ज्ञान वही जो सही समय पर काम आए !!!
- Nirmal Bhatnagar

- 2 days ago
- 4 min read
Aug 23, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

ज्ञान वही जो सही समय पर काम आए !!!
दोस्तों, ए.आई. के इस युग में आज जानकारी याने इनफार्मेशन हर किसी के पास है, लेकिन जानकारी का होना विजडम याने सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता का होना नहीं है। यही कारण है कि एक ही सलाह किसी के लिए साधारण लगती है, तो वही सलाह किसी दूसरे का जीवन हमेशा के लिए बदल देती है। आइए, इस बात को हम एक प्रेरक कथा से समझने का प्रयास करते हैं-
बात कई साल पुरानी है एक निर्धन व्यक्ति अपने गाँव के गुरुजी के पास पहुँचा और बड़ी विनम्रता के साथ उनसे बोला, “गुरुजी, पारिस्थितिक कारणों से मुझे बचपन में पढ़ने का मौक़ा नहीं मिला। कृपया मुझे ऐसा ज्ञान दीजिए जिससे मेरा जीवन बदल जाए।” गुरुजी ने मुस्कुराते हुए उसके निवेदन को स्वीकार करते हुए कहा, “उसके लिए तुम्हें 1 वर्ष तक आश्रम में निस्वार्थ सेवा करना होगी।” जिसे उस निर्धन व्यक्ति ने सहर्ष स्वीकार लिया।
गुरुजी ने पूरे एक वर्ष तक उसकी परीक्षा ली और अंत में उसके समर्पण और सेवा भाव से खुश होकर बोले, “वत्स मेरी इन तीन सीखों को याद रखना, तुम्हारा जीवन सफल हो जायेगा। पहली, घी शरीर के लिए अत्यंत लाभकारी है। दूसरी, राजा को रात में सोना नहीं चाहिए और तीसरी, जब कोई अपने अधिकार और मर्यादा की सीमा पार करने लगे, तो उसे समय रहते रोक देना चाहिए।” गुरुजी की बात सुन निर्धन व्यक्ति को लगा कि ये बातें तो बहुत साधारण हैं। फिर भी उसने उन्हें बेचकर धन कमाने निर्णय लिया और लोगों से इस विषय में चर्चा करने लगा। लेकिन किसी ने उसकी बातों को महत्व नहीं दिया। अंत में एक दिन वह राजा के दरबार पहुँचा और उनसे बोला, “राजन, मैं आपको ज्ञान की तीन ऐसी बातें बता सकता हूँ जो आपको एक बेहतरीन राजा के रूप में स्थापित कर देगी।”
राजा को उसकी बातें अहंकार से पूर्ण लगी लेकिन फिर भी उन्होंने उसे एक मौक़ा देते हुए कहा, “यदि तुम्हारी बातें सच निकलीं, तो तुम्हें उचित पुरस्कार मिलेगा। अब जल्दी से अपनी बात कहो।” निर्धन व्यक्ति ने उसी क्षण गुरु की बताई तीनों बातें राजा को बता दी। जिन्हें अमल में लाने के कारण कुछ ही दिनों में राजा को पहली शिक्षा सार्थक होती दिखाई दी। असल में राजा ने शुद्ध घी और व्यायाम से अपना स्वास्थ्य सुधार लिया।
पहली बात का परिवर्तन देख राजा ने दूसरी शिक्षा को अमल में लाना शुरू किया और रात को वेश बदलकर नगर का निरीक्षण करने लगा। इससे उसे कई ऐसी बातें पता लगने लगी जिनकी वजह से आमजन का जीवन और बेहतर होने लगा। इसी ताह एक रात भ्रमण करते वक्त उसे नगर-देवी से पता चला कि आधी रात को एक विषधर नाग उसे डसने आएगा और उससे बचने के लिए राजा को दूध और गन्ने के रस के दो तालाब बनवाने होंगे। राजा ने ऐसा ही किया और रात्रि को आया नाग, पहले दूध पीकर, फिर गन्ने का रस पीकर, तृप्त होकर उसने राजा को बिना डसे ही एक वरदान दिया कि, “राजन अब तुम पशु-पक्षियों की भाषा समझ पाओगे, लेकिन तुमने यदि यह रहस्य किसी को बताया, तो उसी क्षण तुम्हारी मृत्यु हो जाएगी।
कुछ दिनों बाद राजा ने भोजन करते हुए चींटी और मक्खी के बीच हुए विवाद को सुना और मुस्कुरा दिया। जिसे देख रानी ने उससे इसका कारण पूछा। लेकिन राजा को नाग की बात याद आई और वह मौन रहा। लेकिन रानी बात जानने की जिद पर अड़ गई। फिर भी जब राजा ने उसे कुछ नहीं बताया तो वह क्रोधित होकर महल छोड़ने लगी। राजा प्रेम वश उसके पीछे चल दिए। रास्ते में राजा ने एक लोमड़ को अपनी पत्नी से कहते सुना, “याद रखो, हर जिद पूरी करना प्रेम नहीं क्योंकि विवेक छोड़ दिया जाए, तो प्रेम भी विनाश का कारण बन जाता है।” इस बात ने राजा की आँखें खोल दी, वह समझ गया कि किसी प्रिय व्यक्ति की हर इच्छा पूरी करना बुद्धिमानी नहीं होती। उसने रानी की अनुचित जिद स्वीकार नहीं की और राजमहल लौट आया। इसके पश्चात उसने निर्धन व्यक्ति को भरपूर धन देकर सम्मानित किया।
दोस्तों, यह कथा हमें तीन गहरे जीवन-सूत्र सिखाती है। पहला, स्वस्थ शरीर हर सफलता की नींव है। दूसरा, जिम्मेदारी निभाने वाला व्यक्ति कभी पूरी तरह निश्चिंत नहीं सोता। वह हमेशा सजग रहता है, क्योंकि लापरवाही से अवसर भी खोते हैं और संकट भी बढ़ते हैं और तीसरा, प्रेम का अर्थ अंधा समर्पण नहीं, बल्कि विवेकपूर्ण निर्णय है। जहाँ मर्यादा और सत्य दाँव पर हों, वहाँ मौन, धैर्य और दृढ़ता ही सबसे बड़ा प्रेम बन जाते हैं।
याद रखिएगा दोस्तों, ज्ञान की महानता इस बात में नहीं कि आप कितना जानते हैं, बल्कि इस बात में है कि आप सही समय पर उसका उपयोग कितना करते हैं। साधारण दिखने वाली सीखें ही जीवन के असाधारण निर्णयों की आधारशिला बनती हैं। इसलिए जीवन में हर अनुभव, हर सलाह और हर सीख को हल्के में मत लीजिए। कौन-सी बात कब आपका भाग्य बदल दे, यह कोई नहीं जानता।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments