एक विचार, जो बदल सकता है आपकी ज़िंदगी...

Jul 10, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, हर इंसान अपने जीवन में कुछ ना कुछ बड़ा कर गुजरने की चाह रखता है और इसीलिए लगातार उस विषय में सोचता है। परिणामस्वरूप हममें से अधिकांश लोग अपने जीवन में कई शानदार विचारों याने आईडिया को जन्म देते हैं। यह विचार हमें कभी एक नया व्यापार शुरू करने के लिए प्रेरित करते हैं, तो कभी किसी समस्या का अनूठा और बड़ा प्रभावकारी हल सुझाते हैं, तो कई बार लीक से अलग हटकर बिल्कुल ही कुछ नया करने की प्रेरणा देते हैं। लेकिन हमारे मन में आए ये अनूठे विचार अक्सर दिमाग़ या फिर उस डायरी या कॉपी में ही रह जाते हैं, जिसमें इन्हें लिखा गया था। अर्थात् जीवन या दुनिया को बदलने का दम रखने वाले ये विचार कभी धरातल पर उतर ही नहीं पाते हैं।
दोस्तों, मेरी नजर में तो बेहतरीन से भी बेहतरीन विचार तब तक बेकार है, जब तक उसे अमल में ना लाया जाये और इसके ठीक विपरीत एक साधारण विचार भी अगर पूरे समर्पण और योजना के साथ क्रियान्वित किया जाए, तो वो ज़िंदगी बदल सकता है। इसलिए दोस्तों मेरा मानना है कि हमारी सफलता विचारों की संख्या पर नहीं अपितु उन विचारों पर लिए गए एक्शन पर निर्भर करती है।
चलिए इसी बात को मैं आपको एक उदाहरण से समझाने का प्रयास करता हूँ। कल्पना कीजिए कि एक व्यक्ति के पास दुनिया की सबसे अनोखी किताब लिखने का विचार है। वह रोज़ सोचता है, अपने दोस्तों को बताता है, लेकिन कभी लिखना शुरू नहीं करता। दूसरी ओर एक साधारण लेखक है, जिसके पास एक सीधी-सादी कहानी है, लेकिन उसने रोज़ थोड़ा-थोड़ा लिखना शुरू कर दिया। कुछ महीनों में उसकी किताब तैयार हो गई और प्रकाशित भी हो गई। अब बताइए, किसने सफलता पाई? उस लेखक ने ना, जिसने अपने विचार को रोज़ कागज पर उतारा। इसका अर्थ हुआ सफलता के लिए सिर्फ़ किसी विषय या आईडिया पर सोचना भर काफ़ी नहीं है, उसके लिए रोज़ आपको उस विचार या आईडिया पर काम करना पड़ेगा।
लोग अक्सर कहते हैं, “मेरे पास भी ऐसे बहुत से आइडिया हैं”, लेकिन जब आप पूछते हैं कि “क्या आपने कुछ शुरू किया?”, तो जवाब होता है, “नहीं, अभी समय नहीं मिला”, “थोड़ी तैयारी बाकी है”, या “असफल होने का डर लगता है”। यही डर, यही देरी, हमें हमारी सफलता से दूर रखती है। हमें यह समझना होगा कि हर बड़ा काम एक छोटे से कदम से शुरू होता है। अगर हम सोचते रहेंगे और करेंगे नहीं, तो हम कभी नहीं जान पाएंगे कि हमारे भीतर क्या क्षमता है।
याद रखिएगा दोस्तों, इन्फ़ोसिस, रिलायंस, टेस्ला, अमेजन, फेसबुक आदि सब सिर्फ अच्छे विचार या आईडिया से नहीं बनी है। इन सभी के पीछे ऐसे लोग थे जिन्होंने अपने आइडिया पर भरोसा किया, उसे धरातल पर उतारा और पूरी मेहनत से उसे आकार दिया। इसलिये दोस्तों, अगली बार जब कोई अच्छा विचार आपके मन में आए, तो उसे सिर्फ सोच कर छोड़िएगा मत। उसे एक नोटबुक पर उतारियेगा, उसे अमल में लाने का विस्तृत प्लान बनाइएगा और हर दिन उस प्लान के आधार पर छोटे-छोटे कदम उठाइयेगा। अर्थात् अपने आईडिया या सपने को हकीकत बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़िएगा।
याद रखिएगा दोस्तों, आपके पास हजारों बेहतरीन विचार हो सकते हैं, लेकिन अगर आप सिर्फ़ इन विचारों पर सोचते रहेंगे और कोई कदम नहीं उठायेंगे तो एक दिन यह विचार भुला दिए जाएँगे। लेकिन अगर आपने इसमें से किसी एक छोटे से विचार को भी पूरी ईमानदारी से अपना लिया, उसे योजनाबद्ध तरीके से लागू किया, तो यकीनन एक दिन वह विचार आपके जीवन को बदल देगा। इसलिए दोस्तों, सफलता चाहते हो तो विचारों को उड़ाने दो, लेकिन साथ ही उसे जमीन पर उतारने के लिए कर्म करते रहो क्योंकि बदलता वही है, जो कर्म करता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments