शिक्षक कभी साधारण नहीं होता !!!

Sep 27, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, एक शिक्षक केवल कक्षा में पाठ समझाने तक सीमित नहीं रहता, वह तो युवा मन को वास्तुकार की भाँति सँवरता है; भ्रम के क्षणों में प्रकाश देता है और भ्रम या डर के स्थान पर संभावनाओं को चुनने के लिए प्रेरित करता है। ऐसा मैं इसलिए कह रह हूँ क्योंकि बच्चे जब स्कूल आते हैं तो अपने साथ केवल किताबें नहीं, बल्कि कई सपने, असंख्य प्रश्न, अनजाने डर और ढेरों संभावनाएं भी लाते हैं। अक्सर उन्हें पता नहीं होता है कि वे किस काम में अच्छे हैं, किस दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और उनके अंदर कौन-कौन सी प्रतिभाएँ छुपी हुई हैं, जिनसे वे आने वाले समय में इस दुनिया को और बेहतर बनाने वाले हैं। ऐसे में शिक्षक ही वह व्यक्ति होता है, जो इन संभावनाओं को सबसे पहले पहचानता है।
इसलिए ही मैं हमेशा कहता हूँ, एक अच्छा शिक्षक बच्चों को केवल यह नहीं बताता कि क्या सही है; वह धीरे-धीरे उसे यह समझने में मदद करता है कि सही बातों और चीजों को कैसे चुना जाए और ऐसा करना क्यों जरूरी है। उदाहरण के लिए, जब विद्यार्थी किसी दुविधा में होता है, तो शिक्षक उसे तैयार उत्तर देने के बजाय सोचने की दिशा दिखा सकता है। जब वह असफल होता है, तो शिक्षक उसे उसकी क्षमता याद दिलाता है और जब वह सफलता प्राप्त करता है, शिक्षक उसे विनम्र बने रहने की सीख देता है।
दोस्तों, ज्ञान के साथ विवेक, क्षमता के साथ चरित्र और सफलता के साथ जिम्मेदारी विकसित करना ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। याद रखिएगा, शिक्षक का एक छोटा-सा प्रोत्साहन कई बार बच्चे की स्वयं के बारे में बनी धारणा बदल सकता है। जिस विद्यार्थी को लगता है कि वह मंच पर बोल नहीं सकता, शिक्षक उसे पहला अवसर दे सकता है। जिसे लगता है कि वह गणित में कमजोर है, शिक्षक उसे धैर्य से यह अनुभव करा सकता है कि कठिनाई और अक्षमता, दोनों अलग-अलग बात हैं। जो बच्चा बार-बार असफल हो रहा है, शिक्षक उसे यह विश्वास दिला सकता है कि यह असफलता अंतिम परिणाम और उसका आज का प्रदर्शन उसकी अंतिम क्षमता नहीं है। इसलिए ही कहते हैं, “बच्चे को उसकी ईश्वर-प्रदत्त प्रतिभाओं का एहसास कराना और उन्हें सही दिशा में उपयोग करने का साहस देना ही शिक्षक की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।”
दोस्तों, हर बच्चा डॉक्टर, इंजीनियर या किसी एक परिभाषित सफलता के साँचे में फिट होने के लिए पैदा नहीं हुआ है। किसी में नेतृत्व की क्षमता है, किसी में रचनात्मकता, किसी में करुणा, किसी में विश्लेषण की शक्ति और किसी में लोगों को जोड़ने की अद्भुत क्षमता। एक संवेदनशील शिक्षक इन प्रतिभाओं को पहचानता है और बच्चे को यह महसूस कराता है कि तुम्हारी अपनी एक विशिष्ट पहचान है। लेकिन केवल प्रतिभा पहचान लेना पर्याप्त नहीं। शिक्षक उसे ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्टता की ओर भी ले जाता है। वह बच्चे को समझाता है कि प्रतिभा अवसर दे सकती है, लेकिन चरित्र उसे टिकाए रखता है; क्षमता शुरुआत करा सकती है, लेकिन निरंतरता उसे उत्कृष्टता तक ले जाती है। इसीलिए शिक्षक को केवल गाइड कहना उसके योगदान को छोटा कर देना है। वह मार्गदर्शक भी है, प्रेरक भी; अनुशासन सिखाने वाला भी है। शिक्षक की इसी भूमिका की वजह से कहा जाता है, “बच्चा किताबों से पढ़ी सारी बातें भूल सकता है, लेकिन शिक्षक को नहीं क्योंकि शिक्षक ने ही उसके भीतर यह विश्वास जगाया था कि, “मैं कर सकता हूँ।”
याद रखिएगा दोस्तों, एक शिक्षक केवल पढ़ाई नहीं कराता, वह आने वाले कल का व्यक्तित्व गढ़ता है। इसलिए वह सामने बैठे प्रत्येक बच्चे में केवल एक विद्यार्थी नहीं, बल्कि संभावित भविष्य देखता है। इसलिए एक शिक्षक के हाथ में केवल चॉक या किताब नहीं होती, बल्कि उसके हाथ में एक युवा मन को आकार देने की जिम्मेदारी होती है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments