top of page
Search

चुनौतियाँ आपको रोकने नहीं, गढ़ने के लिए आती हैं…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • Feb 27
  • 2 min read

Feb 27, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, जीवन की असली सुंदरता आराम में नहीं, चुनौती में छिपी होती है। जब सब कुछ आसान चलता है, तब हम बस जीते हैं; लेकिन जब कठिनाइयाँ आती हैं, तब हम बनते हैं। याद रखिए—जीवन की यात्रा रोमांचक तब बनती है, जब हम अपनी कमजोरियों से भागते नहीं, बल्कि उन्हें चुनौती देते हैं। कमजोरी कोई दोष नहीं है; वह तो एक संकेत है कि यहीं आपकी अगली ताकत छिपी है।


अक्सर हम चाहते हैं कि जीवन में सिर्फ़ अच्छे लोग मिलें, जो हमें सराहें, हमारा साथ दें। लेकिन सच्चाई यह है कि कभी-कभी हमारे विरोधी हमें वह सिखा जाते हैं जो दोस्त भी नहीं सिखा पाते। दोस्त हमारी प्रशंसा करते हैं, पर आलोचक हमें आईना दिखाते हैं। दोस्त हमें सांत्वना देते हैं, पर विरोधी हमें मजबूत बनाते हैं।


एक छोटी-सी घटना पर ध्यान दीजिए। एक युवक तैरना सीखना चाहता था, लेकिन पानी से डरता था। उसके दोस्त उसे कहते रहे—“तू कर लेगा, तू बहादुर है।” वह खुश तो हुआ, पर डर गया नहीं। एक दिन एक प्रशिक्षक ने कहा—“अगर डर से भागेगा तो जिंदगी भर किनारे खड़ा रहेगा।” यह वाक्य चुभ गया। उसने उसी दिन पानी में छलांग लगाई और कुछ ही महीनों में वही युवक तैराकी प्रतियोगिता जीत गया। उसे प्रेरणा दोस्तों की तारीफ से नहीं, चुनौती देने वाले शब्दों से मिली।


इसी सत्य को अपने जीवन में साबित किया मलाला यूसुफज़ई ने। जब उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज़ उठाई, तो उन्हें धमकियाँ मिलीं, विरोध मिला, यहाँ तक कि जानलेवा हमला भी झेलना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा, “डर आपको रोक सकता है, लेकिन विश्वास आपको आगे बढ़ाता है।” विरोध और खतरे उनके दुश्मन थे, पर वही उनकी ताकत बन गए। उन्हीं चुनौतियों ने उन्हें दुनिया की सबसे युवा नोबेल पुरस्कार विजेता बना दिया। अगर वे डर जातीं, तो शायद इतिहास उन्हें कभी जान ही नहीं पाता। दोस्तों, समस्या यह नहीं है कि जीवन में कठिनाइयाँ क्यों आती हैं?, समस्या यह है कि हम उन्हें कैसे देखते हैं। निराश व्यक्ति चुनौती को बाधा मानता है। आशावादी व्यक्ति चुनौती को अवसर मानता है।


आशावाद कोई जन्मजात गुण नहीं है; यह अभ्यास से विकसित होने वाली शक्ति है। हर बार जब आप गिरकर उठते हैं, हर बार जब आप हारकर सीखते हैं, हर बार जब आप डरकर भी आगे बढ़ते हैं—तब आपके भीतर आशावाद जन्म लेता है। आज से एक छोटा-सा नियम अपनाइए, जब भी जीवन में कठिनाई आए, खुद से पूछिए: “यह मुझे रोकने आई है या मुझे मजबूत बनाने?” आप पाएँगे कि अधिकतर चुनौतियाँ आपको रोकने नहीं, आपको गढ़ने आती हैं।


दोस्तों, दुनिया के सबसे मजबूत लोग वे नहीं होते जिनकी राह आसान थी। वे होते हैं जिनकी राह कठिन थी—और जिन्होंने फिर भी चलना नहीं छोड़ा। इसलिए चुनौतियों से डरिए मत। उन्हें स्वीकार कीजिए, मुस्कुराकर सामना कीजिए, और उनसे सीखिए। क्योंकि याद रखिए, जीवन की सबसे रोमांचक कहानियाँ वही लोग लिखते हैं, जो अपनी कमजोरियों को चुनौती देने का साहस रखते हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page