top of page
Search

अज्ञानता नहीं, अधूरा ज्ञान है खतरनाक…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 13 hours ago
  • 3 min read

Mar 4, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, जानते हैं जीवन में सबसे खतरनाक चीज़ अज्ञानता नहीं, अधूरा ज्ञान है क्योंकि अज्ञानता, इंसान को विनम्र बनाती है; उसे सीखने के लिए प्रेरित करती है। इसके विपरीत अधूरा ज्ञान व्यक्ति को भ्रमित भी करता है और अहंकारी भी बनाता है क्योंकि अधूरे ज्ञान वाला व्यक्ति इस समझ के साथ जीता है कि वह जानता है, जबकि सच में वह आधी-अधूरी जानकारी रखता है और यही आधा-अधूरा ज्ञान उसके जीवन में उलझन पैदा करता है। उलझन, डर को जन्म देती है और डर इंसान को खुलकर जीने नहीं देता।


याद रखियेगा, अगर आप नई बातों को स्वीकारने और सीखने के लिए तैयार नहीं हैं, तो आपका ज्ञान स्थिर हो जाता है और स्थिर ज्ञान धीरे धीरे जड़ता में बदल जाता है। इसलिए जीवन को खुलकर जीना चाहते हैं तो ग्रोथ माइंडसेट रखें। इसके बिना सीखने की भूख को बनाए रखना मेरी नजर में असंभव है।


दोस्तों, आज के समय में यह समस्या और गहरी हो गई है। त्यौहार जो कभी हँसी, मेल-मिलाप और आशीर्वाद के प्रतीक होते थे, आज कई लोगों के लिए डर और अंधविश्वास का विषय बन गए हैं। लोग आज उत्साह के साथ त्यौहार मनाने के स्थान पर पूछते हैं, “यह मुहूर्त सही है या नहीं?”; “यह दिन शुभ है या अशुभ?”; “यह काम आज करना ठीक रहेगा या नहीं?” मुझे बहुत अच्छे से याद है, बचपन में हमारे लिए त्यौहार का मतलब था नए कपड़े, मिठाई, दोस्तों के साथ खेलना, बड़ों का आशीर्वाद लेना और मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन करना। उस वक्त खुशी सरल थी; विश्वास सरल था; जीवन हल्का था। लेकिन आज जानकारी अधिक है, पर शांति कम है। ज्ञान बढ़ा है, पर स्पष्टता घटी है और इसका कारण है, अधूरी समझ।


इसी बात को समझाते हुए स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था, “अंधविश्वास मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है।” इसलिए वे युवाओं को सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास करने के स्थान पर प्रश्न पूछने, सोचने और समझने के लिए प्रेरित करते थे। उनका मानना था कि सच्चा ज्ञान इंसान को निर्भय बनाता है। अगर कोई बात आपको डरा रही है, तो इसका सीधा सा अर्थ है आप अधूरे ज्ञान के शिकार हैं। इससे बचना चाहते हो तो सबसे पहले उस विषय में अपना ज्ञान बढ़ाओ और यह समझने का प्रयास करो कि ‘डर क्यों पैदा हो रहा है?’; जो बात आपको डरा रही है वह तथ्य है या केवल धारणा? याद रखियेगा, आधा-अधूरा ज्ञान मन को बांधता है, लेकिन पूरा ज्ञान मन को मुक्त करता है।


याद रखियेगा दोस्तों, ज्ञान का उद्देश्य डर पैदा करना नहीं, डर मिटाना है। अगर आपकी जानकारी आपको तनाव दे रही है, तो सबसे पहले यह स्वीकारिये कि अभी आप अधूरी जानकारी के साथ हैं। इसलिए रुकिए, गहराई में जाइए, स्रोत खोजिए और सवाल पूछिए याने ग्रोथ माइंडसेट रखिए क्योंकि ग्रोथ माइंडसेट का अर्थ है, ‘हर दिन सीखने के लिए तैयार रहना। गलत साबित होने का साहस रखना। नई समझ को अपनाने की विनम्रता रखना।’


दोस्तों, जीवन का आनंद तभी संभव है जब मन स्वतंत्र हो और मन तभी स्वतंत्र होता है जब वह भ्रम से मुक्त हो। त्यौहारों की असली आत्मा भय नहीं, विश्वास है। रिश्तों की असली ताकत अंधविश्वास नहीं, समझ है और जीवन की असली उन्नति अधूरे ज्ञान से नहीं, निरंतर सीखने से होती है। इसलिए रंगों के त्यौहार के दिन आज एक संकल्प लें, “हम सुनी-सुनाई बातों के शिकार नहीं बनेंगे। हम सीखेंगे, समझेंगे और फिर विश्वास करेंगे।”


दोस्तों, अंत में इतना ही कहूँगा, डर से भरा जीवन सुरक्षित तो लग सकता है, लेकिन खुलकर जिया हुआ जीवन ही सार्थक होता है। इसलिए हमेशा याद रखिए, ज्ञान तब तक अधूरा है, जब तक वह आपको निर्भय न बना दे। रंगों के त्यौहार होली की शुभकामनाओं सहित…


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page