आवाज नहीं, विचार ऊँचे होने चाहिए…

Nov 16, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, सामान्यतः दो तरह के लोग आपका ध्यान आकर्षित करते हैं। पहले वे जो अपनी ऊँची आवाज से उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास करते हैं और दूसरे वे जो अपने ऊँचे विचारों से लोगों के दिलों में जगह बना लेते हैं। दोनों में अंतर केवल इतना होता है कि ऊँची आवाज कुछ क्षणों के लिए लोगों का ध्यान आकर्षित करती है, जबकि ऊँची सोच या ऊँचे विचार जीवनभर के लिए सम्मान अर्जित करते है। इसलिए ही कहा जाता है कि किसी व्यक्ति की महानता उसके बोलने के अंदाज, पद, प्रतिष्ठा या बाहरी व्यक्तित्व से नहीं, बल्कि उसकी सोच की व्यापकता और व्यवहार की उदारता से तय होती है।
जी हाँ! वास्तव में हमारी सोच ही हमारे व्यक्तित्व की सीमा और संभावनाओं का निर्धारण करती है। जिसकी सोच छोटी होती है, वह छोटी-छोटी बातों में उलझा रहता है। उसे दूसरों की सफलता से परेशानी होती है, असहमति से अहंकार आहत होता है और अपनी प्रशंसा सुनने की आदत उसे आत्म-मुग्ध बना देती है। इसके विपरीत, ऊँची सोच वाला व्यक्ति दूसरों की उपलब्धियों से प्रेरणा लेता है, असफलताओं से सीखता है और असहमति को भी समझने का अवसर मानता है। वह केवल अपने हित की नहीं, बल्कि दूसरों के हित और समाज की भलाई की भी चिंता करता है। संकीर्ण सोच मनुष्य को बाहर से सामान्य और भीतर से कमजोर बनाती रहती है। जिस तरह गेहूँ के दानों में लगा घुन धीरे-धीरे उन्हें खोखला कर देता है, उसी प्रकार ईर्ष्या, द्वेष, अहंकार, पूर्वाग्रह और दूसरों को छोटा समझने की प्रवृत्ति इंसान के व्यक्तित्व को अंदर से खोखला कर देती है। ऐसा व्यक्ति अपनी ऊर्जा स्वयं को बेहतर बनाने में लगाने के बजाय दूसरों को गलत साबित करने में खर्च करता रहता है। चलिए एक उदाहरण से इसे समझने का प्रयास करते हैं-
एक ही कार्यालय में समान योग्यता वाले दो व्यक्ति काम करते थे। पहला व्यक्ति हमेशा ऊँची आवाज में बात कर, दूसरों की ग़लतियाँ निकालने और अपनी बात मनवाने का प्रयास करता था। वहीं दूसरा व्यक्ति शांत रहकर सबकी बात सुनता था और गलती होने पर उसे तुरंत स्वीकार कर, पूरी टीम को साथ लिए हर क्षण अपने लक्ष्य का पीछा करता था। बीतते समय के साथ लोगों को पहले व्यक्ति की उपस्थिति का तो एहसास होता था, लेकिन तब तक दूसरा व्यक्ति उनका विश्वास और सम्मान अर्जित कर लेता था। यही ऊँची आवाज और ऊँची सोच का वास्तविक अंतर है।
दोस्तों, ऊँची सोच का अर्थ केवल बड़े सपने देखना भी नहीं है। इसका अर्थ है अपनी सोच को स्वार्थ से ऊपर उठाना, दूसरों के प्रति सम्मान रखना, विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना और अपने लक्ष्य को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित न रखना। यदि हमारी सोच सीमित होगी, तो हमारी उपलब्धियाँ भी उसी सीमा में बंधकर रह जायेंगी। इसलिए बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए पहले अपने विचारों को बड़ा बनाना पड़ता है।
दोस्तों, सफलता चाहते हैं तो अपनी आवाज को ऊँचा करने से पहले अपने विचारों को ऊँचा कीजिए। दूसरों को नीचा दिखाने के बजाय स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास कीजिए। किसी की सफलता से ईर्ष्या करने के बजाय उससे सीखिए और अपनी असहमति को अपमान का रूप देने के बजाय संवाद का माध्यम बनाइए।
याद रखिए, पैर की मोच इंसान की चाल को धीमा करती है, लेकिन छोटी सोच उसकी पूरी जीवन-यात्रा को सीमित कर सकती है। शरीर की चोट समय के साथ ठीक हो सकती है, परंतु विचारों की संकीर्णता दूर करने के लिए आत्मचिंतन और दृष्टिकोण बदलने का साहस चाहिए। इसलिए कहते हैं, “ऊँची सोच, उदार व्यवहार और श्रेष्ठ चरित्र से ही आप लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बना सकते हैं।”
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments