छोटी-छोटी बातें बढ़ाती हैं जीवन का स्वाद…
- Nirmal Bhatnagar

- 20 hours ago
- 3 min read
May 27, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन की बड़े-से-बड़ी सीख हमें छोटे-से-छोटे कार्य से मिल सकती है। सहमत ना हों तो घर की रसोई में खाना बनते हुए ध्यान से देख लीजिए। आप कुछ ही क्षणों में एक चुटकी नमक, कुछ बूंद तेल, थोड़े से मसाले और हाथ के जादू की क़ीमत समझ जाएँगे जिसकी वजह से खाद्य पदार्थ एक स्वादिष्ट डिश या भोजन का रूप ले लेता है। अब ज़रा सोच कर देखिए, अगर उस डिश में नमक थोड़ा कम हो जाए तो? या फिर मसाला जरूरत से ज्यादा हो जाए? अथवा खाना पकाने में धैर्य न रखा जाए? तो क्या भोजन में वही स्वाद बचेगा? नहीं ना! यही बात आपको जीवन का सबसे सुंदर पाठ सीखा सकती है। जी हाँ, जीवन भी बिल्कुल रसोई की तरह है। हम अक्सर सोचते हैं कि जीवन को बदलने के लिए बहुत बड़े अवसर, बड़ी उपलब्धियाँ या बड़े फैसलों की जरूरत होती है। लेकिन सच्चाई इसके उलट है, जीवन का स्वाद बड़ी बातों से नहीं बल्कि छोटी-छोटी आदतों, छोटे निर्णयों और रोज़ के व्यवहार से बनता है। चलिए एक छोटी कहानी से इसे समझने का प्रयास करते हैं -
कुछ वर्ष पूर्व एक लड़की अपनी दादी के साथ रसोई में खाना बनाना सीख रही थी। दादी ने उससे कहा, “आज तुम दाल बनाओ।” लड़की ने ख़ुशी-ख़ुशी डाल बनाना शुरू किया और जल्दी-जल्दी सब सामग्री डाल दी। कुछ देर में दाल पक गई। उसने उत्साह से दादी को दाल चखाई। दादी मुस्कुराईं और बोली, “सब कुछ डाला है… लेकिन स्वाद नहीं आया।” लड़की ने आश्चर्य से पूछा, “क्यों?” दादी ने धीरे से कहा, “क्योंकि तुमने दाल में सिर्फ सामग्री डाली है, ध्यान नहीं।” एक क्षण रुक, दादी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, “याद रखना, जीवन में भी यही होता है। लोग समय देते हैं, पैसे देते हैं, मेहनत करते हैं… लेकिन ध्यान, संवेदना और उपस्थिति नहीं देते और फिर पूछते हैं—जीवन में स्वाद क्यों नहीं है?”
दोस्तों, उस दिन लड़की को समझ आया कि रसोई सिर्फ खाना नहीं बनाती, जीवन भी समझाती है। आज हम बड़े घर चाहते हैं, लेकिन घर में बैठकर साथ खाना नहीं खाते। हम अच्छे स्कूल चाहते हैं, लेकिन बच्चों को सुनने का समय नहीं देते। हम सफलता चाहते हैं, लेकिन स्वास्थ्य के लिए दस मिनट नहीं निकालते। हम सम्मान चाहते हैं, लेकिन लोगों के प्रति सम्मान दिखाना भूल जाते हैं। हम जीवन में बड़े बदलाव चाहते हैं, लेकिन छोटी आदतें बदलना नहीं चाहते।
याद रखिए, एक धन्यवाद, एक मुस्कान, एक क्षमा, एक अतिरिक्त प्रयास, एक फोन कॉल, एक साथ बैठकर चाय पी लेना, ये देखने में छोटी बातें हैं। लेकिन यही जीवन का स्वाद बनाती हैं। जैसे भोजन में नमक दिखाई नहीं देता, लेकिन उसके बिना स्वाद नहीं आता ठीक वैसे ही जीवन में अनुशासन, संवेदनशीलता, धैर्य और प्रेम दिखाई नहीं देते, लेकिन इन्हीं से जीवन सुंदर बनता है।
दोस्तों, बहुत लोग जीवन को बदलने के लिए सही समय का इंतज़ार करते रहते हैं। लेकिन जीवन तो तब बदलता है, जब हम रोज़ थोड़ा बेहतर बनना शुरू करते हैं। आज थोड़ा कम शिकायत कीजिए। थोड़ा ज्यादा धन्यवाद दीजिए। थोड़ा कम जल्दबाज़ी कीजिए। थोड़ा ज्यादा महसूस कीजिए क्योंकि जीवन की गुणवत्ता बड़े अवसरों से नहीं, छोटे चुनावों से बनती है।
अंत में बस एक बात और कहना चाहूँगा, जब अगली बार आप रसोई में जाएँ और किसी भोजन में नमक डालें, तब खुद से एक प्रश्न पूछिएगा, “क्या मैं अपने जीवन में भी सही मात्रा में धैर्य, प्रेम और सजगता मिला रहा हूँ?” क्योंकि हमारा जीवन भी एक रेसिपी ही है और उसका स्वाद हमारे रोज़ के छोटे फैसले तय करते हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments