प्रेम, सम्मान और सुरक्षा का बंधन…
- Nirmal Bhatnagar

- Aug 10, 2025
- 3 min read
Aug 10, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, सर्वप्रथम तो भारतीय संस्कृति के एक अद्भुत और अनोखे पर्व रक्षाबंधन, जिसे हम प्यार से ‘राखी’ भी कहते हैं, की ढेर सारी बधाई। यकीनन यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं है, बल्कि यह तो आपसी प्रेम, विश्वास, त्याग और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह वह दिन है, जब भाई-बहन के बचपन की यादें, हँसी-मजाक, और साथ बिताए पलों की स्मृतियाँ ताज़ा हो जाती हैं।
दोस्तों, जैसा कि रक्षाबंधन स्वयं इसका अर्थ बताता है कि यह रक्षा का बंधन है। इस दिन बहन, अपने भाई की कलाई पर राखी याने रक्षासूत्र बांधकर यह विश्वास जताती है कि वह अपने भाई की लंबी उम्र और खुशियों के लिए प्रार्थना करती है। बदले में भाई उसे यह वचन देता है कि वह हर परिस्थिति में अपनी बहन की रक्षा करेगा और उसे हमेशा स्नेह और सम्मान देगा। यह वचन केवल बाहरी सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि भावनात्मक और मानसिक सहारे का भी प्रतीक है।
दोस्तों, यह पर्व परंपरा और संस्कृति का एक अद्भुत संगम है, जिसका उल्लेख प्राचीन कथाओं में भी मिलता है। फिर चाहे कृष्ण और द्रौपदी की कथा हो, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की रक्षा का वचन निभाया था, या फिर ऐतिहासिक प्रसंग, जिसमें मेवाड़ की रानी कर्णावती ने मुग़ल सम्राट हुमायूँ को राखी भेजकर अपने राज्य की रक्षा का आग्रह किया था। इन कहानियों से हमें यह संदेश मिलता है कि राखी का धागा केवल रिश्तेदारों तक सीमित नहीं, बल्कि यह विश्वास और भाईचारे का प्रतीक है।
दोस्तों, आजकल भले ही भाई-बहन दूर-दूर रहते हों, लेकिन तकनीक ने इस दूरी को मिटा दिया है। वीडियो कॉल, ऑनलाइन गिफ्ट और डिजिटल राखियों ने रिश्तों को बनाए रखने में नई भूमिका निभाई है। सदियों में इस दुनिया का रूप चाहे कितना भी बदल जाए, रक्षाबंधन का भाव हमेशा वही रहा है। प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के लिए हमेशा खड़े रहने के संकल्प के साथ रिश्ता निभाना।
दोस्तों, आज के आधुनिक युग में जहाँ भौतिक दूरी को तय करना तो आसान, लेकिन दिलों की दूरी को तय करना मुश्किल नजर आता है, वहाँ राखी का धागा हमें याद दिलाता है कि रिश्ते सिर्फ जन्म से नहीं, बल्कि विश्वास और भावनाओं से बनते हैं। यह दिन हमें यह भी सिखाता है कि हमें एक-दूसरे का सम्मान, सहयोग और सुरक्षा करनी चाहिए। फिर चाहे वह भाई हो, बहन हो, मित्र हो या कोई और संबंध। असली रक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सपनों, सम्मान और आत्मविश्वास की रक्षा भी है।
वैसे भी दोस्तों, भारतीय परंपरा का हर त्यौहार जीवन के लिए प्रेरणा का संदेश देता है। जैसे रक्षाबंधन के पर्व से हम सीख सकते हैं कि हमें अपने जीवन में ‘रक्षा’ और ‘बंधन’ दोनों का संतुलन बनाए रखना चाहिए। यहाँ रक्षा का अर्थ है – अपने प्रियजनों के हित, भावनाओं और गरिमा की रक्षा करना और बंधन का अर्थ है – प्रेम, विश्वास और निस्वार्थ संबंध के धागे से जीवनभर जुड़े रहना।
दोस्तों, रक्षाबंधन केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि एक भावना है, जिसे हमें जीवनभर निभाना चाहिए। जिस तरह राखी का धागा समय के साथ भी मजबूत रहता है, ठीक वैसे ही हमारे रिश्ते भी प्रेम और विश्वास के साथ मजबूत बने रहें – यही इस पर्व की असली आत्मा है। तो आइए दोस्तों, इस रक्षाबंधन पर बँधी राखी को सिर्फ धागा न मानें, बल्कि इसे अपने रिश्तों में प्रेम, सम्मान और सुरक्षा का अटूट बंधन मान, जीवन में आगे बढ़ें।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments