top of page
Search

जीवन बदलने के लिए कुछ बड़ा नहीं करना पड़ता…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 3 hours ago
  • 3 min read

Apr 16, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


जीवन हमारे सामने कभी खुली किताब के समान नहीं होता, वह तो हमें रोज एक कदम आगे बढ़ने के लिए छोटे-छोटे संकेत देता है। यह संकेत कभी अनुभव, तो कभी लोगों के व्यवहार में, तो कभी हमारे भीतर उठते सवालों में छिपे होते हैं। लेकिन अक्सर इन इशारों को समझ ना पाने की वजह से हम नजरअंदाज कर देते हैं, और फिर शिकायत करते हैं कि जीवन हमें कुछ सिखाता नहीं, जो कतई सही नहीं है। जीवन तो निश्चित तौर पर हमें सिखाता है, बस हम सीखते नहीं है। 


वैसे मनचाहा जीवन जीने का एक और तरीक़ा है, आप जैसा जीवन चाहते हैं, वैसा सोचना, वैसा बनना और वैसा जीना शुरू कर दीजिए। अगर आपको अच्छी पहचान चाहिए, तो वैसा बनने का प्रयास कीजिए। जल्द ही आप पाएंगे कि जीवन आपको वैसे ही मौके देने लगा है। लेकिन अक्सर हम ऐसा करते नहीं हैं। उदाहरण के लिए हम चाहते हैं कि लोग हमें ईमानदार, समझदार, संवेदनशील और भरोसेमंद मानें, लेकिन इन गुणों को हम सच में अपने व्यवहार में नहीं उतारते। हम अक्सर “दिखने” पर ज्यादा ध्यान देते हैं, “बनने” पर नहीं। याद रखिएगा, दुनिया आपको कहे हुए शब्दों से नहीं, व्यवहार से पहचानती है।


याद रखियेगा, जीवन कभी भी एक दिन में नहीं बदलता उसे तो रोजमर्रा के जीवन में हुए छोटे-छोटे चमत्कार बदलते हैं। अक्सर हम सोचते हैं कि एक दिन कुछ बड़ा होगा, हमें एक बड़ी सफलता, एक बड़ा मौका, एक बड़ा बदलाव हाथ लगेगा और तब हमारा जीवन पूरी तरह बदल जाएगा। लेकिन यह संभव नहीं है जीवन में बदलाव तो उन छोटे-छोटे पलों से आता है, जो हमारे भीतर रोज़ कुछ नया जगाता है। कभी कोई बात हमें सोचने पर मजबूर कर देती है, कभी कोई व्यक्ति हमें नई दृष्टि दे जाता है, और कभी कोई छोटी सी घटना हमें भीतर से बदल देती है। ये ही असली “चमत्कार” हैं, जो धीरे-धीरे हमें बेहतर बनाते हैं। उदाहरण के लिए कई बार हमें लगता है कि लोग हमें परेशान कर रहे हैं, जबकि हकीकत में वे हमें परेशान नहीं, कुछ नया सिखाने का प्रयास करते हैं। इसी तरह गुस्सा दिलाने वाला इंसान, कई बार हमारा परिचय हमारी कमजोरी से कराता है और बताता है कि कहाँ धैर्य धरने की जरूरत है। इसी तरह बेचैन करने वाली परिस्थिति आपको मजबूत बनने का अवसर दे रही होती है।


इसलिए अगली बार जब कुछ आपको परेशान करे, तो तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय सोचिए कि, “यह मुझे क्या सिखाने आया है?” और अब सबसे महत्वपूर्ण बात, हम सभी के जीवन में कुछ न कुछ ऐसा होता है, जो हमें चोट पहुँचाता है। कभी वह कोई घटना होती है, तो कभी किसी के कहे शब्द या कोई रिश्ता। अगर हम उस दर्द को समय पर समझकर स्वीकार नहीं करते, तो वही दर्द हमारे व्यवहार में उतर जाता है। फिर हम अनजाने में उन लोगों को भी चोट पहुँचाने लगते हैं, जिनका उस दर्द से कोई संबंध नहीं होता। इसलिए जरूरी है कि हम अपने घावों को पहचानें, उन्हें समझें, और धीरे-धीरे उन्हें भरने का प्रयास करें क्योंकि जो व्यक्ति खुद भीतर से शांत होता है, वही दूसरों को भी शांति दे सकता है।


दोस्तों, जीवन को समझना कठिन नहीं है, बस हमें थोड़ा ठहरकर, थोड़ा ध्यान देकर उसे देखना होता है। इसलिए अच्छा दिखने की कोशिश मत कीजिए, बल्कि अच्छा बनने की कोशिश कीजिए। बड़े चमत्कारों का इंतजार मत कीजिए, बल्कि छोटे संकेतों को पहचानिए। हर परेशानी को समस्या मत समझिए, उसे सीख समझिए और अपने दर्द को दबाइए मत, उसे समझकर ख़ुद को उससे मुक्त कीजिए। याद रखिएगा दोस्तों, जीवन बदलने के लिए किसी बड़े पल की जरूरत नहीं होती, बस छोटी-छोटी समझ ही बड़ा परिवर्तन ले आती है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page