top of page
Search

दूसरों को सुधारने से पहले ख़ुद को परखें…

Writer: Nirmal Bhatnagar
Nirmal Bhatnagar
10 minutes ago
3 min read

Nov 18, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, जीवन की सबसे बड़ी चूक अपनी गलतियों का एहसास होने के बाद भी उन्हें दोहराना है। जैसे हम सब जानते हैं कि क्रोध रिश्तों को कमजोर करता है, लेकिन उसके बाद भी हम अपनों पर क्रोधित होते हैं। हम जानते हैं कि समय इस दुनिया की सबसे अनमोल चीज़ है, लेकिन उसके बाद भी हम उसे व्यर्थ गँवाते हैं। इसी तरह हम यह भी जानते हैं कि झूठ से विश्वास टूटता है, लेकिन उसके बाद भी हम छोटे-छोटे फ़ायदों या स्वार्थ के लिए झूठ बोलते हैं। याने ग़लत का ज्ञान होने के बाद भी हम गलती करते हैं। दूसरे शब्दों में कहूँ तो हमारा व्यवहार हमारे ज्ञान के विपरीत होता है।


दोस्तों, सही को जानना और सही को चुनना दो अलग-अलग बातें हैं। इसीलिए कहा गया है, “बुद्धिमानी यह जानना है कि क्या किया जाना चाहिए और सदाचार उसे कर दिखाना है।” वास्तव में बुद्धिमत्ता हमारे मस्तिष्क की क्षमता है, जबकि सद्गुण हमारे व्यक्तित्व की ताकत। बुद्धिमत्ता हमें सही रास्ता दिखाती है, लेकिन उस रास्ते पर चलने के लिए साहस, आत्मसंयम और इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है।


उदाहरण के लिए, एक चिकित्सक धूम्रपान के नुकसान को भली-भाँति जानता है, लेकिन स्वयं इस आदत से मुक्त नहीं हो पाता। एक शिक्षक विद्यार्थियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाता है, लेकिन अपनी दिनचर्या में उसका पालन नहीं करता। एक व्यक्ति रिश्तों में संवाद और क्षमा का महत्व समझता है, लेकिन अपने अहंकार के कारण वर्षों तक अपनों से बात नहीं करता। इन सभी के पास ज्ञान है, लेकिन ज्ञान को जीवन में उतारने की शक्ति का अभाव है।


इसका सीधा-सीधा अर्थ अर्थ हुआ कि हमारी जिंदगी को केवल हमारी जानकारी नियंत्रित नहीं करती, बल्कि हमारी आदतें, इच्छाएँ, भय और प्राथमिकताएँ भी उसे दिशा देती हैं। हम कई बार सही निर्णय इसलिए नहीं लेते क्योंकि वह कठिन होता है। इसी तरह सच स्वीकार करने में अहंकार आड़े आता है, गलती सुधारने में आलस्य बाधा बनती है और किसी का अधिकार देने में स्वार्थ सामने आ जाता है। इसके पश्चात हम अपने व्यवहार को उचित ठहराने के लिए तर्क भी खोज लेते हैं। लेकिन इन सबके बाद भी हमारा विवेक हमें रास्ता दिखाना बंद नहीं करता, बस हम उसकी आवाज सुनना बंद कर देते हैं।


दोस्तों, जीवन में वास्तविक परिवर्तन तब शुरू होता है जब हम दूसरों को सुधारने से पहले स्वयं को परखते हैं। अगर आप मेरी इस बात से सहमत हैं और ख़ुद को समय-समय पर परखना चाहते हैं, तो ख़ुद से निम्न 3 प्रश्न पूछना शुरू करें-

पहला, मैं दूसरों से जिस व्यवहार की अपेक्षा करता हूँ, क्या वैसा ही व्यवहार स्वयं करता हूँ?

दूसरा, सामान्यतः मैं जिस ईमानदारी की प्रशंसा करता हूँ, क्या कठिन परिस्थितियों में उसे ख़ुद निभाता हूँ? और,

तीसरा, जिस सम्मान की अपेक्षा मैं करता हूँ, क्या दूसरों को भी मैं उतना ही सम्मान देता हूँ?


याद रखिएगा, महान बनने के लिए हमेशा बड़े अवसरों की आवश्यकता नहीं होती। कई बार छोटी-छोटी परिस्थितियों में लिए गए सही निर्णय ही हमारे चरित्र का निर्माण करते हैं। जब कोई देख नहीं रहा हो, तब ईमानदार बने रहना; गलती होने पर बहाना बनाने के बजाय उसे स्वीकार करना; क्रोध आने पर भी अपमानजनक शब्दों से बचना; और लाभ का अवसर होने के बावजूद किसी के साथ अन्याय न करना, यही सद्गुणों की वास्तविक पहचान है।


दोस्तों, कुल मिलाकर अपनी पूरी बात को कुछ शब्दों में समेटते हुए कहूँ तो, ज्ञान हमें यह बताता है कि हमें कैसा होना चाहिए, लेकिन हमारे कर्म यह तय करते हैं कि हम वास्तव में कैसे हैं। दूसरों को प्रभावित करने के लिए अच्छी बातें कहना आसान है, लेकिन अपने जीवन को उन बातों के अनुरूप ढालना ही वास्तविक आत्म-विकास याने सेल्फ डेवलपमेंट है। ऐसा इसलिए क्योंकि इंसान की पहचान उसकी समझदारी भरी बातों से नहीं, बल्कि उन क्षणों में लिए गए निर्णयों से होती है, जब सही करना आसान नहीं होता।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page