top of page
Search

जीवन कभी साधारण था ही नहीं !!!

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 22 hours ago
  • 3 min read

May 12, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, आज दुनिया में सुविधाएँ तो लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुकून कहीं न कहीं घटता जा रहा है। उदाहरण के लिए मोबाइल, कंप्यूटर, इंटरनेट, गाड़ियाँ आदि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक से पहले से कहीं अधिक तेज, स्मार्ट और उन्नत हो गई हैं।


यह भी कहा जा सकता है कि जीवन को आसान बनाने वाले साधन तो दिन-प्रतिदिन बेहतर होते जा रहे हैं, लेकिन इंसान भीतर से कहीं न कहीं धीमा, थका हुआ और अशांत होता जा रहा है। सहमत ना हों तो थोड़ा अपने अंदर झाँक कर देखिए, आज हम दिन भर लोगों से जुड़े रहते हैं, लेकिन खुद से कटते जा रहे हैं और शायद यही आज की सबसे बड़ी त्रासदी है।


आज लोगों के पास बातें बहुत हैं, लेकिन आपसी संवाद बहुत कम है। लोग फ़ोन, मोबाइल, व्हाट्सएप आदि पर “हैलो” तो बोलते हैं, लेकिन सच्चाई के साथ हाल नहीं पूछते। इसी तरह हर मैसेज के अंत में “टेक केयर” तो लिखते हैं, लेकिन असल ज़िंदगी में सच्चाई के साथ किसी की परवाह नहीं करते। जानते हैं क्यों? क्योंकि आज हम भाषा तो पहले के मुकाबले बहुत अच्छी तरह सीख चुकें हैं, लेकिन भाव और संवेदना की भाषा से दूर हो गए हैं या भूल गए हैं।


दोस्तों, किसी भाषा को सीखना या बोलना आसान है, लेकिन किसी मनुष्य को समझना बहुत कठिन। आज एक बच्चा अपने माता-पिता से बात करता है, लेकिन उन्हें या उनकी केयर को महसूस नहीं कर पाता। पति-पत्नी एक ही घर में रहते हैं, लेकिन एक-दूसरे की थकान, एक दूसरे की आवश्यकता को नहीं पढ़ पाते। दोस्त साथ बैठते हैं, साथ घूमते हैं, साथ समय बिताते हैं, लेकिन अगर आप ध्यान से देखेंगे तो पाएँगे कि उनका ध्यान मोबाइल में होता है। सीधे-सीधे शब्दों में कहूँ तो हम संवाद तो कर रहे हैं, लेकिन भाव के स्तर पर जुड़ नहीं रहे हैं और जब मनुष्य जुड़ना छोड़ देता है, तो धीरे-धीरे भीतर से खाली होने लगता है।


एक बात और याद रखिएगा, मनुष्य सिर्फ भोजन से नहीं जीता, वह अपनापन, ध्यान और संवेदना से भी जीवित रहता है। कई बार किसी व्यक्ति को बड़ी सलाह नहीं चाहिए होती, उसे सिर्फ कोई ऐसा चाहिए होता है जो बिना टोके उसकी बात सुन ले। कई बार टूटे हुए मन को दवा नहीं, एक सच्ची मुस्कान संभाल लेती है। लेकिन बदलाव भरे इस आधुनिक युग में बदली हुई प्राथमिकताओं की वजह से आज हम जीवन की बड़ी घटनाओं के पीछे भागते-भागते छोटे-छोटे चमत्कारों को देखना भूल गए हैं, और यही हमारी सबसे बड़ी समस्या है। आज रोजमर्रा की भागदौड़ में हमें सुबह की चाय की खुशबू महसूस नहीं होती, बरसात की पहली बूँद और मिट्टी की सौंधी महक का एहसास नहीं होता। इसी तरह माँ की आवाज़, पिता का मौन संघर्ष, छोटे बच्चे की निश्छल हँसी, या किसी अनजान व्यक्ति की छोटी-सी मदद — ये सब भावनाएँ हमसे दूर होती जा रही हैं। जिन्हें हम सामान्य बातें मानकर अनदेखा कर देते हैं, हकीकत में वही असली जीवन है। अक्सर इस बात का एहसास हमें तब होता है, जब ये चीजें हमसे दूर चली जाती हैं। तब हम समझ पाते हैं कि जिन बड़ी खुशियों के पीछे हम भाग रहे थे, वे तो रास्ते में ही बिखरी पड़ी थीं।


दोस्तों, जीवन का आनंद उन्हीं लोगों को मिलता है, जो साधारण क्षणों में भी असाधारण सुंदरता देख लेते हैं। जो सूर्योदय को सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि एक नए अवसर की तरह देखते हैं। जो किसी की आँखों में छिपा दर्द पढ़ लेते हैं। जो यह समझते हैं कि दुनिया को बदलने से पहले हमें अपने व्यवहार को संवेदनशील बनाना होगा। आज ज़रूरत सफल लोगों की कम, संवेदनशील लोगों की ज्यादा है, क्योंकि सफलता प्रभावित करती है, लेकिन संवेदना जीवन बदल देती है।


अंत में बस एक बार फिर याद दिलाना चाहूँगा कि यदि जीवन को केवल काटना नहीं, सच में जीना चाहते हैं, तो थोड़ा धीरे चलिए, थोड़ा रुकिए, और जीवन को चलचित्र की भाँति सिर्फ देखिए मत, महसूस कीजिए। क्योंकि जिस दिन आपने छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करना सीख लिया, उस दिन आपको समझ आ जाएगा कि जीवन कभी साधारण था ही नहीं।

-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page