संसार पुरुष प्रधान और घर की दुनिया प्रेम प्रधान होती है…

Nov 19, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, आमतौर पर समाज को पुरुष प्रधान बताया जाता है। वहीं समाज का एक हिस्सा इसका विरोध भी करता है। इस विषय में अगर आप मेरी राय पूछेंगे तो मैं तो स्पष्ट तौर पर यही कहूँगा कि घर पुरुष चलाता है या स्त्री, यह सवाल ही गलत है क्योंकि मेरा तो बड़ा स्पष्ट मानना है कि संसार पुरुष प्रधान हो सकता है, लेकिन घर की दुनिया प्रेम प्रधान होती है। चलिए एक मजेदार कहानी से इसे समझने का प्रयास करते हैं-
एक राजा के मन में अनोखी जिज्ञासा पैदा हुई कि पता किया जाये कि घरों में वास्तविक सत्ता किसकी चलती है? पति की या पत्नी की? विचार आते ही उसने घोषणा कर दी कि जिस घर में पति का हुक्म चलता है, उसे उसकी पसंद का घोड़ा पुरस्कार में मिलेगा और जिस घर में पत्नी की चलती है, उसे एक सेब दिया जाएगा।
अगले दिन राज दरबार में लोगों की भीड़ लग गई और हर व्यक्ति सेब उठाकर लौटने लगा। राजा आश्चर्यचकित हो सोच रहा था कि क्या सचमुच उसके राज्य में एक भी ऐसा घर नहीं जहाँ पति की चलती हो? तभी एक हट्टा-कट्टा, घनी मूँछों वाला युवक दरबार में आया। उसने गर्व से कहा, “महाराज! मेरे घर में मेरा ही हुक्म चलता है।” उसकी बात सुन राजा की ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा और उसने तुरंत उस युवक को अपना मनपसंद घोड़ा चुनने की अनुमति दे दी। युवक ने एक काला घोड़ा पसंद किया और उसे लेकर राजा की जय-जयकार करता हुआ चला गया। लेकिन थोड़ी देर बाद ही वह युवा वापस लौट कर आया और हाथ जोड़ते हुए राजा से बोला, “महाराज, मेरी पत्नी कहती हैं कि काला रंग अशुभ होता है। घर में सफेद घोड़ा ही अच्छा लगेगा। इसलिए आप मुझे सफेद घोड़ा दे दीजिए।” युवा की बात सुन राजा ने माथा पीट लिया और कहा, “घोड़ा तो अब भूल जाओ, सेब लेकर घर जाओ!” इसी तरह पूरा दिन बीत गया।
रात को जब राजा आराम कर रहा था तब महामंत्री राज महल पहुँचे और दरवाजा खटखटाने लगे। जिसे सुन राजा ने पूछा, “इतनी रात गए कैसे आना हुआ?” महामंत्री बोले, “महाराज, आपने पुरस्कार में घोड़ा और सेब रखा था। यदि उसकी जगह अनाज या सोना रखा होता तो प्रजा के अधिक काम आता।” राजा, सहजता के साथ बोले, “मैं भी यही चाहता था, लेकिन महारानी ने सेब और घोड़ा रखने का सुझाव दिया।” जवाब सुन महामंत्री मुस्कुराते हुए बोले, “महाराज, तो क्या मैं आपके लिए सेब काट दूँ?” राजा मुस्कुराते हुए बोले, “मंत्री जी, आधी रात परेशान होने के स्थान पर यह सवाल तो आप कल भी पूछ सकते थे?” महामंत्री मासूमियत के साथ बोले, “महाराज, पत्नी ने कहा कि अभी जाओ और पूछकर आओ। इसलिए चला आया!” राजा ठहाका मार हँसे और बोले, “महामंत्री जी, सेब आप खुद ले जाएंगे या घर भिजवा दूँ?”
दोस्तों, कहानी हास्य से भरपूर है लेकिन साथ ही अपने अंदर बड़ा रोचक संदेश लिए हुए है। राजा हो या महामंत्री, बलशाली पति हो या बुद्धिमान पुरुष, घर की दुनिया में पत्नी का प्रभाव पद, पैसा, प्रतिष्ठा आदि सब से ऊपर होता है क्योंकि वह आदेश या प्रभाव से नहीं बल्कि प्रेम और अपनत्व से भरे व्यवहार से चलती है।
दोस्तों, समाज में चर्चा भले ही पुरुष प्रधानता की हो लेकिन हमारे घर, अधिकार और आदेश से नहीं भावनाओं और रिश्तों की संवेदनशीलता और छोटी-छोटी बातों में छिपे एक दूसरे के प्रभाव से चलते हैं। याने परिवार में निर्णय कौन ले रहा है से ज़्यादा महत्वपूर्ण यह होता है कि निर्णय लेते समय दोनों की भावनाओं और इच्छाओं का सम्मान रखा गया है या नहीं। इसलिए मेरा मानना है कि सफल दाम्पत्य वो नहीं है जिसमें किसी एक की चलती हो, बल्कि वह है जिसमें एक दूसरे की बातों को सुना जाता हो। जहाँ एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान रखने के लिए कभी पति अपनी पसंद छोड़कर पत्नी की खुशी चुन ले और कभी पत्नी अपने निर्णय में पति की भावनाओं को महत्व दे दे। याने जहाँ अधिकार जताने से अधिक एक-दूसरे को समझने की कोशिश हो। दोस्तों, घर किसी एक के आदेश से नहीं, दोनों के सहयोग से स्वर्ग बनता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments