कर्म को ही हमेशा अपना उत्तर बनायें…
- Nirmal Bhatnagar

- 2 hours ago
- 3 min read
Mar 12, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन की यात्रा कभी सीधी और सरल नहीं होती। जिस प्रकार एक नदी अपने उद्गम से निकलकर सागर तक पहुँचने के लिए अनेक चट्टानों, मोड़ों और अवरोधों का सामना करती है, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने लक्ष्य तक पहुँचने के लिए अनेक विरोधों और रुकावटों से गुजरना पड़ता है। जिस तरह नदी तमाम रुकावटों के बावजूद भी ना रुकती है, ना शिकायत करती है वह तो बस हर अवरोध से टकराकर और अधिक वेग से आगे बढ़ती है और अंततः अपने लक्ष्य, विशाल सागर तक पहुँचती है। मानव जीवन भी कुछ ऐसा ही है। जीवन में जितना बड़ा लक्ष्य होगा, उतनी ही बड़ी चुनौतियाँ और उतने ही अधिक विरोध सामने आएँगे। जो व्यक्ति इन विरोधों और चुनौतियों का सामना करते हुए और अधिक फोकस हो जाता है वह तेज गति से अपने लक्ष्य तक पहुँच जाता है। इसके विपरीत जब कोई व्यक्ति सामान्य जीवन जीता है, तो उसे ज्यादा विरोध, ज्यादा चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ता। याने जो व्यक्ति कुछ अलग करने का प्रयास करता है, कुछ बड़ा सोचता है, या समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करता है, उसे ही आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ता है।
दोस्तों, यह विरोध कई रूपों में आता है। कभी आप इसे उपहास के रूप में देखते हैं, तो कभी ईर्ष्या के रूप में, कई बार तो यह निराश करने वाली टिप्पणियों के रूप में आपके सामने आता है। बहुत से लोग ऐसे क्षणों में टूट जाते हैं। वे सोचते हैं कि यदि लोग उनका विरोध कर रहे हैं, तो शायद वे गलत दिशा में जा रहे हैं। लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल उलट होती है। अक्सर विरोध इस बात का संकेत होता है कि आप कुछ अलग और महत्वपूर्ण कर रहे हैं।
इतिहास में ऐसे अनेक उदाहरण हैं जहाँ महान व्यक्तियों को अपने जीवन में भारी विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने उसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। ऐसे ही एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व थे निकोल टेस्ला। टेस्ला ने आधुनिक विद्युत प्रणाली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जब उन्होंने ए.सी. याने अल्टरनेटिंग करंट प्रणाली को विकसित किया, तब उस समय के कई प्रभावशाली लोगों ने उनके विचारों का विरोध किया; उनके काम का मजाक उड़ाया, उन्हें असफल बताने की कोशिश की, और कई बार तो उनके रास्ते में बाधाएँ भी खड़ी की गई। लेकिन टेस्ला ने इन विरोधों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखा। उन्होंने अपने विचारों पर विश्वास किया और निरंतर प्रयास करते रहे। परिणाम यह हुआ कि आज पूरी दुनिया में बिजली की आपूर्ति का आधार वही प्रणाली है जिसे कभी असंभव बताया गया था।
दोस्तों, यह घटना हमें एक गहरी सीख देती है, हमें विरोध से डरने के बजाय उसे समझना चाहिए। विरोध हमारे भीतर छिपी शक्ति को जगाने का काम करता है। जब परिस्थितियाँ कठिन होती हैं, तब ही हमारे धैर्य, साहस और आत्मविश्वास की वास्तविक परीक्षा होती है। अगर आप गहराई से देखेंगे तो पायेंगे, विरोध करने वाला व्यक्ति हमारे जीवन में अनजाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वो हमें चुनौती देता है, हमें मजबूत बनाता है और हमें यह साबित करने का अवसर देता है कि हम क्या कर सकते हैं। इसलिए मेरा तो यह मानना है कि यदि जीवन में कोई विरोध न हो, तो शायद हम अपनी पूरी क्षमता को कभी पहचान ही नहीं पायेंगे; उसे पूरी तरह विकसित ही नहीं कर पायेंगे।
इसलिए दोस्तों, जब जीवन में आलोचना या विरोध सामने आए, तो उसे व्यक्तिगत अपमान के रूप में न लें। उसे एक संकेत के रूप में देखें और ख़ुद को याद दिलाएँ कि यह इस बात का संकेत है कि आप आगे बढ़ रहे हैं। इसलिए नदी की तरह अपने प्रवाह को बनाए रखें। चट्टानें आएँगी, लेकिन वे अंततः या तो रास्ता छोड़ देंगी या उसी प्रवाह में बह जाएँगी। याद रखिएगा, महान लक्ष्य हमेशा संघर्ष के रास्ते से ही प्राप्त होते हैं और विरोध रास्ता रोकने के लिए नहीं, बल्कि आपकी ताकत जगाने के लिए आता है। इसलिए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखिए, विरोधियों की उपेक्षा कीजिए और अपने कर्म को ही अपना उत्तर बनने दीजिए क्योंकि अंततः सफलता उसी की होती है, जो रुकने के स्थान पर हर चुनौती को पार करते हुए आगे बढ़ता रहता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments