top of page
Search

अपनी सकारात्मकता से दूसरों के जीवन को बनाएँ बेहतर !!!

Writer: Nirmal Bhatnagar
Nirmal Bhatnagar
47 minutes ago
3 min read

Sep 21, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, जीवन बदलने के लिए अक्सर लोग परिस्थितियों के बदलने का इंतज़ार करते हैं, जबकि हमारी जिंदगी में सबसे बड़ा बदलाव नजरिया बदलने से आता है। याने परिस्थितियों के बदलने का इन्तज़ार करने के स्थान पर, अगर हम उन्हें देखने वाली अपनी दृष्टि को बदल लें तो जीवन अपने आप बदल जाता है। इसी वजह से एक ही परिस्थिति में होते हुए भी दो लोग बिल्कुल अलग-अलग निर्णय लेते हैं और उनमें से एक व्यक्ति अवसर खोज लेता है, जबकि दूसरा केवल समस्याएँ देखता रह जाता है।


अंतिम परिणाम का यह अंतर परिस्थितियों के बदलने की वजह से नहीं, बल्कि सोचने के तरीके में आए बदलाव की वजह से आता है। जब आप नए नजरिये के साथ सोचने का निर्णय लेते हैं, तब सबसे पहले हमारे विचार बदलते हैं। फिर विचारों में आया यह बदलाव धीरे-धीरे हमारी मान्यताएँ बदलता है। मान्यताएँ हमारे निर्णयों को प्रभावित करती हैं, निर्णय हमारी आदतें बनाते हैं और आदतें अंततः हमारे जीवन की दिशा तय करती हैं। यदि आप हर चुनौती को खतरा मानेंगे, तो डर आपके कदम रोकता रहेगा। लेकिन यदि आप चुनौती को सीखने का अवसर मानेंगे, तो वही परिस्थिति आपके विकास का माध्यम बन सकती है। इसलिए ही मैं हमेशा कहता हूँ, “नई जिंदगी की शुरुआत कई बार नए अवसर से नहीं, एक नए विचार से होती है।”


दोस्तों, जीवन में बदलाव चाहते हैं तो अपने आप से पूछिए, “क्या मैं वर्षों से वही सोच दोहरा रहा हूँ? क्या पुराने अनुभव आज भी मेरे निर्णयों को नियंत्रित कर रहे हैं? क्या मैं असफलता के डर से उन संभावनाओं को नज़रअंदाज़ कर रहा हूँ, जिन्हें एक साहसी कदम खोल सकता है?” याद रखिएगा, सोच बदलने का अर्थ केवल सकारात्मक बातें करना नहीं है। इसका अर्थ है अपने भीतर के प्रश्नों को बदलना। जैसे, “मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है?” की जगह पूछिए, “बार-बार चुनौतीपूर्ण स्थितियों से ईश्वर मुझे क्या सिखाना चाहता है?” इसी तरह “लोग मेरी मदद क्यों नहीं करते?” की जगह सोचिए, “मैं किसके लिए उपयोगी बन सकता हूँ?” और “मैं यह नहीं कर सकता” की जगह पूछिए, “इसे सीखने के लिए मुझे पहला कदम क्या उठाना होगा?” दोस्तों, जब प्रश्न बदलते हैं, तो संभावनाएँ दिखाई देने लगती हैं।


विचारों की वास्तविक शक्ति केवल हमारी सफलता में नहीं, हमारे व्यवहार में भी दिखाई देती है। यदि आप अपने मन में शांति चाहते हैं, तो अपने आसपास अशांति फैलाने वाली आदतों पर ध्यान दीजिए। हर बात पर प्रतिक्रिया देना, दूसरों से लगातार तुलना करना, आलोचना में आनंद खोजना और हर व्यक्ति को अपनी अपेक्षाओं के अनुसार बदलना चाहना, आदि सब भीतर का संतुलन कमजोर करते हैं। इस दुनिया में हर किसी को खुश करना संभव नहीं है। लेकिन अपने व्यवहार से किसी को अनावश्यक दुख न देना और जहाँ संभव हो, किसी के जीवन में खुशी जोड़ना हमारे हाथ में है। इसके लिए आप किसी की मेहनत की सराहना कर सकते हैं। किसी की बात ध्यान से सुन सकते हैं। किसी की गलती पर अपमान के बजाय मार्गदर्शन दे सकते हैं और किसी परेशान व्यक्ति के लिए अपना साथ दे सकते हैं। ये छोटे-छोटे व्यवहार न केवल दूसरों के जीवन को बेहतर बनाते हैं, बल्कि हमारे भीतर भी शांति का निर्माण करते हैं। इसलिए ही कहते हैं, “शांति केवल एक भावना नहीं है; यह हमारे विचारों, शब्दों और कर्मों से निर्मित वातावरण है। जिस मन में करुणा है, वहाँ संबंधों में गर्माहट आती है। जिस मन में संतुलन है, वहाँ संघर्षों का प्रभाव कम होता है और जिस मन में सकारात्मक दृष्टि है, वह कठिन परिस्थितियों में भी समाधान खोजने की क्षमता बनाए रखता है।” इसलिए दुनिया को बदलने की इच्छा रखने से पहले अपने भीतर की दुनिया पर काम कीजिए। अपनी सोच को विस्तृत कीजिए। अपने शब्दों को संवेदनशील बनाइए। अपने व्यवहार में उदारता लाइए और अपने मन को अनावश्यक नकारात्मकता का घर मत बनने दीजिए। जिस शांति को आप अपने भीतर विकसित करते हैं, उसका प्रभाव धीरे-धीरे आपके परिवार, आपके कार्यस्थल और आपके पूरे परिवेश तक पहुँच सकता है। इसलिए सोचने का तरीका बदलिए, प्रश्नों की गुणवत्ता बदलिए और अपने व्यवहार में ऐसी सकारात्मकता लाइए जो दूसरों के जीवन को भी बेहतर बनाए।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page