पुरानी आदतें छोड़िए, नया भविष्य गढ़िए !!!

Jan 1, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

सबसे पहले आप सभी को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ।
दोस्तों, सच मानिएगा , जीवन हमें बार-बार अवसर देता है। कभी ये अवसर किसी कठिन अनुभव के बाद आते हैं, कभी किसी असफलता के बाद, और कभी बिना किसी पूर्व सूचना के, अचानक ही जीवन हमारे सामने एक नया आरंभ रख देता है। लेकिन जीवन केवल नए आरंभ से नहीं बनता। जीवन वास्तव में तब बनता है, जब हम नए आरंभ के साथ पुराने सोचने और करने के पैटर्न को दोहराने के बजाय, उनमें आवश्यक परिवर्तन लाते हैं। जब ईश्वर, जीवन या परिस्थितियाँ आपको दोबारा शुरू करने का अवसर देती हैं, तो वह केवल एक संयोग नहीं होता, वह एक ईश्वरीय कृपा होती है। इसलिए उस अवसर का सम्मान करें, पुरानी गलतियों को वहीं छोड़ दें जहाँ वे बनी थी याने अतीत में, और नए विश्वास के साथ आगे बढ़ें।
आइए, आज हम वर्ष 2026 को उपलब्धियों और आत्मविकास से भरपूर बनाने के पाँच सूत्र सीखते हैं—
1. अतीत से सीखिए, उसमें अटके मत रहिए
अक्सर हम अपने आज की जिम्मेदारी बीते हुए कल पर डाल देते हैं, “मैं गरीब परिवार में पैदा हुआ”, “मुझे पढ़ने का मौका नहीं मिला”, “जिम्मेदारियों ने मुझे रोक लिया”। लेकिन सच्चाई यह है कि कल बीत चुका है। न आप उसे बदल सकते हैं, न उसमें वापस जा सकते हैं। अतीत आपका भविष्य नहीं है, वह केवल आपका शिक्षक है। यदि आप हर नए दिन के साथ कल का बोझ उठाकर चलेंगे, तो नया आरंभ भी पुरानी कहानी बन जाएगा। सीख को साथ रखिए, पर अपराध-बोध को नहीं।
2. जीवन ‘आज’ में जीने की कला है
हम या तो बीते हुए कल पर पछताते हैं या आने वाले कल की चिंता करते हैं। इसी प्रक्रिया में हम अपना आज खो देते हैं। सच्चाई यह है कि आपके पास केवल आज है। न बीते कल पर आपका अधिकार है, न आने वाले कल पर। आज ही वह समय है जहाँ परिवर्तन संभव है, जहाँ सही निर्णय लिया जा सकता है, और जहाँ अपना सर्वश्रेष्ठ दिया जा सकता है।
3. नई शुरुआत बाहर नहीं, भीतर होती है
अक्सर हम मानते हैं कि नई शुरुआत का मतलब नई जगह, नया रिश्ता या नया काम है। लेकिन यदि भीतर वही सोच, वही डर, वही अहंकार और वही आदतें बनी रहती हैं, तो बाहर कुछ भी नया नहीं हो सकता। सच्ची नई शुरुआत तब होती है, जब आप यह निर्णय लेते हैं, अब मैं वही प्रतिक्रिया नहीं दूँगा, अब मैं वही गलती नहीं दोहराऊँगा, अब मैं अपने घावों से नहीं, अपनी समझ से जियूँगा।
4. जागरूक बनिए और अपने विराट स्वरूप को पहचानिए
यह बात थोड़ी गहरी है, लेकिन अत्यंत आवश्यक है। ज्ञान हमें सूचित करता है, लेकिन जागरूकता हमें मुक्त करती है। जब हम यह समझ लेते हैं कि हम केवल ईश्वर की बनाई एक छोटी-सी कृति नहीं, बल्कि उसी विराट सत्ता का अंश हैं, तो डर कम हो जाता है, अहंकार पिघल जाता है, और जीवन सहज हो जाता है।
5. आज का निर्णय ही आपका भविष्य बनाता है
भविष्य किसी चमत्कार से नहीं बनता। वह आज लिए गए छोटे-छोटे निर्णयों से बनता है। आज आप क्षमा चुनते हैं या क्रोध, सच चुनते हैं या सुविधा, जागरूकता चुनते हैं या आदत, यही तय करता है कि नया आरंभ सच में नया होगा या नहीं।
अंत में…
दोस्तों, ईश्वर हर दिन आपको जीवन का एक नया पन्ना देता है। उस पन्ने पर पुरानी कहानी लिखना आपकी मजबूरी नहीं है, हाँ, वह आपकी आदत हो सकती है, और आदत बदली जा सकती है। इसके लिए बस आज में जीना होगा, जागरूक बनना होगा, और आज सही करना होगा। जिस दिन आप यह समझ लेते हैं, उसी दिन से हर दिन एक नया आरंभ बन जाता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments