top of page
Search

महान उपलब्धियों के साथ एक अच्छा इंसान बने रहें…

Writer: Niermal Bhatnaagar
Niermal Bhatnaagar
11 minutes ago
3 min read

Nov 26, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, यह सही है कि आकाश हमें अपने अस्तित्व के छोटे होने का एहसास करवाती है, लेकिन साथ ही डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जैसे व्यक्तित्व का जीवन ध्यान से देखना, हमें सपनों की उड़ान की विशालता का एहसास करवाता है। जी हाँ दोस्तों, डॉ. कलाम का मानना था कि पूरा ब्रह्मांड उन लोगों के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ बनाने में सहयोग करता है, जो सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करते हैं। वैसे यह सही भी है, वास्तव में सपने केवल कल्पनाओं का संसार नहीं होते, बल्कि वे भविष्य की संभावनाओं का पहला कदम होते हैं। लेकिन आप अपने सपनों को तभी साकार कर पाते हैं, जब आप भाग्य या परिस्थितियों के भरोसे बैठने के स्थान पर उन्हें साकार करने का संकल्प लेकर, सही दिशा में निरंतर परिश्रम करते हैं। इसलिए ही मेरा मानना है कि अवसर उसी व्यक्ति के लिए अर्थपूर्ण बनते हैं, जो उन्हें पहचानने और उनका उपयोग करने की तैयारी रखता है।


डॉ कलाम का जीवन हमें यह भी सिखाता है कि सफलता केवल ऊँचे पद, बड़ी उपलब्धियों और आर्थिक समृद्धि से नहीं मापी जानी चाहिए। क्योंकि हमारे व्यक्तित्व का वास्तविक सौंदर्य महंगे कपड़ों, आकर्षक चेहरे या बाहरी प्रसाधनों से नहीं, बल्कि हमारे भीतर मौजूद मानवीय गुणों से निखरता है। इसलिए सपनों को पूरा करने के लिए परिश्रम करते वक्त हमें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि इस पूरी यात्रा में हम बेहतर इंसान बन रहे हैं या नहीं।


आप स्वयं कल्पना कीजिए, यदि हम सभी के होंठों पर सत्य हो, आँखों में संवेदना हो, आवाज में प्रार्थना और विनम्रता हो, हाथों में परोपकार हो, चेहरे पर मुस्कान हो और हृदय में प्रेम हो, तो हम सबका व्यक्तित्व और यह दुनिया कितनी सुंदर बन सकती है। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि सत्य हमारे शब्दों को विश्वसनीय बनाता है, संवेदना हमें दूसरों का दर्द समझना सिखाती है, प्रार्थना हमें विनम्र बनाती है और परोपकार हमारे जीवन को दूसरों के लिए उपयोगी बनाता है। मुस्कान कठिन परिस्थितियों में भी आशा बनाए रखती है, जबकि प्रेम रिश्तों में वह गर्माहट पैदा करता है जिसे कोई धन या सुविधा नहीं खरीद सकती।


इसके लिए हमें इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में समझना होगा कि आत्मविश्वास और योग्यता एक ही चीज नहीं हैं। आत्मविश्वास हमें किसी काम को करने का साहस देता है, लेकिन उस काम को अच्छी तरह करने के लिए ज्ञान, कौशल, अनुभव और निरंतर अभ्यास चाहिए। केवल ऊँची आवाज में अपनी क्षमता का दावा कर देने से कोई व्यक्ति सक्षम नहीं बन जाता। वास्तविक योग्यता का परिचय उसके परिणाम, कार्यशैली और व्यवहार से मिलता है। कई बार हम अपनी बात रखने की क्षमता को ही अपनी विशेषज्ञता समझ बैठते हैं। अपनी उपलब्धियों का बखान करने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि स्वयं को बेहतर बनाने की आवश्यकता भूल जाते हैं। इसके विपरीत, वास्तविक रूप से सक्षम व्यक्ति अपनी कमियों को स्वीकार करता है, दूसरों से सीखता है और अपने काम को निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास करता है।


दोस्तों, आत्मविश्वास का सबसे सुंदर रूप वही है जिसमें विनम्रता भी शामिल हो। इसलिए जीवन में तीन बातों का संतुलन हमेशा बनाए रखिए। पहला, सपने इतने बड़े हों कि वे हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा दें। दूसरा, हृदय इतना विशाल हो कि उसमें दूसरों के लिए प्रेम और संवेदना बनी रहे और तीसरा, व्यक्तित्व इतना विनम्र हो कि हम अपनी योग्यता को निरंतर निखारते रहें।


याद रखिएगा, सपने आपको ऊँचाइयों तक पहुँचने की दिशा देते हैं, अच्छे संस्कार आपको इंसान बनाए रखते हैं और वास्तविक योग्यता आपको उस ऊँचाई पर टिके रहने का सामर्थ्य देती है। दोस्तों, आकाश को छूने की आकांक्षा रखिए, लेकिन अपने पैरों को जमीन से जुड़े रहने दीजिए क्योंकि जीवन की सबसे बड़ी सफलता केवल महान बनना नहीं, बल्कि महान उपलब्धियों के साथ एक अच्छा इंसान बने रहना है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page