हर सुबह एक नया जन्म है…

Nov 22, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, हर सुबह जब हमारी आँखें खुलती हैं, तो प्रकृति हमें जीवन का एक नया अवसर सौंपती है। बीता हुआ कल चाहे कितना भी अच्छा रहा हो या कितना ही निराशाजनक, नया दिन अपने साथ एक नई संभावना लेकर आता है। यह हमारे ऊपर निर्भर करता है कि हम इस अवसर का उपयोग स्वयं को बेहतर बनाने में करते हैं या पुरानी गलतियों, शिकायतों और नकारात्मक विचारों में उलझकर इसे भी व्यर्थ कर देते हैं। सच तो यह है कि हर सुबह हमारा एक नया जन्म होता है, लेकिन इस जन्म के बाद हम कितना विकसित होते हैं या भीतर से कितना कमजोर पड़ते हैं, इसका निर्णय हमारे विचार और कर्म करते हैं।
जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल यह जानना पर्याप्त नहीं है कि हमें क्या करना चाहिए, बल्कि यह समझना भी आवश्यक है कि हमें किन बातों को महत्व नहीं देना चाहिए। बुद्धिमत्ता का वास्तविक परिचय हर बात का जवाब देने, हर विवाद में शामिल होने या प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सफाई देने में नहीं है। वास्तविक समझदारी तो यह जानने में है कि किस व्यक्ति की बातों को अनसुना करना है, किस परिस्थिति को नजरअंदाज करना है, कहाँ मौन रहना है, किस बात को वहीं छोड़ देना है और कब बिना पीछे देखे आगे बढ़ जाना है।
हमारी बहुत सारी मानसिक ऊर्जा उन बातों में नष्ट हो जाती है, जिनका हमारे जीवन की प्रगति से कोई संबंध नहीं होता। कोई हमारी आलोचना कर दे तो हम कई दिनों तक उसी के बारे में सोचते रहते हैं। किसी ने हमारी उपेक्षा कर दी तो हम अपनी योग्यता पर संदेह करने लगते हैं। किसी ने अपमानजनक शब्द कह दिए तो हम उसका उत्तर देने के लिए अवसर तलाशते रहते हैं। इस प्रक्रिया में हम यह भूल जाते हैं कि दूसरे व्यक्ति के व्यवहार पर हमारा नियंत्रण नहीं है, लेकिन उस व्यवहार के प्रति अपनी प्रतिक्रिया चुनने की स्वतंत्रता हमारे पास अवश्य है।
याद रखिए, हर लड़ाई लड़ना जरूरी नहीं होता और हर बात का जवाब देना भी आवश्यक नहीं होता। कुछ लोगों को उनकी सोच के साथ छोड़ देना ही बेहतर होता है। कुछ परिस्थितियों को समय के हवाले कर देना चाहिए और कुछ रिश्तों से बिना कटुता पाले दूरी बना लेना ही मानसिक शांति का रास्ता होता है। इसका अर्थ कमजोरी, पलायन या हार स्वीकार करना नहीं है, बल्कि अपनी ऊर्जा और समय का सही उपयोग करना है।
एक समझदार व्यक्ति जानता है कि जीवन बहुत छोटा है। इसे दूसरों की गलतियाँ गिनने, पुरानी घटनाओं का हिसाब रखने और हर किसी को प्रसन्न करने में खर्च नहीं किया जा सकता। जो बीत गया, उससे सीखिए; जो आपके नियंत्रण में नहीं है, उसे स्वीकार कीजिए और जो आपके भविष्य को बेहतर बना सकता है, उस पर अपना पूरा ध्यान लगाइए। इसलिए हर सुबह स्वयं से एक प्रश्न अवश्य पूछिए—आज मैं ऐसा क्या करूँगा जिससे मेरा व्यक्तित्व कल से थोड़ा बेहतर हो? हो सकता है आज आप किसी नई बात को सीखें, किसी पुरानी बुरी आदत को छोड़ें, किसी से क्षमा माँगें, किसी की सहायता करें या केवल व्यर्थ की चिंता छोड़कर अपने लक्ष्य की दिशा में एक छोटा कदम बढ़ाएँ। परिवर्तन हमेशा बड़े निर्णयों से नहीं, बल्कि प्रतिदिन किए गए छोटे-छोटे श्रेष्ठ प्रयासों से आता है।
याद रखिए, सुबह का सूरज केवल दिन की शुरुआत नहीं करता, वह हमें यह याद भी दिलाता है कि जीवन ने हमें एक और अवसर दिया है। अब यह हमारे विवेक पर निर्भर है कि हम इस अवसर को शिकायतों में गँवाते हैं या संभावनाओं में बदलते हैं। समझदार वही नहीं जो बहुत कुछ जानता है, बल्कि वह है जो जानता है कि किसे अनसुना करना है, किसे क्षमा करना है, कहाँ रुकना है और कब आगे बढ़ जाना है। हर सुबह एक नया जन्म है। बीते कल की गलतियों को अपनी पहचान मत बनने दीजिए और दूसरों के व्यवहार को अपनी खुशियों का निर्णायक मत बनने दीजिए। हर दिन थोड़ा बेहतर सोचिए, थोड़ा बेहतर कीजिए और थोड़ा बेहतर इंसान बनिए। क्योंकि जिंदगी में आगे बढ़ने की कला केवल सही चीजें अपनाने में नहीं, बल्कि अनावश्यक चीजों को छोड़ने में भी छिपी है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments