जीवन में गारंटी केवल परिवर्तन की है…
- Nirmal Bhatnagar

- 2 hours ago
- 3 min read
July 22, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, इस दुनिया का हर इंसान जीवन से एक ही अपेक्षा रखता है, ‘जीवन में सब कुछ उसकी योजना के अनुसार चले।’ याने परीक्षा में परिणाम उसके अनुसार आए, नौकरी सुरक्षित रहे, रिश्ते स्थिर रहें, स्वास्थ्य अच्छा रहे और भविष्य, उसकी कल्पना के अनुरूप ही आगे बढ़े। लेकिन हकीकत में जीवन हमारी इच्छाओं से नहीं, अपने नियमों से चलता है। इसीलिए मैं हमेशा कहता हूँ कि जीवन से यह अपेक्षा करना कि उसमें कभी कठिनाइयाँ नहीं आएँगी, वैसा ही है जैसे किसी नदी से कहना कि वह बहना बंद कर दे। नदी का स्वभाव बहना है, मौसम का स्वभाव बदलना है और जीवन का स्वभाव अनिश्चित होना है। इसलिए बुद्धिमान व्यक्ति तूफ़ानों को रोकने की कोशिश नहीं करता, बल्कि उनसे गुज़रने की तैयारी करता है। इसी तथ्य को समझाने के लिए महान दार्शनिक सेनेका ने कहा था, "Luck is what happens when preparation meets opportunity." अर्थात् जब तैयारी अवसर से मिलती है तब आपकी किस्मत बनती है।
यही बात विपरीत परिस्थितियों पर भी लागू होती है। जिसने स्वयं को तैयार किया है, वह संकट को भी अवसर में बदल देता है।याद रखिएगा, जीवन की यात्रा में कभी-न-कभी हर व्यक्ति ऐसा समय देखता है जब उसे लगता है कि वह रास्ता भटक गया है। करियर में असफलता, किसी प्रियजन का साथ छूट जाना, आर्थिक संकट या जीवन का उद्देश्य धुंधला पड़ जाना। ऐसे अनुभव लगभग हर इंसान के हिस्से आते हैं और उस वक्त उसे लगता है कि सब कुछ समाप्त हो गया है। लेकिन हकीकत में इस भटकाव से ही स्वयं को खोजने की शुरुआत होता है।
दोस्तों, इतिहास उठा कर देख लीजिए सामान्य लगने वाले लोग महान तब बने, जब जीवन ने उन्हें उनकी बनाई योजनाओं से अलग रास्ते पर चलने को मजबूर किया। ऐप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स को उनकी ही कंपनी से बाहर कर दिया गया था। उस समय यह उनके जीवन का सबसे बड़ा झटका था। बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि वही घटना उनके जीवन का सबसे रचनात्मक दौर लेकर आई। उन्होंने कहा, “You can't connect the dots looking forward; you can only connect them looking backward.” अर्थात् जीवन की कई घटनाओं का अर्थ हमें बाद में समझ आता है। जब हम कठिनाइयों से गुजरते हैं, तब हमारे भीतर धैर्य पैदा होता है, निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है और आप अपनी उन क्षमताओं को पहचान पाते हैं, जिनके बारे में आपको स्वयं को भी पता नहीं होता।
अनिश्चितता हमें डराती जरूर है, लेकिन वही हमें लचीला, परिपक्व और आत्मविश्वासी भी बनाती है। इसीलिए समस्याओं को अपने जीवन का “स्टॉप साइन” नहीं, बल्कि “मार्गदर्शक संकेत” समझिए। जिस तरह सड़क पर लगा मोड़ का संकेत हमें रोकता नहीं, केवल सावधान करता है कि आगे का रास्ता बदलने वाला है। ठीक उसी प्रकार जीवन की समस्याएँ भी हमें यह बताती हैं कि शायद अब पुराने तरीके से नहीं, बल्कि नए दृष्टिकोण से आगे बढ़ने का समय आ गया है। याद रखिएगा, हर चुनौती अपने साथ एक प्रश्न लेकर आती है, “इससे आप टूटेंगे, या कुछ नया सीखेंगे?” इस प्रश्न का उत्तर ही आपके भविष्य का निर्माण करता है।
दोस्तों, इसलिए अगली बार जब जीवन आपकी योजनाओं को बदल दे, तो घबराइएगा मत। हो सकता है, वही मोड़ आपको उस मंज़िल की ओर ले जा रहा हो, जिसकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की थी। जीवन में गारंटी केवल परिवर्तन की है। जो व्यक्ति हर परिस्थिति के लिए स्वयं को तैयार रखता है, वही अनिश्चितताओं के बीच भी अपना रास्ता बना लेता है। इसलिए हमेशा याद रखें, समस्याएँ आपकी यात्रा को रोकने नहीं, सही दिशा दिखाने आती हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments