मुश्किलों से भागिए मत, उनसे सीखकर आगे बढ़िए !!!

Nov 12, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन में मुश्किलों का आना असफलता के आने का संकेत नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रक्रिया का हिस्सा है। सामान्यतः हम सभी चाहते हैं कि हमेशा परिस्थितियाँ हमारे अनुकूल हों, रास्ते आसान हों और हर काम हमारी योजना के अनुसार हो। लेकिन जीवन की सच्चाई और मज़ा यही है कि ये कभी हमारी इच्छाओं के अनुसार नहीं चलता। इतना ही नहीं जीवन की राह में आने वाली कुछ समस्याएँ तब तक हमारा पीछा नहीं छोड़तीं, जब तक हम उनसे मिलने वाली सीख को समझ नहीं लेते। इसलिए ही मैं हमेशा कहता हूँ कि मुश्किलें हमें रोकने नहीं, बल्कि पहले से अधिक मजबूत और समझदार बनाने आती हैं।
सहमत ना हों तो जरा अरुणिमा सिन्हा को याद करके देख लीजिएगा, जिन्हें वर्ष 2011 में एक रेल यात्रा के दौरान लुटेरों का विरोध करने पर, लुटेरों द्वारा चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया था। इस दुर्घटना में उनका एक पैर कट गया था। लेकिन इसके बाद भी उन्होंने असाधारण साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से वर्ष 2013 में दुनिया की सबसे ऊँची चोटी एवरेस्ट को फ़तह कर दुनिया को चौंका दिया था।
कल्पना कीजिए दोस्तों, जो युवती अपने सपनों को सच करने जा रही थी, उसके सामने अचानक जीवन की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। लेकिन अरुणिमा ने अपनी परिस्थिति को अपनी पहचान नहीं बनने दिया। उन्होंने हार मानने के बजाय दुनिया की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का लक्ष्य तय किया और कृत्रिम पैर के सहारे कठिन प्रशिक्षण लेकर, वर्ष 2013 में अपने सपने को सच किया। उनका जीवन हमें इस बात का संदेश देता है कि हमारे जीवन में सबसे बड़ी बाधा हमारी परिस्थिति नहीं, बल्कि उस परिस्थिति के सामने हमारा आत्मसमर्पण होता है। जब हम मुश्किलों के दौर में शिकायत करना छोड़कर उनसे सीखना शुरू करते हैं, तभी नए रास्ते खुलने लगते हैं।
दोस्तों, अगर आप भी जीवन के प्रति ऐसा नजरिया विकसित करना चाहते हैं तो एक और महत्वपूर्ण बात याद रखिएगा, इंसान की उम्र केवल कैलेंडर से तय नहीं होती। वास्तविक उम्र तो उसकी सोच, जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखते रहने की इच्छा में छिपी होती है। जिस दिन इंसान यह मान लेता है कि अब मैं कुछ नया नहीं सीख सकता, उसी दिन उसकी मानसिक उम्र बढ़ने लगती है। इसके विपरीत, जो इंसान हर दिन कुछ नया जानने, नया करने और अपने विचारों को बेहतर बनाने के लिए उत्सुक रहता है, वह उम्र के किसी भी पड़ाव पर युवा बना रहता है।
जीवन को बेहतर बनाने की इस यात्रा को अपनी सोच बदलकर आसान बनाया जा सकता है। आज से यह मत सोचिए कि काम कितना कठिन है, बल्कि यह सोचिए कि इसे आसान कैसे बनाया जा सकता है। याद रखिएगा, ‘Take it easy’ कहकर कठिनाई से बचना आसान है, लेकिन ‘Make it easy’ की सोच अपनाकर उसका समाधान खोजना अधिक महत्वपूर्ण है। इसके लिए समस्या को छोटे हिस्सों में बाँटिए, प्राथमिकताएँ तय कीजिए, नई संभावनाएँ तलाशिए और पहला कदम उठाइए। कई बार जिस समस्या को हम पहाड़ समझते हैं, वह सही दृष्टिकोण अपनाते ही आसान रास्ता बन जाती है।
याद रखिएगा, जीवन में सफलता उन लोगों को नहीं मिलती जो आसान रास्तों पर चलते हैं, बल्कि उन लोगों को मिलती है जो कठिन रास्तों पर भी चलना नहीं छोड़ते। परिस्थितियाँ बदलने में समय लग सकता है, लेकिन अपनी सोच बदलने का निर्णय हम आज ही, इसी पल ले सकते हैं। इसलिए दोस्तों, मुश्किलों से घबराइए मत, उनसे सीखिए। उम्र को अपनी ऊर्जा पर हावी मत होने दीजिए और हर समस्या के सामने एक नया समाधान खोजने का साहस रखिए क्योंकि जिंदगी की ख़ूबसूरती इसी सोच को अपनाने में है कि हर नया दिन हमें ख़ुद को बेहतर बनाने का एक और अवसर देता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments