैं, जब आप किसी की मदद करते हैं; जब आप बिना स्वार्थ के किसी का साथ देते हैं, तब आप अपने चरित्र को मजबूत कर रहे होते हैं और यही चरित्र आपकी सबसे बड़ी पूँजी बन जाता है। यह ऐसी खुशबू है जो समय के साथ और गहरी होती जाती है।
याद रखिएगा, दुनिया आपके शब्दों को कुछ समय तक याद रखेगी, लेकिन आपके व्यवहार को हमेशा याद रखेगी। इसलिए अपने जीवन को ऐसा बनाइए कि आपकी मौजूदगी ही एक सकारात्मक प्रभाव छोड़ जाए। आप जहाँ भी जाएँ, लोग आपको आपके पद या पहचान से नहीं, आपके स्वभाव से याद रखें।
अंत में निष्कर्ष के रूप में बस एक बात और कहूँगा। दोस्तों, अच्छा बनने के लिए प्रयास कीजिए, अच्छा दिखने के लिए नहीं क्योंकि फूल अपनी खुशबू से पहचाने जाते हैं, और इंसान अपने चरित्र से। जब आपका चरित्र मजबूत होगा, तो सम्मान, विश्वास और पहचान, ये सब अपने आप आपके जीवन का हिस्सा बन जाएंगे और तब आपको किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि आपका जीवन ही आपकी पहचान बन जाएगा।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments