top of page
Search

मुस्कुराहट: खुशियों की सबसे सस्ती और अनमोल पूँजी

Writer: Trupti Bhatnagar
Trupti Bhatnagar
15 hours ago
3 min read

Nov 17, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, इंसान एक बड़ी अजीब सी आदत के साथ अपना जीवन जीता है। एक ओर जहां उसे खुश रहने के लिए हज़ारों वजह चाहिए होती हैं, वहीं दुखी होने के लिए एक ही वजह काफ़ी होती है। उसे लगता है कि जब मनचाही नौकरी मिल जाएगी, पर्याप्त धन इकट्ठा हो जाएगा, अपना घर बन जाएगा, इच्छाएँ पूरी हो जाएँगी और सारी परिस्थितियाँ अनुकूल हो जायेंगी तभी वह ख़ुश या प्रसन्न रह पायेगा। लेकिन जैसे-जैसे उसकी यह इच्छाएँ पूरी होने लगती हैं, वैसे-वैसे ही उसके मन में नई इच्छाओं का जन्म होने लगता है। सीधे शब्दों में कहूँ तो इच्छाओं के कारण जीवन में सुविधाएँ बढ़ जाती हैं, अपेक्षाएँ लंबी हो जाती हैं लेकिन मन की संतुष्टि कहीं पीछे छूट जाती है और हम अपनी उदासी या दुखों के लिए परिस्थिति, परिवार, मित्र या फिर दूसरों को जिम्मेदार ठहराने लगते हैं। लेकिन कभी भी ख़ुद से यह नहीं पूछते की कहीं अपेक्षाएँ हमारी उदासी का कारण तो नहीं हैं?


दोस्तों, ईश्वर ने जो हमें दिया है हम उसका आनद लेने के स्थान पर जो नहीं मिला है उसका हिसाब लगाने लगते हैं और इसी वजह से जीवन में सुख के अनेक अवसर मौजूद होने के बावजूद भी असंतोष का बोझ उठाए घूमते रहते हैं। शायद हम भूल गए हैं कि प्रसन्न रहने का एक सरल उपाय ‘मुस्कुराना’ है। हो सकता है सुनने में आपको यह बात साधारण या सामान्य लगे, लेकिन यकीन मानियेगा मुस्कुराहट का प्रभाव असाधारण होता है। यह बिना किसी खर्च के मिलने वाली ऐसी दौलत है, जो बाँटने से कभी कम नहीं होती, बल्कि बढ़ती ही जाती है। एक सच्ची मुस्कान किसी अनजान व्यक्ति को अपना बना सकती है, किसी निराश व्यक्ति के चेहरे पर उम्मीद लौटा सकती है और किसी तनावपूर्ण वातावरण को सहज बना सकती है। सहमत ना हों तो जरा अपने आसपास देखिए। बाजार में दुकानदार का मुस्कुराकर स्वागत करना, कार्यालय में सहकर्मी का प्रसन्नतापूर्वक अभिवादन करना, घर लौटने पर परिवार के किसी सदस्य का मुस्कुरा कर स्वागत करना, आदि छोटी-छोटी बातें आपको इंसान का पूरे दिन का तनाव कम करती नजर आयेंगी। इसके विपरीत, हमेशा शिकायत करने वाला, चेहरे पर नाराज़गी लिए रहने वाला और हर बात में नकारात्मकता खोजने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे लोगों से दूर होता नजर आएगा।


दोस्तों, लोग केवल आपकी योग्यता और उपलब्धियों से प्रभावित नहीं होते, वे आपके साथ बिताए समय में मिलने वाली सहजता और सकारात्मकता को भी याद रखते हैं। एक बात और, ‘मुस्कुराहट’, केवल दूसरों को ही प्रसन्न नहीं करती, बल्कि स्वयं हमारे मन को भी हल्का बनाती है। मनोविज्ञान में भी यह माना गया है कि मुस्कुराने से मस्तिष्क में ऐसे तंत्र सक्रिय हो सकते हैं जो भावनात्मक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसका अर्थ यह भी नहीं है कि मुस्कुराने से जीवन की सभी समस्याएँ समाप्त हो जाएँगी, लेकिन यह जरूर है कि प्रसन्न मन से समस्याओं का सामना करने की हमारी क्षमता जरूर बढ़ जाएगी।


याद रखिएगा, मुस्कुराने का अर्थ यह कतई नहीं है कि आप कभी दुखी न हों या हमेशा अपनी परेशानियों को छिपा कर रखें, या हर परिस्थिति में प्रसन्नता का दिखावा करें। जीवन में दुख, असफलता और निराशा भी स्वाभाविक हैं। बस इन परिस्थितियों को अपने पूरे व्यक्तित्व पर हावी न होने देना ही जीवन जीने की कला है।


अगर सहमत हों दोस्तों तो आज से एक छोटा-सा संकल्प लीजिए। सुबह उठकर स्वयं को मुस्कुराकर देखिए, परिवार के सदस्यों से प्रेमपूर्वक बात कीजिए, मिलने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत आत्मीयता से कीजिए और किसी उदास चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास कीजिए। हो सकता है आपकी एक मुस्कान किसी के लिए उस दिन की सबसे खूबसूरत घटना बन जाए। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि खुशियाँ हमेशा बड़ी उपलब्धियों में नहीं मिलती। कई बार एक छोटी-सी मुस्कान वह सुख दे जाती है, जिसे पाने के लिए हम पूरी जिंदगी बड़ी-बड़ी सुविधाओं के पीछे भागते रहते हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page