आपका व्यवहार ही आपके चरित्र की पहचान है…
- Nirmal Bhatnagar

- 15 hours ago
- 3 min read
Aug 17, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, अगर आप किसी का चरित्र पहचानना चाहते हैं तो सिर्फ यह मत देखिए कि वह अपने वरिष्ठ अधिकारियों, प्रभावशाली लोगों या बड़े मेहमानों से कैसा व्यवहार करता है। बल्कि यह देखिए कि वह उन लोगों से कैसा व्यवहार करता है, जिनसे उसे कोई लाभ मिलने की संभावना नहीं है। याने आप होटल में वेटर से, ऑफिस में चपरासी से, घर में काम करने वाले कर्मचारी से, सड़क पर सुरक्षा गार्ड से या फिर किसी ऐसे व्यक्ति से, जो आपकी मदद नहीं कर सकता, किस तरीक़े से व्यवहार करते हैं उसी से आपका वास्तविक चरित्र दिखाई देता है। याद रखियेगा, उस व्यक्ति को सम्मान देना आसान है, जिससे हमें कुछ प्राप्त होने की उम्मीद हो। लेकिन बिना किसी स्वार्थ के हर व्यक्ति का सम्मान करना ही संस्कार है।
दोस्तों, सच्ची ताकत कभी शोर नहीं करती। जो व्यक्ति भीतर से मजबूत होता है, उसे अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए किसी को छोटा दिखाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वह दूसरों को दबाकर नहीं, उन्हें उठाकर आगे बढ़ता है क्योंकि मजबूत व्यक्ति अधिकार का सदुपयोग करता है। इसके विपरीत कमज़ोर व्यक्ति अधिकार का प्रदर्शन करता है। यही वह कारण है जिसकी वजह से महान नेता अपने पद से नहीं, अपने व्यवहार से पहचाने जाते हैं।
दोस्तों, आज समाज में एक नई प्रवृति तेजी से बढ़ती देखी जा सकती है। आज समाज का एक तबका हर चर्चा को बहस, संघर्ष, मुद्दा या विवाद बनाने में मजा ले रहा है। उनके लिए सारा जीवन एक नाटक के समान होता है। ऐसे लोगों को आपकी शांति नहीं, प्रतिक्रिया चाहिए होती है। वे चाहते हैं कि आप भी उसी भावनात्मक उथल-पुथल का हिस्सा बन जाएँ। ऐसी स्थति में हमेशा याद रखिएगा, हर बहस में शामिल होना बुद्धिमानी नहीं होती। जिस प्रकार हम हर सड़क पर नहीं मुड़ते, उसी प्रकार हमें हर विवाद में भी नहीं उतरना चाहिए। परिपक्व व्यक्ति यह जानता है कि कहाँ बोलना है और कहाँ मुस्कुराकर आगे बढ़ जाना है। इस दुनिया में कई बार मौन जीतता है, तर्क नहीं। इसी तरह कई बार दूरी रिश्ते बचा लेती है, बहस नहीं।
दोस्तों, जीवन का एक अद्भुत नियम है, हम वही आकर्षित करते हैं, जो हम भीतर से बनते हैं। यदि मन शिकायतों से भरा होगा, तो हर जगह शिकायत ही दिखाई देगी। यदि मन सम्मान से भरा होगा, तो लोग भी आपको सम्मान देना शुरू कर देंगे। यदि आप ईमानदारी को सम्मान देते हैं, तो धीरे-धीरे आपका व्यक्तित्व भी ईमानदारी का आईना बन जाएगा। यदि आप करुणा की प्रशंसा करते हैं, तो करुणा आपके व्यवहार में उतरने लगेगी। इसीलिए कहा गया है, “जिसका आप सम्मान करते हैं, धीरे-धीरे आप स्वयं वैसा बनने लगते हैं।” इसलिए अपने आदर्श सोच-समझकर चुनिए। क्योंकि आपका भविष्य आपके आदर्शों की दिशा में ही आकार लेता है।
दोस्तों, यदि आप चाहते हैं कि लोग आपको अच्छा इंसान कहें, तो अच्छा दिखने का प्रयास मत कीजिए। अच्छा बनने का प्रयास कीजिए। क्योंकि अभिनय कुछ समय तक चलता है, लेकिन चरित्र पूरी जिंदगी दिखाई देता है। अंत में बस एक बात याद रखिएगा, आपका पद लोगों को प्रभावित कर सकता है। आपकी सफलता लोगों को आकर्षित कर सकती है। लेकिन आपका चरित्र ही लोगों के हृदय में आपके लिए स्थायी सम्मान पैदा करता है। इसलिए हर दिन स्वयं से केवल एक प्रश्न पूछिए, “क्या आज मेरे व्यवहार से किसी ऐसे व्यक्ति का सम्मान बढ़ा, जो मेरे लिए कुछ नहीं कर सकता था?” यदि उत्तर "हाँ" है, तो विश्वास रखिएगा, आप केवल सफल नहीं, बल्कि एक श्रेष्ठ इंसान बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments