करियर को दिशा देने वाले 10 महत्वपूर्ण निर्णय !!!
- Nirmal Bhatnagar

- 4 days ago
- 3 min read
Apr 27, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में करियर बनाने का अर्थ केवल एक अच्छी नौकरी पाना नहीं है। मेरी नजर में तो यह जीवन की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय है। इसी वजह से अक्सर लोग बड़े अवसरों की तलाश में रहते हैं और कई बार तो बहुत सोच-समझ कर बड़े फैसले लेते हैं। लेकिन इस विषय में मेरा मानना थोड़ा अलग है, मेरे हिसाब से बड़े फैसलों या मौकों से ज़्यादा, छोटे-छोटे निर्णय हमारे भविष्य को बनाते या बिगाड़ते हैं। जी हाँ दोस्तों, यदि सही समय पर सही सोच के साथ निर्णय लिए जाएं, तो करियर न केवल सफल बल्कि संतुलित और संतोषजनक भी बन सकता है। आइए, आज हम समय की कसौटी पर परखे हुए ऐसे ही दस महत्वपूर्ण निर्णयों को समझते हैं जिन्हें लेकर साधारण लोगों ने असाधारण करियर बनाया है-
पहला - ठहराव से बचना
करियर के विषय में सबसे महत्वपूर्ण यह समझना है कि कब आगे बढ़ना है। यदि किसी भूमिका में आपकी सीखने की गति रुक गई है और आप केवल आरामदायक स्थिति में हैं, तो यह संकेत है कि जीवन में अब बदलाव की आवश्यकता है। याद रखियेगा, ठहराव अक्सर प्रगति का सबसे बड़ा शत्रु होता है।
दूसरा - बड़ी और लंबी अवधि की सोच विकसित करना
तात्कालिक लाभ आकर्षक लग सकते हैं, लेकिन वास्तविक सफलता उन निर्णयों से आती है जो आपके भविष्य में आपके मूल्य को बढ़ाते हैं। कौशल विकसित करना और अनुभव जुटाना हमेशा अल्पकालिक लाभ से अधिक महत्वपूर्ण होता है।
तीसरा - पद के स्थान पर कार्य और वातावरण को प्राथमिकता देना
बड़ा पद यदि आपके विकास को सीमित कर रहा है, तो यकीन मानियेगा वो लंबे समय में आपके लिए उतना मूल्यवान नहीं है, जितना एक ऐसा वातावरण, जहां आप सीख और बढ़ सकें।
चौथा - अपना वास्तविक मूल्य बढ़ाने की प्रक्रिया को समझें
केवल अपने कार्य तक सीमित रहने के बजाय यह समझना जरूरी है कि आपका योगदान संगठन के विकास, लाभ और ग्राहकों पर कैसे प्रभाव डालता है क्योंकि यही बातें लंबे समय में आपका मूल्य बढ़ाती हैं।
पांचवां - वेतन से अधिक सीखने और विकास को महत्व देना
करियर के शुरुआती दौर में कम आमदनी भी आपके लिए अधिक लाभदायक हो सकती है अगर आपको वहाँ अपने कौशल को बेहतर बनाने का मौका और अच्छा अनुभव मिल रहा है। याद रखियेगा, व्यक्तित्व विकास और कौशल सीखने के लिए किया गया आपका यह निवेश, आपको भविष्य में कई गुना लाभ देगा।
छठा - पूरी तरह तैयार होकर सही समय का इंतजार न करना
अक्सर लोग पूरी तैयारी के साथ सही समय का इंतजार करते रहते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि आत्मविश्वास कार्य करने से आता है, न कि पहले से तैयारी करने से। जब आप कदम बढ़ाते हैं, तब ही आप सीखते हैं और आगे बढ़ते हैं।
सातवां - अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना
केवल अधिक घंटे काम करना ही सफलता की कुंजी नहीं है। सही समय पर, सही काम पर ध्यान देना और अपनी ऊर्जा का संतुलित उपयोग करना अधिक प्रभावी होता है।
आठवां - अच्छे लीडर के साथ काम करना
एक अच्छा और सच्चा लीडर न केवल मार्गदर्शन देता है, बल्कि आपको बेहतर करियर बनाने में याने प्रोफ़ेशनल लाइफ में आगे बढ़ने में मदद करता है; आपके विकास के अवसर बढ़ाता है। याद रखियेगा, सही मार्गदर्शक आपके करियर की गति को कई गुना बढ़ा सकता है।
नौवां - अपने ज्ञान को साझा करना
जब आप दूसरों को सिखाते हैं, तो आपकी अपनी समझ और मजबूत होती है। यह आदत आपको एक विशेषज्ञ के रूप में स्थापित करती है।
दसवाँ - अपने करियर की कहानी खुद लिखना
मेरी नजर में उपरोक्त सभी निर्णयों में सबसे महत्वपूर्ण बात यह स्वीकारना है कि आप ख़ुद ही अपने भविष्य के निर्माता है। यदि आप अपनी दिशा तय नहीं करते, तो परिस्थितियाँ या अन्य लोग आपके लिए निर्णय ले सकते हैं। इसलिए अपने लक्ष्य, पहचान और मूल्य को स्पष्ट रखना आवश्यक है।
अंत में इतना ही कहूँगा कि करियर में सफलता किसी एक बड़े अवसर का परिणाम नहीं होती, बल्कि निरंतर लिए गए छोटे और समझदारी भरे निर्णयों का परिणाम होती है। जब आप जागरूकता और दूरदर्शिता के साथ निर्णय लेते हैं, तो आप केवल एक सफल प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि एक संतुलित और संतुष्ट इंसान भी बनते हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments