कहानियाँ बच्चों का चरित्र गढ़ती हैं !!!
- Nirmal Bhatnagar

- 4 hours ago
- 3 min read
Aug 21, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

आपका लक्ष्य अपने बच्चे को केवल सफल नहीं, बल्कि संस्कारवान, विनम्र और चरित्रवान बनाना है, तो उसे अच्छी शिक्षा के साथ अपना समय दीजिए और प्रतिदिन कहानी सुनाइए। क्योंकि बचपन में सुनी गई कहानियाँ केवल स्मृति का हिस्सा नहीं बनतीं, वे बच्चे के अवचेतन मन में जीवनभर के लिए मूल्य, दृष्टिकोण और निर्णय लेने का आधार बन जाती हैं। शायद इसीलिए हमारे ऋषि-मुनियों ने बच्चों को उपदेश तो कम दिए, लेकिन रामायण, महाभारत, पंचतंत्र और पुराणों की कहानियाँ अधिक सुनाईं। याद रखियेगा दोस्तों, कहानी वहाँ पहुँच जाती है, जहाँ तर्क और उपदेश अक्सर नहीं पहुँच पाते। चलिए, रावण और वानरराज बाली की कथा से जीवन को बेहतर बनाने की सीख लेते हैं-
वरदान में मिली शक्तियों और युद्ध में मिली जीतों के कारण लंका के सम्राट रावण का अहंकार इतना ज्यादा बढ़ गया था कि उसे लगने लगा था कि इस संसार में अब कोई ऐसा योद्धा नहीं बचा जो उसे पराजित कर सके। देवता उससे भय खाते थे, असुर उसकी आज्ञा मानते थे और अनेक राजा उसके सामने नतमस्तक हो चुके थे। तभी एक दिन किसी दरबारी ने उन्हें बताया कि किष्किंधा के राजा बाली भी महाबलशाली हैं और उन्हें भी कोई पराजित नहीं कर पाया है क्योंकि बाली को ऐसा वरदान प्राप्त है कि जो भी उनके सामने युद्ध करता है, उसकी आधी शक्ति स्वतः बाली में समा जाती है। यह सुनते ही रावण के अहंकार को चुनौती मिल गई। उसने निश्चय किया कि अब वह बाली को पराजित करके ही लौटेगा।
उसी वक्त रावण पुष्पक विमान से किष्किंधा पहुँचा। वहाँ उसे पता चला कि बाली समुद्र तट पर संध्या-वंदन कर रहे हैं। रावण ने सोचा, “यही सबसे अच्छा अवसर है। पूजा में लीन बाली मेरी आहट भी नहीं पहचान पाएँगे।” इस सोच के साथ वह दबे पाँव बाली के पीछे पहुँचा और उन्हें पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया। उसी क्षण बाली ने अपने हाथ को पीछे बढ़ाया और बिना पीछे देखे ही रावण को अपनी बगल में इस तरह दबा लिया जैसे कोई बलवान व्यक्ति किसी छोटे बच्चे को उठाकर ले जा रहा हो। इसमें भी सबसे आश्चर्य की बात यह थी कि बाली ने अपनी पूजा नहीं रोकी। वे शांत भाव से चारों दिशाओं याने पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर के समुद्र तटों पर जाकर अपना संध्या-वंदन करते रहे और रावण पूरी यात्रा में अपनी पूरी शक्ति लगाने के बाद भी उनकी बगल में छटपटाता रहा। संध्या वंदन पूरा होने पर बाली ने रावण को नीचे उतारा और मुस्कुराकर पूछा, “बताइए राक्षसराज, आप कौन हैं और मेरी पूजा के समय मुझे पीछे से पकड़ने का प्रयास क्यों कर रहे थे?” बाली की बात सुन रावण का सिर झुक गया और उसने स्वीकार किया कि वह युद्ध करने आया था, लेकिन अब समझ चुका है कि वास्तविक शक्ति केवल बल में नहीं होती। तब बाली ने उसे जीवन का अमूल्य संदेश दिया, “संसार में सबसे बड़ी विजय दूसरों को हराने में नहीं, बल्कि अपने अहंकार पर विजय पाने में होती है।”
सोचिए... यदि बचपन में बच्चे ऐसी कहानियाँ सुनते हुए बड़े हों, तो उन्हें विनम्र बनने के लिए अलग से प्रवचन देने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। वे स्वयं समझ जाएँगे कि अहंकार कितना बड़ा शत्रु है, संयम कितना बड़ा बल है और सच्चा विजेता वही है जो पहले स्वयं पर विजय प्राप्त करता है। याद रखियेगा, बचपन में दिलाये महंगे खिलौनों और संसाधनों से ज़्यादा बच्चे आपके साथ और आपके द्वारा सुनाई कहानियों को याद रखते हैं। इसलिए बच्चों को ऐसी कहानी सुनायें, जो उनके भीतर श्रेष्ठ जीवन-मूल्य बोए, उन्हें संस्कारवान बनाए। याद रखिएगा, एक अच्छी कहानी बच्चों का चरित्र गढ़ती हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments