top of page
Search

एक पाती शिक्षकों के नाम…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 14 hours ago
  • 3 min read

June 15, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

एक पाती शिक्षकों के नाम…


दोस्तों, नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने वाली है। देशभर के लाखों शिक्षक नई ऊर्जा, नए संकल्प और नई योजनाओं के साथ कक्षाओं में प्रवेश करेंगे। वे पाठ पढ़ाएँगे, गतिविधियाँ करवाएँगे, परीक्षाएँ लेंगे और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करेंगे।


लेकिन आज मैं शिक्षा जगत से जुड़े सभी शिक्षकों से एक विनम्र प्रश्न पूछना चाहता हूँ, “क्या हम अपने विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुन भी रहे हैं?” क्योंकि एक महान शिक्षक केवल वह नहीं होता जो विषय को अच्छी तरह पढ़ा सके। एक महान शिक्षक वह होता है जो अपने विद्यार्थियों के मन की आवाज़ सुन सके।


सच तो यह है कि अधिकांश बच्चे अपनी समस्याओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते। कोई बच्चा अपनी उदासी के बारे में नहीं बताता। कोई अपनी असुरक्षा को खुलकर स्वीकार नहीं करता। कोई यह नहीं कहता कि वह घर की परिस्थितियों से परेशान है। लेकिन उनकी भावनाएँ किसी न किसी रूप में सामने आ ही जाती हैं। कभी वे चुप हो जाते हैं। कभी उनका ध्यान पढ़ाई से भटक जाता है। कभी वे गुस्सैल दिखाई देते हैं। कभी वे शरारती बन जाते हैं और कई बार वे भीड़ में होते हुए भी अकेले महसूस करते हैं।


दुर्भाग्य से हम अक्सर व्यवहार को देखते हैं, उसके पीछे छिपे कारण को नहीं। हम पूछते हैं, “यह बच्चा इतना शरारती क्यों है?”; “यह ध्यान क्यों नहीं देता?”; “यह हमेशा उदास क्यों रहता है?” जबकि एक संवेदनशील शिक्षक का प्रश्न कुछ और होता है,“आख़िर इस बच्चे के जीवन में ऐसा क्या चल रहा होगा जिसके कारण वह ऐसा व्यवहार कर रहा है?” यही प्रश्न एक सामान्य शिक्षक और एक जीवन बदल देने वाले शिक्षक के बीच अंतर पैदा करता है।


दोस्तों, हर बच्चा अपनी एक अलग कहानी लेकर कक्षा में आता है। एक बच्चा ऐसे घर से आता है जहाँ उसे भरपूर प्रेम, प्रोत्साहन और सहयोग मिलता है। दूसरा बच्चा शायद आर्थिक संघर्षों से गुजर रहा होता है। एक विद्यार्थी के माता-पिता उसके हर सपने का समर्थन करते हैं। दूसरा शायद अपने ही घर में सुना और समझा जाने के लिए संघर्ष कर रहा होता है। एक बच्चा आत्मविश्वास से भरा होता है। दूसरा अंदर ही अंदर स्वयं को दूसरों से कम समझता रहता है। हालाँकि वे सभी एक ही कक्षा में बैठते हैं, लेकिन उनकी यात्राएँ बिल्कुल अलग होती हैं। यही कारण है कि शिक्षा का हृदय केवल ज्ञान नहीं, बल्कि सहानुभूति याने एमपैथी है। यहाँ दोस्तों सहानुभूति का अर्थ दया करना नहीं है। सहानुभूति का अर्थ है किसी बच्चे की परिस्थिति को उसकी दृष्टि से समझने का प्रयास करना। जब शिक्षक किसी बच्चे को समझने की कोशिश करता है, तो बच्चा केवल विद्यार्थी नहीं रह जाता—वह एक इंसान बन जाता है जिसकी भावनाएँ, सपने और संघर्ष भी महत्वपूर्ण हैं और यहीं से कक्षा का वातावरण बदलना शुरू होता है। जहाँ बच्चे स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हैं। जहाँ प्रश्न पूछने में डर नहीं लगता। जहाँ गलती करने पर अपमान नहीं होता। जहाँ तुलना की जगह विश्वास मिलता है और जहाँ सीखना एक बोझ नहीं, बल्कि एक आनंददायक यात्रा बन जाता है।


दोस्तों, एक शिक्षक दिन भर में हजारों शब्द बोलता है। लेकिन कई बार किसी विद्यार्थी का जीवन हजारों शब्दों से नहीं, बल्कि एक वाक्य से बदल जाता है, “मैं तुम पर विश्वास करता हूँ।”; “मैं तुम्हारी बात समझता हूँ।”; “तुम अकेले नहीं हो।” इसलिए नए सत्र की शुरुआत पर मैं हर शिक्षक से केवल एक ही बात कहना चाहता हूँ कि वे प्रतिदिन कक्षा में जाने से पहले ख़ुद से एक प्रश्न पूछें, “मैं अपने विद्यार्थियों के बारे में अभी क्या नहीं जानता?” शायद इस प्रश्न का उत्तर उन्हें एक बेहतर शिक्षक के मुक़ाबले एक ऐसा शिक्षक बना दे जो बच्चों की ज़िंदगी हमेशा के लिए बेहतरीन बना देता है। मेरे प्यारे शिक्षकों याद रखिएगा, बच्चे हमेशा यह याद नहीं रखते कि आपने उन्हें क्या पढ़ाया था। वे तो जीवनभर बस इतना याद रखते हैं कि आपने उन्हें कैसा महसूस कराया था।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर


 
 
 

Comments


bottom of page