समय नहीं है या प्राथमिकताएँ तय नहीं हैं?

Nov 20, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, इस आधुनिक युग में हमारी जीवन शैली से मैच करता हुआ सबसे सुविधाजनक बहाना, “मेरे पास समय नहीं है!”, कहना है। दोस्तों से मिल नहीं पाये या उनका फ़ोन नहीं उठा पाये, माता-पिता के पास बैठ नहीं पाए, किसी परिचित से मिलने नहीं जा पाए या अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाए, तो एक ही बहाना हर जगह काम आ जाता है, “क्या करें, समय ही नहीं मिलता!” आश्चर्य तो तब होता है दोस्तों, जब यही बात उन लोगों के मुँह से भी सुनाई देती है जो कुछ कर नहीं रहे या रिटायर हो चुके हैं।
ऐसे में मन में एक प्रश्न उठता है, आखिर यह समय की कमी है या हमारी सोच और प्राथमिकताओं में आया बदलाव? जरा पीछे मुड़कर देखिए, एक समय था जब किसी यात्रा में बारह घंटे लगते थे, आज वही दूरी चार घंटे में पूरी हो जाती है। पहले जिस संदेश को भेजने में कई दिन लगते थे, आज वही संदेश कुछ सेकंड में दुनिया के किसी भी कोने में पहुँच जाता है। पहले संयुक्त परिवार एक ही छत के नीचे रह लेता था, आज एकल परिवार में भी संवाद और अपनापन कम होता जा रहा है। शिक्षा, बैंकिंग, खरीदारी, चिकित्सा और न जाने कितनी सुविधाएँ ऑनलाइन उपलब्ध हैं। याने तकनीक ने निश्चित तौर पर हमारा बहुत सारा समय बचाया है, लेकिन हमने उस बचे हुए समय को रील देखने, सोशल मीडिया और निरर्थक चर्चाओं में बर्बाद कर दिया है। जिसका ज़रा सा भी हिसाब-किताब हमारे पास नहीं है। बात थोड़ा कड़वी है लेकिन दोहराना और समझना जरूरी है की आज हम दूसरों के जीवन की गतिविधियों से तो परिचित होते जा रहे हैं, लेकिन अपनों की मनःस्थिति नहीं समझ पा रहे हैं।
इस स्थिति का सबसे विकराल रूप तो तब दिखाई देता है जब कुछ मिनिट बचाने के लिए हम बाइक या कार चलाते हुए मोबाइल पर बात करते हैं या मेसेज करते या पढ़ते हैं; ट्रैफिक सिग्नल पर बेचैनी दिखाते हैं और कतार से बचने के लिए गलत रास्ता अपनाते हैं। ऐसे में मन में प्रश्न आता है कि समय बचाने की जल्दबाज़ी में कहीं हम उसी जल्दबाज़ी में अपना अनमोल जीवन तो नहीं गँवा रहे हैं? हमारे माता-पिता के पास भी दिन के वही चौबीस घंटे थे। वे परिवार के लिए समय निकालते थे, मित्रों और रिश्तेदारों से मिलते थे, सामाजिक जिम्मेदारियाँ निभाते थे और अपने दैनिक जीवन में एक संतुलन बनाए रखते थे। उनके पास आज जैसी सुविधाएँ नहीं थीं, फिर भी रिश्तों में निकटता और जीवन में ठहराव अधिक दिखाई देता था। आज हम घंटों आईपीएल देखते हैं, राजनीतिक बहसों में उलझते हैं, फिल्मी दुनिया की खबरें पढ़ते हैं और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं, लेकिन माता-पिता के पास बैठकर उनका हाल पूछने या किसी मित्र की परेशानी ध्यान से सुनने का समय नहीं निकाल पाते।
दोस्तों, यकीन मानियेगा, समय किसी के पास कम या अधिक नहीं होता। हम सभी को प्रतिदिन चौबीस घंटे ही मिलते हैं। अंतर केवल इतना होता है कि कोई इन्हें उद्देश्यपूर्ण कार्यों में लगाता है और कोई अनजाने में व्यर्थ की गतिविधियों में इसे बर्बाद कर देता है। इसलिए मेरा मानना है की समय निकालना दरअसल अपनी प्राथमिकताएँ तय करना है। जिस काम, व्यक्ति या उद्देश्य को हम वास्तव में महत्वपूर्ण मानते हैं, उसके लिए किसी न किसी तरह समय अवश्य निकाल लेते हैं। इसलिए दोस्तों, अगली बार जब भी “मेरे पास समय नहीं है” कहने का मन हो, तो एक क्षण रुककर स्वयं से पूछ लीजिएगा की क्या आपके पास सचमुच समय नहीं है या आपने उस कार्य या व्यक्ति को अपनी प्राथमिकताओं में स्थान नहीं दिया है?
दोस्तों, आज कहीं ना कहीं ज्यादातर लोगों ने ऑनलाइन गतिविधियों या अनावश्यक दिखावों में ख़ुद को इतना व्यस्त कर लिया है की उनके पास अपने परिवार, स्वास्थ्य, मित्रों और आत्म-विकास के लिए भी पर्याप्त समय नहीं है। आज अनावश्यक व्यस्तताएँ हमारे जीवन को संचालित कर रही हैं। याद रखिएगा, समय की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जब वह हमारे पास होता है, तब हम उसकी कीमत नहीं समझते। इसलिए समय बचाने से ज़्यादा उसे प्राथमिकताओं के आधार पर, सही जगह लगाना शुरू कीजिए क्योंकि जीवन घड़ी की सुइयों से नहीं, बल्कि अपनों के साथ बिताए अनमोल पलों और सपनों को हकीकत में बदलने से बनता है। इसलिए समय कमी के बहाने को छोड़िये और जीवन को केवल व्यस्तता नहीं, बल्कि सार्थकता के साथ जीना शुरू कीजिए।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments