top of page
Search

ज्ञान की ऊँचाई से बड़ा है विनम्रता का व्यक्तित्व !!!

Writer: Nirmal Bhatnagar
Nirmal Bhatnagar
21 hours ago
3 min read

Nov 13, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, इंसान कितना महान है ये उसकी डिग्रियों, ज्ञान या ऊँचे पद से तय नहीं होता। उसकी महानता तो इस बात से तय होती है कि यह सब हासिल करने के बाद भी वह दूसरों के प्रति कितना विनम्र बना रहता है। दूसरे शब्दों में कहूँ तो अपनी उपलब्धियों को महानता मानना अहंकारी होने से अधिक कुछ नहीं है और अहंकार वो अदृश्य शत्रु है, जो इंसान की उपलब्धियों को तो बढ़ा सकता है, लेकिन उसके व्यक्तित्व की सुंदरता को धीरे-धीरे नष्ट कर देता है।


सामान्यतः अहंकार को धन, पद और सत्ता से जोड़कर देखा जाता है, जबकि इसका सबसे सूक्ष्म और खतरनाक रूप बुद्धिमत्ता का अहंकार है। जब व्यक्ति अपनी शिक्षा, अनुभव और विचारों को ही अंतिम सत्य मानने लगता है, तब वह दूसरों को समझना बंद कर देता है। उसे लगने लगता है कि जो उससे सहमत नहीं है, वह कम समझदार है। जो उसकी तरह नहीं सोचता, उसका स्तर उससे नीचे है। यही सोच धीमे-धीमे रिश्तों में संवाद की जगह उपेक्षा और असहमति की जगह तिरस्कार ले आती है। इतना ही नहीं इस विषय में विडंबना तो यह है कि ऐसे लोग अपने अहंकार को भी उदारता और दूसरों के प्रति दया का नाम दे देते हैं। वे असहमत व्यक्ति को गलत मानने के बजाय उसे कमजोर, पिछड़ा या कम बुद्धिमान समझने लगते हैं। जबकि वास्तविक बुद्धिमत्ता यह स्वीकार करने में है कि हमारी जानकारी कितनी भी विस्तृत क्यों न हो, सत्य का पूरा संसार उससे कहीं बड़ा है।


भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन इस संदर्भ में एक प्रेरक उदाहरण है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुँचने और विश्वभर में सम्मान पाने के बावजूद उनका व्यवहार हमेशा सहज और विनम्र बना रहा। वे विद्यार्थियों के बीच बैठते, उनके प्रश्न सुनते और उनसे सीखने की जिज्ञासा रखते थे। उनकी महानता केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों या राष्ट्रपति पद में नहीं थी, बल्कि इस बात में थी कि उन्होंने अपनी सफलता को कभी अपने और सामान्य लोगों के बीच दीवार नहीं बनने दिया। यही सच्ची शिक्षा और वास्तविक बुद्धिमत्ता का परिचय है।


अगर आप सत्य के साथ हैं या आपकी उपलब्धियाँ वाक़ई बड़ी हैं तो याद रखियेगा, सत्य को हमारे अहंकार के सहारे की आवश्यकता नहीं होती। यदि हमारे विचारों में सच्चाई है, तो उनका प्रमाण हमारे व्यवहार, कर्म और चरित्र में दिखाई देगा। बहस में जीतकर किसी को छोटा साबित करना आसान है, लेकिन अपने व्यवहार से किसी का सम्मान जीतना कहीं अधिक कठिन है। शब्दों से हम अपनी बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन चरित्र से ही उसकी प्रामाणिकता सिद्ध होती है। बातें समय के साथ भुला दी जाती हैं, तर्कों को चुनौती दी जा सकती है, लेकिन अच्छे कर्म और विनम्र व्यवहार लोगों के मन में लंबे समय तक जीवित रहते हैं।


इसलिए अपनी उपलब्धियों पर गर्व अवश्य कीजिए, लेकिन उन्हें दूसरों को छोटा दिखाने का माध्यम मत बनाइए। असहमति को अपमान मत समझिए, प्रश्न पूछने वाले को अज्ञानी मत मानिए और सीखने की संभावना कभी समाप्त मत कीजिए। जिस दिन व्यक्ति यह स्वीकार करना सीख जाता है कि उसे अभी बहुत कुछ सीखना है, उसी दिन उसकी वास्तविक प्रगति शुरू होती है। इसीलिए कहते हैं, “ज्ञान मनुष्य को ऊँचा उठाता है, लेकिन विनम्रता उसे महान बनाती है और जिस मन में अहंकार का बोझ नहीं होता, उसी मन में प्रेम, सम्मान और जीवन की सुंदरता के फूल खिलते हैं।”


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page