top of page
Search

बोले गए शब्द नहीं, व्यवहार आपकी पहचान बनाता है…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 17 hours ago
  • 3 min read

Apr 12, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, आज के इस आधुनिक दौर में हम आध्यात्म, सफलता और सादगी की बातें तो बहुत करते हैं, लेकिन क्या सच में हम उन्हें अपने जीवन में उतार पाते हैं? प्रश्न टेढ़ा है, लेकिन जीवन को सही दिशा देने के लिए आवश्यक भी है। चलिए, एक घटना से इसे समझने का प्रयास करते हैं।


शहर के सबसे पॉश इलाके में एक प्रसिद्ध आध्यात्मिक मार्गदर्शक रहते थे जो जीवन को सरल शब्दों में समझाया करते थे। उनकी सहज शैली के कारण लोग उनके सेमिनार आयोजित करते थे और सोशल मीडिया पर भी उनके लाखों फॉलोअर्स थे। सहूलियत के लिहाज से घर से कार्यालय आने-जाने के लिए वे एक टैक्सी का इस्तेमाल करते थे। जिसका ड्राइवर पढ़ा-लिखा ना होने के बावजूद भी जीवनदर्शन, ध्यान, ईश्वर और गीता के सिद्धांतों पर उनके विचार ध्यान से सुनता था। बीतते समय के साथ इस सत्संग ने ड्राइवर को और ज़्यादा शांत, संतुलित और ईमानदार बना दिया था।


एक दिन आध्यात्मिक मार्गदर्शक ने ड्राइवर के सेवा-भाव से प्रसन्न होकर उसकी मदद करने का निर्णय लिया। विचार आते ही उन्होंने उसे अपने ऑफिस बुलाया और कहा, “मैंने अपने जीवन में बहुत कमाया है। लेकिन अब यह सब मेरे किसी काम का नहीं। मैं चाहता हूँ कि तुम यह रकम ले लो और अपने जीवन को बेहतर और आसान बनाओ। इससे तुम्हारे परिवार को सुरक्षा भी मिल जाएगी।”


कुछ क्षणों तक ड्राइवर चुपचाप उस बड़ी रकम की ओर देखता रहा, फिर हल्की मुस्कान के साथ हाथ जोड़ते हुए बोला, “सर, आपकी बातों ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। आपने ही बताया कि सच्ची शांति भीतर से आती है, बाहर की चीजों से नहीं। अगर मैं बिना मेहनत के इतना पैसा ले लूँगा, तो शायद मेरा जीवन संतुलन बिगड़ जाएगा। मेहनत की जगह आराम आ जाएगा, और धीरे-धीरे संतोष की जगह लालच आ जाएगा।” इतना कह वह एक क्षण के लिए रुका, फिर अपनी बात आगे बढ़ाते हुए बोला, “आज मैं जो भी कमाता हूँ, उसमें संतोष है और आपने ही सिखाया कि जब हम अपना कर्म ईमानदारी से करते हैं, तो ऊपर वाला खुद ध्यान रखता है। मुझे उसी पर भरोसा है। मैं अपना काम करूँगा और बाकी उस पर छोड़ दूँगा।” ड्राइवर की बातों को सुन आध्यात्मिक मार्गदर्शक आश्चर्यचकित थे। वे आज जान चुके थे कि ज्ञान देना आसान है, लेकिन उसे जीना कठिन।


दोस्तों, कहने की जरूरत ही नहीं है कि इस कहानी में जीवन का असली ज्ञान आध्यात्मिक मार्गदर्शक के पास नहीं ड्राइवर के पास था क्योंकि जो मंच पर खड़े होकर ज्ञान दे रहा वो उस ज्ञान को अपने जीवन में जी नहीं रहा था। आज हममें से कई लोग आध्यात्मिकता को शब्दों में जीते हैं, लेकिन कुछ लोग उसे अपने व्यवहार में उतारते हैं। सच्ची साधना वही है, जहाँ हमारे विचार, शब्द और कर्म एक समान हों। इसलिए ही कहा गया है कि साधना का अर्थ भगवा वस्त्र पहनना नहीं है। साधना का सही अर्थ तो, मन को संतुलित रखना, लोभ से दूर रहना और हर परिस्थिति में संतोष बनाए रखना है।


दोस्तों, जीवन हमें रोज़ अवसर देता है, सीखने का, समझने का, और खुद को बेहतर बनाने का। जरूरी नहीं कि हम बड़ी-बड़ी बातों को जानकर आध्यात्मिक बनें। अगर हम अपने छोटे-छोटे निर्णयों में ईमानदारी और संतुलन रख लें, तो भी हम सच्ची साधना कर के आध्यात्मिक बन सकते है। याद रखिएगा, ज्ञान तब तक अधूरा है, जब तक वह हमारे व्यवहार में न उतर जाए।इसलिए आज से एक छोटा सा प्रयास करें, जो आप जानते हैं, उसे जीना शुरू करें क्योंकि हमारी असली पहचान हमारे शब्दों से नहीं बल्कि हमारे जीवन जीने के तरीके से होती है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page