top of page
Search

सिद्धांतों की कीमत नहीं, उनका मूल्य होता है…

Writer: Niermal Bhatnaagar
Niermal Bhatnaagar
1 day ago
3 min read

Nov 21, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, मनुष्य की वास्तविक पहचान उसकी संपत्ति, पद, प्रतिष्ठा या शारीरिक सामर्थ्य से नहीं होती, बल्कि उन सिद्धांतों से होती है, जिनके साथ वह जीवन जीता है। परिस्थितियाँ अनुकूल हों तो ईमानदार बने रहना आसान है, लेकिन जब सच बोलने की कीमत चुकानी पड़े, अपने लाभ का त्याग करना पड़े या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के सामने गलत बात का विरोध करना पड़े, तब पता चलता है कि हमारे सिद्धांत कितने मजबूत हैं।


सिद्धांतों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे सुविधा के अनुसार बदलते नहीं हैं। जिस दिन हम अपने सिद्धांतों की कीमत तय कर लेते हैं, उसी दिन वे सिद्धांत नहीं रह जाते, बल्कि बाजार में बिकने वाली वस्तु बन जाते हैं। यदि ईमानदारी लाभ मिलने तक ही कायम रहे, सत्य बोलना नुकसान न होने तक ही सीमित रहे और न्याय का समर्थन तभी किया जाए जब उससे अपना हित प्रभावित न हो, तो यह सिद्धांतों का पालन नहीं, बल्कि स्वार्थ के अनुसार व्यवहार करना है।


दोस्तों, जीवन में अक्सर आपके सामने दो रास्ते होंगे। पहला, आसान, जिसमें तत्काल लाभ और सुविधा दिखाई देगी; दूसरा कठिन, जिसमें आपको अपने मूल्यों के साथ खड़े रहने का साहस चाहिए। पहले रास्ते में आपको गलत या यूँ कहूँ मूल्यों के साथ समझौता करने के कारण पद, पैसा या प्रशंसा जैसे भौतिक लाभ मिल सकते हैं, लेकिन यह भीतर का आत्मसम्मान छीन लेता है। इसके विपरीत, दूसरा रास्ता, याने मूल्यों के आधार पर सही निर्णय लेना तात्कालिक नुकसान पहुँचा सकता है, लेकिन यह आपको आत्मिक संतोष और सम्मान की वह पूँजी देता है, जिसे कोई खरीद नहीं सकता। उदाहरण के लिए आप महात्मा गांधी जी को देख लीजिए। उन्होंने सत्य और अहिंसा को केवल भाषणों का विषय नहीं बनाया, बल्कि अपने सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन का आधार बनाया। उनके लिए साधन भी उतने ही महत्वपूर्ण थे, जितना साध्य। वे मानते थे कि गलत रास्ते से प्राप्त की गई सही मंजिल भी अंततः गलत ही होती है। यही वह नैतिक दृढ़ता है जो किसी व्यक्ति को सामान्य से असाधारण बनाती है।


दोस्तों, गंभीरता के साथ इस विषय पर सोचने पर हमें लग सकता है कि गांधी जी जैसे लोगों को कठिन परिस्थितियों में अपने सिद्धांतों पर टिके रहने की शक्ति आती कहाँ से है? तो मेरा जवाब है, आत्मबल से, ना की शारीरिक ताक़त से। शारीरिक शक्ति से हम किसी चुनौती का सामना कुछ समय तक कर सकते हैं, लेकिन मानसिक और आध्यात्मिक दृढ़ता ही हमें लंबे संघर्ष में टिकाए रखती है। मजबूत शरीर वाला व्यक्ति भी भय, लालच और दबाव के सामने झुक सकता है, जबकि दृढ़ आत्मबल वाला कमजोर दिखने वाला व्यक्ति भी असाधारण साहस का परिचय दे सकता है।


यहाँ यह समझना ज़रूरी है कि आत्मबल का अर्थ जिद्दी होना या अपनी हर बात को सही मानना नहीं है। यह तो अपनी गलतियों को स्वीकार करने के साहस, सही बात के लिए खड़े होने के धैर्य, प्रलोभनों को ठुकराने की क्षमता और कठिन समय में भी अपने चरित्र को कमजोर न पड़ने देने की आदत से आता है। यह शक्ति एक दिन में विकसित नहीं होती; यह रोजमर्रा के छोटे-छोटे निर्णयों से बनती है। इसलिए अपने जीवन में सफलता के साथ-साथ चरित्र की मजबूती को भी महत्व दीजिए। ऐसा कोई लाभ स्वीकार मत कीजिए जिसकी कीमत आपको अपना आत्मसम्मान देकर चुकानी पड़े। याद रखिएगा, परिस्थितियाँ आपकी परीक्षा ले सकती हैं, लोग आपको प्रलोभन दे सकते हैं और समय आपको झुकाने का प्रयास कर सकता है, लेकिन अंततः आपका चरित्र ही तय करेगा कि आप कितने मजबूत इंसान हैं।


दोस्तों, जिस दिन व्यक्ति अपने सिद्धांतों को लाभ-हानि के तराज़ू पर तौलना बंद कर देता है, उसी दिन उसके व्यक्तित्व में वास्तविक महानता का जन्म होता है क्योंकि शरीर की शक्ति दूसरों को प्रभावित कर सकती है, लेकिन आत्मबल, ईमानदारी और चरित्र की शक्ति ही मनुष्य को सम्मान के योग्य बनाती है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page